ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में भारत के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की। विकेटों के लिहाज से ऑस्ट्रेलिया की भारत के खिलाफ यह सबसे बड़ी जीत रही। पहले वनडे में ऋषभ पंत के पास शानदार प्रदर्शन करने का मौका था, लेकिन दुर्भाग्य से पैट कमिंस की गेंद उनके हेलमेट से टकराने के बाद फील्डर के हाथों में पहुंच गई और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। चोट इतनी गंभीर है कि राजकोट में होने वाले दूसरे वनडे से भी ऋषभ पंत बाहर हो गए हैं। ऐसे में इंडियन क्रिकेट टीम के फैंस को फिर से महेंद्र सिंह धोनी की याद सताने लगी है। वहीं, टीम मैनेजमेंट की ओर से अब तक कोई ऐलान नहीं किए जाने के कारण उनकी वापसी को लेकर अब तक संशय बना हुआ है।

हालांकि, इन सब चिंताओं से दूर महेंद्र सिंह धोनी छुट्टियों का भरपूर मजा ले रहे हैं। गाहे-बगाहे उनकी मस्ती करती तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इस बीच, एक और तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में महेंद्र सिंह धोनी गृहनगर रांची स्थित झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (Jharkhand State Cricket Association) के स्टेडियम में निशानेबाजी का अभ्यास करते दिख रहे हैं।

इस तस्वीर में महेंद्र सिंह धोनी पिस्टल लेकर शूटिंग करते दिख रहे हैं। तस्वीर में महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) बाकायदा निशानेबाजों की तरह पॉजीशन लेकर शूटिंग करते दिख रहे हैं। फैंस को उनकी यह तस्वीर बहुत रास आ रही है। हालांकि, वे यह सवाल उठाने से नहीं चूक रहे हैं कि धोनी क्रिकेट का अभ्यास किया या नहीं? अगर नहीं किया तो क्यों नहीं किया? या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वे कब वापसी कर रहे हैं?

झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम की शूटिंग रेंज में महेंद्र सिंह धोनी की निशानेबाजी का अभ्यास करती यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।

बता दें कि पिछले साल इंग्लैंड में खेले गए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के बाद से महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का अभियान सेमीफाइनल में खत्म हो गया था। बारिश से प्रभावित उस सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान किया। इस टीम में भी धोनी का नाम नहीं था। चयन समिति ने हालांकि, अभी वनडे टीम का ऐलान नहीं किया है, ऐसे में फैंस को इंतजार है कि संभवतः उस टीम में धोनी का नाम शामिल होगा।