टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान एमएस धोनी को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब बीसीसीआई ने उन्हें सेंट्रल कांट्रैक्ट लिस्ट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इससे धोनी के संन्यास की अटकलें एक बार फिर से तेज हो गई हैं। लेकिन, इसी बीच एमएस धोनी झारखंड रणजी टीम के साथ अभ्यास करते दिखे। 38 वर्षीय एमएस धोनी ने अपनी घरेलू टीम झारखंड के साथ रांची में नेट पर जमकर अभ्यास किया।

ऐसे में माना जा रहा है कि धोनी आईपीएल की तैयारियों के लिए खुद को निखार रहे हैं। झारखंड टीम प्रबंधन के करीबी सूत्रों ने पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा कि धोनी के आने की खबर उन्हें नहीं थी। लेकिन, इस स्टार खिलाड़ी के आने से टीम के बाकी खिलाड़ियों को काफी मदद होगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि धोनी नियमित रूप से अभ्यास के लिए जाएंगे। इस दौरान धोनी अपने अभ्यास के लिये नई गेंदबाजी मशीन लेकर भी आये। झारखंड की टीम ने जहां लाल गेंद से अभ्यास किया वहीं धोनी ने सफेद गेंद से ही अभ्यास किया।

झारखंड अपना अगला मैच रांची में रविवार से उत्तराखंड के खिलाफ खेलेगी। बता दें कि धोनी ने 9 जुलाई को भारत के विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारने के बाद कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है। न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया के साथ जुड़ने की खबरें थी लेकिन टी20 सीरीज के लिए जब टीम की घोषणा हुई तो धोनी का नाम उसमें शामिल नहीं था। ऐसे में अब माना जा रहा है कि धोनी का समय पूरा हो गया है। लेकिन इसको लेकर किसी तरह का कोई आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है। (एजेंसी इनपुट के साथ)