महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट में जितना बड़ा नाम है उनका दिल भी उतना ही बड़ा है। मैदान पर क्रिकेट से और मैदान के बाहर धोनी अपनी सादगी से फैंस के दिलों पर राज करते हैं। धोनी भले ही सोशल मीडिया से दूर रहते हों लेकिन उनकी दरियादिली के किस्से फैंस तक पहुंच ही जाते हैं।

सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल है जिसे देखकर यह पता चलता है कि धोनी कामयाबी के शिखर पर पहुंचकर भी उन लोगों को नहीं भूले हैं जिन्होंने मुश्किल समय में उनकी मदद की।

मुश्किल में धोनी की थी मदद

इस वीडियो में एक दुकानदार धोनी के बारे बात करते हुए कहते हैं कि साल 1999 में यह स्टार खिलाड़ी अपना नाम बनाने के लिए संघर्ष कर रहा था। उस समय इस दुकानदार ने धोनी को किट बैग देकर उनकी मदद की। धोनी ने कुछ साल बाद टीम इंडिया में डेब्यू किया और और फिर सफलता की सीढ़ी चढ़ते रहे लेकिन वह उस दुकानदार को नहीं भूले।

धोनी ने वर्ल्ड कप में उतारा कर्ज

साल 2019 में इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप से पहले धोनी ने उसी दुकानदार को संपर्क किया और उनसे स्टिकर लगे हुए बैट भेजने को कहा। दुकानदार ने बताया कि उन्होंने धोनी को इसके बदले पैसे की पेशकश की थी। पूर्व कप्तान से साफ मना कर दिया। दुकानदार ने धोनी की पत्नी, करीबी दोस्त और सीए से भी बात की। सभी ने धोनी से पैसे लेने की बात कही हालांकि दिग्गज खिलाड़ी अड़ गया कि यह उनका आखिरी फैसला है। धोनी ने करोड़ों का करार छोड़कर मुफ्त में उसी दुकान के स्टिकर लगे बल्ले से मैच खेले।

फैंस को भाती है धोनी की सादगी

धोनी अपने संघर्ष के समय के दोस्तों के आज भी करीब हैं। वह किसी भी वैकेशन पर जाएं, उनके घर पर कोई प्रोग्राम हो, धोनी के दोस्त हर जगह उनके साथ नजर आते हैं। धोनी ग्लैमर और बड़े शहरों को छोड़कर रांची में अपने परिवार के साथ शांति से रहना पसंद करते हैं। धोनी की यही सादगी लोगों को उनका मुरीद बना देती है।