महेंद्र सिंह धोनी की गिनती भले ही दुनिया के सफलतम क्रिकेट कप्तानों या विकेटकीपरों में होती है, लेकिन उनका फुटबॉल के प्रति प्रेम किसी से छिपा नहीं है। जब भी उन्हें मौका मिलता है वे फुटबॉल खेलने का मौका छोड़ते नहीं हैं। ताजा मामला उनका बॉलीवुड स्टार अर्जुन कपूर के साथ फुटबॉल खेलने से जुड़ा है। धोनी हाल ही में मुंबई के जुहू में एक चैरिटी मैच में अर्जुन कपूर के साथ फुटबॉल खेलते दिखे। इस मैच से होने वाली कमाई एक संस्था को दान की जाएगी।
धोनी मैच से पहले मैदान पर अभ्यास करते दिखे। उन्होंने बच्चों के साथ भी फुटबॉल खेली। धोनी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 में भारत का सेमीफाइनल में सफर खत्म होने के बाद धोनी के संन्यास लेने की खबरें आईं थीं। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने भी उन्हें वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं चुने जाने के संकेत दिए थे।
हालांकि, धोनी ने टीम का ऐलान होने से पहले ही खुद को वेस्टइंडीज दौरे के लिए अनुपलब्ध बताया था। धोनी ने कहा था कि वे क्रिकेट से दो महीने का ब्रेक लेना चाहते हैं। इस दौरान उन्होंने 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन (पैरा) के साथ रहकर ट्रेनिंग लेने की इच्छा जताई थी। धोनी की इस इच्छा को सेना ने स्वीकार भी कर लिया है। धोनी 31 जुलाई से 15 अगस्त तक कश्मीर में विक्टर फोर्स के साथ तैनात रहेंगे। धोनी वहां सेना के जवानों के साथ पेट्रोलिंग करेंगे। साथ ही गार्ड और पोस्ट पर भी ड्यूटी करेंगे।
सेना ने 2011 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया के तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि प्रदान की थी। सेना 1983 में देश को पहला विश्व कप दिलाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के तत्कालीन कप्तान कपिल देव को भी लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित कर चुकी है।