महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) अपने क्रिकेट करियर में कई गेंदबाजों के लिए बुरा सपना साबित हुए हैं। वे इस खेल के बेस्ट फिनिशर कहे जाते हैं। वे टीम इंडिया और आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए कई सालों से मैच खत्म करते आ रहे हैं। धोनी जब क्रीज पर होते हैं तो बल्लेबाजी करने वाली टीम के जीतने की संभावना बनी रहती है। यहां तक कि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन ने भी इसकी पुष्टि की और सोशल मीडिया पर इसे स्वीकार किया।

हाल ही में एक फैन ने मिशेल मैक्लेनाघन से धोनी के बारे में एक सवाल किया। फैन ने मिशेल से कहा कि धोनी के बारे में कुछ शब्द कहिए। इस पर उन्होंने मजेदार जबाव दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दिग्गज के खिलाफ गेंदबाजी नहीं करना अच्छा है। मैक्लेनाघन ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘उन्हें गेंदबाजी नहीं करनी चाहिए।’ मैक्लेनाघन ने आईपीएल में धोनी के खिलाफ कई बार गेंदबाजी की है। पूर्व भारतीय कप्तान ने उनकी जमकर धुनाई भी की है।
IPL 2020: टूर्नामेंट रद्द होने से MS Dhoni का करियर हो सकता है खत्म, हार्दिक पंड्या और शिखर धवन की वापसी भी होगी मुश्किल
मैक्लेनाघन आईपीएल में मुंबई इंडियंस और धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हैं। दोनों ही टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमें हैं। मुंबई 4 तो चेन्नई 3 बार चैंपियन बना है। मुंबई ने चारों खिताब रोहित शर्मा और चेन्नई ने धोनी की कप्तानी में जीते हैं। दोनों टीमों के बीच होने वाले मुकाबले को आईपीएल का ‘एल-क्लासिको’ कहा जाता है। फुटबॉल में एल-क्लासिको मुकाबला स्पेन के क्लब बार्सिलोना और रियाल मैड्रिड के बीच होता है।

धोनी हाल ही में IPL के 13वें सीजन की तैयारियों के लिए चेन्नई में थे। उन्होंने वहां बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग का अभ्यास किया। 38 साल के धोनी न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप 2019 के सेमीफाइनल में पिछली बार खेले थे। उसके बाद उन्होंने पेशेवर क्रिकेट से ब्रेक लिया है। धोनी की वापसी इस आईपीएल से होनी वाली है। फिलहाल कोरोनावायरस के कारण सीजन को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। फैंस को उम्मीद है कि हालात ठीक होने के बाद टूर्नामेंट को आयोजित किया जाएगा और वे माही को खेलते देख पाएंगे।