राइजिंग पुणे सुपरजाएंट की टीम ने आईपीएल 2017 के फाइनल में स्थान पक्का कर लिया है। गत मंगलवार को पुणे ने पहले क्वालीफायर मुकाबले में मुंबई इंडियंस को उसके घर वानखेड़े स्टेडियम में हुए मुकाबले में 20 रनों से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी बल्लेबाजी और वा​शिंगटन सुंदर ने अपनी गेंदबाजी का जौहर दिखाया, जिसके दम पर पुणे ने पहले बल्लेबाजी के लिए एक मुश्किल पिच पर मुंबई के सामने 162 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। उसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने रोहित शर्मा, कीरोन पोलार्ड और अंबाती रायुडू का विकेट चटकाकर अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मैच में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट की शुरुआत बेहद खराब रही और हर मैच में पुणे के लिए बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले राहुल त्रिपाठी बिना खाता खोले पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए।

इसके बाद अजिंक्य रहाणे ने मनोज तिवारी के साथ मिलकर दूसरे विकेट लिए 80 रनों की साझेदारी की। अजिंक्य रहाणे 56 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए लेकिन जल्द ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए महेंद्र सिंह धोनी आए। धोनी और मनोज तिवारी ने गेंदबाजों के अनुकूल पिच पर धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। इसके बाद मिशेल मैक्कलैनैघन के 19वें ओवर में महेंद्र सिंह धोनी ने मनोज तिवारी के साथ मिलकर 26 रन बटोरे। जसप्रीत बुमराह के पारी के 20वें ओवर में महेंद्र सिंह धोनी ने दो छक्कों की मदद से 15 रन जुटा लिए। पुणे ने आखिरी के दो ओवर में 41 रन बनाए। महेंद्र सिंह धोनी 5 छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर नाबाद रहे। मनोज तिवारी पारी की आखिरी गेंद पर 58 रन बनाकर रन आउट हुए।

https://twitter.com/hvgoenka/status/864550926748659714

आईपीएल के लीग चरण में कई मौकों पर राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के मालिक संजीव गोयनका के भाई हर्ष गोयनका ने महेंद्र सिंह धोनी के बल्लेबाजी आंकड़ों की तुलना टीम के अन्य खिलाड़ियो से करते हुए ट्वीट किए और भारत के सबसे सफल कप्तान के अपर कटाक्ष भी किया। एक ट्वीट में तो हर्ष गोयनका ने स्टीव स्मि​थ को एमएस धोनी से बेहतर कप्तान बता दिया था। लेकिन, पहले क्वालीफायर मुकाबले में अहम मौके पर खेले गई एमएस धोनी की बहुमल्य पारी के सम्मान में संजीव गोयनका और हर्ष गोयनका वानखेड़े स्टेडियम में खड़े होकर ताली बजाते हुए नज़र आए। मैच खत्म होने के बाद हर्ष गोयनका ने ट्वीट करते हुए महेंद्र सिंह धोनी और वाशिंगटन सुंदर के प्रदर्शन की तारीफ की। साथ उन्होंने स्टीव स्मिथ की कप्तानी को भी सराहा।