MS Dhoni New Look: महेंद्र सिंह धोनी ने सेना की ड्यूटी निभाने के लिए क्रिकेट से ब्रेक लिया था। उनकी यह ड्यूटी स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को पूरी हो गई। धोनी की सेना की ड्यूटी जरूर पूरी कर चुके हों, लेकिन वे खाली नहीं बैठे हैं। अब वे एक विज्ञापन के लिए शूटिंग करने में जुट गए हैं। खबरों की मानें तो धोनी ने 21 अगस्त को मुंबई स्थित महबूब स्टूडियो में एक एड के लिए फिल्म शूट की। इस दौरान उनकी बेटी जीवा और पत्नी साक्षी भी साथ थीं।
धोनी की हेयरस्टालिस्ट सपना मोती भवनानी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर शूटिंग के दौरान धोनी के बाल संवारने वाली फोटो भी शेयर की है। इस शूटिंग के लिए धोनी ने नया हेयरकट लिया है। इस हेयरकट में वे पहले से ज्यादा कूल नजर आ रहे हैं। एमएसधोनीऑफिशियल नाम के इंस्टाग्राम पेज पर धोनी के हेयरकट वाला वीडियो भी पोस्ट किया गया है।
धोनी ने आईसीसी विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद क्रिकेट से ब्रेक लिया था। हार के बाद उनके संन्यास लेने की अटकलों का काफी जोर था। लेकिन धोनी ने खुद ही ब्रेक लेने का ऐलान कर सभी अटकलों को विराम दे दिया था। इसके बाद धोनी ने 2 सप्ताह तक सेना के साथ जम्मू-कश्मीर में समय बिताया।
इस दौरान उन्होंने विक्टर फोर्स का हिस्सा बनकर पैट्रोलिंग, गार्ड और पोस्ट ड्यूटी जैसी जिम्मेदारी भी निभाई। वे आतंकवाद प्रभावित इलाकों में अपने साथ 19 किलो का साजोसामान लेकर भी चले। उन्होंने एके-47, राइफल, बुलेटप्रुफ जैकेट और ग्रेनेड के साथ गश्त की। वे अफसरों के साथ नहीं, बल्कि 60 सैनिकों के साथ अपनी बैरक में रहे। वे जिस बटालियन में तैनात थे वह मिले-जुले सैनिकों की यूनिट है। उसमें देश के हर इलाके से आए करीब 700 जवान तैनात हैं।
[bc_video video_id=”6075159425001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
उनकी एक पोस्ट बहुत वायरल हुई थी, जिसमें वे अपने जूते खुद पॉलिश करते दिख रहे थे। सेना की ड्यूटी निभाने के दौरान उनकी अन्य कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं थीं। एक तस्वीर में सेना की यूनिफॉर्म पहने वे एक बैट पर अपने हस्ताक्षर कर रहे थे। धोनी जिसे ऑटोग्राफ दे रहे थे, वे भी सेना की वर्दी में थे। धोनी को भारतीय सेना ने लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि प्रदान की है।
