कोरोनावायरस के कारण दुनिया के लगभग सभी खेलों के टूर्नामेंट को स्थगित या रद्द कर दिया गया है। कई खिलाड़ी भी इसके चपेट में आ रहे हैं। इनमें से ज्यादा मामले स्पेन और इटली से सामने आ रहे हैं। हाल ही में इटली के क्लब युवेंटस के स्टार फुटबॉलर पॉल डाइबाला भी कोरोनावायरस पॉजिटिव पाए गए थे। अब एक और बुरी खबर फुटबॉलर जगत से ही सामने आई है। यह यूरोप नहीं अफ्रीका से है। वहां के स्टार फुटबॉलर मोहम्मद फराह की कोरोनावायरस के कारण मौत हो गई है।
फराह के मौत की जानकारी कॉनफेडरेशन ऑफ अफ्रीकन फुटबॉल (CAF) और सोमाली फुटबॉल फेडरेशन (SFF) ने दी। वे इंग्लैंड की राजधानी लंदन के नॉर्थवेस्ट लंदन हॉस्पिटल में भर्ती थे। उनकी उम्र 59 साल थी। फराह सोमालिया के यूथ एंड स्पोर्ट्स मिनिस्टर के एडवाइजर थे। उनका जन्म सिटी ऑफ बेलेडवेयने में 15 फरवरी 1961 को हुआ था। यह सोमालिया की राजधानी मोगादिशु से 342 किलोमीटर नॉर्थ में है।
फराह कोरोनावायरस के कारण जान गंवाने वाले पहले अफ्रीकी फुटबॉल स्टार हैं। इस वायरस के कारण अब तक दुनिया भर में 21 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। फराह ने 1976 में फुटबॉल करियर की शुरुआत की। सबसे पहले वे नेशनल स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट में थे। इसके बाद 1979 में क्षेत्रीय स्तर पर उन्हें खेलने का मौका मिला। वहां पर बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद फराह को बाटरूल्का फुटबॉल क्लब में जगह मिली। यहां वे 1980 तक खेलते रहे।
कोरोनावायरस के कारण दुनिया के 195 देशों के लोग परेशान हैं। अब तक 21 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है तो 4 लाख 60 हजार से ज्यादा लोग इससे संक्रमित है। इस बिमारी से ठीक होने वाली की संख्या तकरीबन 1 लाख 14 हजार है। दुनिया की एक तिहाई आबादी कोरोनावायरस के कारण लॉकडाउन है। भारत में 130 तो इटली में 6 करोड़ लोग घरों में बंद हैं।