इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में 7 अक्टूबर को चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक और कीर्तिमान अपने नाम किया। वह आईपीएल में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा कैच लेने के मामले में दिनेश कार्तिक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए। धोनी और कार्तीक दोनों के नाम अब 104-104 कैच हैं।

हालांकि, मैच के दौरान एक समय धोनी थोड़ी देर के लिए नंबर वन पर पहुंच गए थे, लेकिन चेन्नई की पारी के दौरान कार्तिक ने फाफ डुप्लेसी का कैच पकड़कर उनकी बराबरी कर ली। बता दें कि धोनी ने इसी रविवार यानी 4 अक्टूबर को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मुकाबले में आईपील का 100वां कैच लपका था। 7 अक्टूबर को अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए मैच में धोनी ने 4 कैच लपके और एक रन आउट किया। इसके साथ ही आईपीएल में उनके नाम बतौर विकेटकीपर 104 कैच दर्ज हो गए।

मैच के बाद दिनेश कार्तिक के भी 104 कैच हो गए। इन दोनों के बाद 66 कैच के साथ रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के पार्थिव पटेल तीसरे नंबर पर हैं। चौथे स्थान पर नमन ओझा हैं। नमन ने बतौर विकेटकीपर 65 कैच लपके हैं। पांचवे स्थान पर भी भारतीय विकेटकीपर का ही कब्जा है। राजस्थान रॉयल्स के रॉबिन उथप्पा 58 कैच के साथ इस सूची में पांचवें पायदान पर काबिज हैं।

धोनी ने 20वें ओवर में ड्वेन ब्रावो की गेंद पर शिवम मावी का कैच पकड़ यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। आईपीएल में सबसे अधिक स्टंपिंग करने वाले विकेटकीपर की बात की जाए, तो उसमें भी धोनी प्रथम स्थान पर काबिज हैं। उनके नाम सबसे अधिक 39 बार स्टंप आउट करने का रिकॉर्ड दर्ज है। इस मामले में भी दिनेश कार्तिक दूसरे नंबर पर काबिज हैं। कार्तिक ने अब तक 30 बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया है।

आईपीएल में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले विकेटकीपर

विकेटकीपरकैच
महेंद्र सिंह धोनी104
दिनेश कार्तिक104
पार्थिव पटेल66
नमन ओझा65
रॉबिन उथप्पा58

इनमें से धोनी ने एक ऐसा कैच पकड़ा, जिसके कारण माही की काफी तारीफ हो रही है। मैच का आखिरी ओवर था। कोलकाता के शिवम मावी क्रीज पर थे। ड्वेन ब्रावो गेंदबाजी कर रहे थे। धोनी ने एक हाथ का दस्ताना उतार दिया था। इसी बीच शिवम मावी ने शॉट खेला, लेकिन वह गेंद उछल गई। धोनी ने गेंद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह छिटक गई। हालांकि, धोनी ने दूसरे प्रयास में कैच पकड़ लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। लोग कह रहे हैं कि शेर बूढ़ा हो जाए, लेकिन शिकार करना नहीं भूलता।

आईपीएल में इसके अतिरिक्त भी धोनी के नाम कई उपलब्धियां दर्ज हैं। 2008 में शुरू हुए आईपीएल में सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड भी इन्हीं के नाम है। उनके बाद रोहित शर्मा और सुरेश रैना का नाम आता है। इन दोनों ने अब तक क्रमशः 194 और 193 आईपीएल मुकाबले खेले हैं। मुंबई के बाद तीन बार आईपीएल खिताब जीतने का रिकॉर्ड भी कप्तान धोनी के नाम है। इसी के साथ सबसे अधिक छक्के लगाने वाले भारतीयों में भी वह पहले पायदान पर मौजूद हैं।