रफ्तार के खेल देखने में जितना रोमांचक होता है इस खेल में उतना ही जोखिम भी होता है। चाहे एफ1 रेस हो या मोटो जीपी, हादसे की आशंका हमेशा रहती है। ऐसा ही कुछ MotoGP कैटलन ग्रांप्री में भी हुआ जहां कई बाइक टकरा गई और वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी घायल हो गया। हादसे का वीडियो देखकर आप कांप जाएंगे।

पहली लैप में हुआ हादसा

मोटो जीपी कैटलन ग्रांप्री की रेस शुरू हुई तो सबकुछ आम दिख रहा था। पहले लैप में खिलाड़ी एक-दूसरे को पछाड़ने की कोशिश में लगे हुए थे। तभी एक मोड़ पर वर्ल्ड चैंपियन फ्रांसेस्को का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक से बाहर गिर पड़े। वहीं पीछे से आ रहा एक राइडर उनके पैर को कुचलकर आगे निकल गया। एक बाद एक छह बाइक टकरा गई।

बुरी तरह घायल हुए फ्रांसेस्को

इस हादसे में वर्ल्ड चैंपियन फ्रांसेस्को बुरी तरह घायल हो गए। फ्रांसेस्को की हालत उस समय इतनी खराब थी कि उन्हें स्ट्रेचर पर लेटाकर बाहर ले जाया गया। मोटो जीपी के मेडिकल डायरेक्टर ने इटली के इस स्टार राइडर का हेल्थ अपडेट दिया और बताया कि फ्रांसेस्को की चोटें ज्यादा गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा, ‘हमने चोट की जगह के एक्स-रे लिए हैं और हमें एक छोटी चोट के बारे में पता चला। इसके बाद उन्हें सीटी स्कैन के लिए भेज दिया गया। वह होश में हैं और सब ठीक है।’

वीडियो हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो वायरल हो गया जिसके बाद परेशान फैंस फ्रांसेस्को की सलामती की दुआ करने लगे। फ्रांसेस्को इस क्रैश से पहले चैंपियनशिप में 66 अंक आगे थे। वह मौजूदा समय में इस खेल के सबसे बड़े सुपरस्टार हैं। उन्होंने पिछले साल मोटो जीपी, 2018 में मोटो 2 वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती है। उनका लक्ष्य मोटो 3 वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतना है जो कि वह अब तक नहीं कर पाए हैं।