भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मैच विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के गृहनगर रांची में खेला जाना है। 8 मार्च को खेले जाने वाले इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें बुधवार को रांची पहुंच चुकी हैं। अब जब टीम पूर्व कप्तान के गृहनगर आई है तो उनका स्वागत तो बनता है। धोनी ने रांची के अपने फार्म हाउस पर पूरी भारतीय क्रिकेट टीम को डिनर पर आमंत्रित किया। शहर से करीब 10 किलो मीटर दूर इस फार्महाउस में भारतीय खिलाड़ियों ने जमकर मस्ती की। धोनी की इस डिनर पार्टी में कप्तान विराट कोहली, कोच रवि शास्त्री समेत सारे भारतीय खिलाड़ी पहुंचे।
ये पहली बार नहीं है धोनी ने ऐसा किया हो। जब भी रांची में मैच होता है धोनी टीम को अपने घर में लंच या डिनर के लिए आमंत्रित करते हैं। बुधवार को जब टीम रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची तो एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में क्रिकेट फैन्स अपने चहेते क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। खास कर जब लोकल बॉय धोनी एयरपोर्ट से बाहर निकले तो लोग माही-माही के नारे लगाते नजर आए और अपने ‘हीरो’ का गर्मजोशी से स्वागत किया। धोनी एयरपोर्ट से सीधे अपने सिमलिया स्थित घर के लिए निकल गए। धोनी के साथ केदार जाधव और ऋषभ पंत भी थे।
बता दें इस मैच के लिए झारखंड राज्य क्रिकेट संघ ने खास तैयारियां की हैं। संघ ने जेएससीए स्टेडियम के पवेलियन का नाम इस महान खिलाड़ी के नाम पर रखने का फैसला किया है। दोनों देशों के बीच खेली जा रही पांच मैचों की इस सीरीज में भारत ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। इस सीरीज के पहले दो मैच हैदराबाद और नागपुर में खेले गए थे। दोनों मैचों में भारत ऑस्ट्रेलिया पर भरी पड़ा है। अगर रांची में होने वाला वनडे मैच भारत जीत जाता है तो भारत ये सीरीज अपने नाम कर लेगा। इस से पहले खेली गई 2 मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था।

