ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अवॉर्ड्स में पहली बार एलन बॉर्डर पदक मिला है। जबकि महिला क्रिकेटर एश्ले गार्डनर बेलिंडा क्लार्क पुरस्कार जीतने वाली पहली देशज क्रिकेटर बन गई हैं। स्टार्क को खेल के तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन के लिए ये पुरस्कार दिया गया है। वह 22 साल में यह पुरस्कार जीतने वाले पांचवें गेंदबाज बने हैं।

दूसरी तरफ एश्ले गार्डनर ने भी पहली बार यह पुरस्कार जीता है। वह ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट में सर्वोच्च पुरस्कार जीतने वाली पहली देशज खिलाड़ी बन गई हैं। गार्डनर ने कहा,‘‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह पुरस्कार जीतूंगी। जब इसकी घोषणा हुई तो मैं हैरान रह गई। मैं अभी भी स्तब्ध हूं। यह पुरस्कार पाने वाली पहली देशज खिलाड़ी बनना मेरे ही नहीं बल्कि मेरे परिवार और समाज के लिए बड़ी बात है।’’

इस पुरस्कार के लिए खिलाड़ियों का चयन 2021-22 के लिए वोटिंग प्रक्रिया से हुआ। इसके लिए खिलाड़ियों, अंपायरों और मीडिया प्रतिनिधियों ने साल भर मतदान किया। इसकी घोषणा यहां महिला एशेज टेस्ट में लंच के दौरान की गई। वहीं पुरूष वर्ग में स्टार्क ने मिशेल मार्श को एक वोट से पछाड़ा। स्टार्क ने पूरे साल तीनों प्रारूपों में 43 विकेट लिए।

ये पुरस्कार मिलने के बाद मिशेल स्टार्क ने कहा कि,‘‘मैं समझ नहीं पा रहा कि क्या कहूं। यह बहुत बड़ा सरप्राइज है। पहले जो जीत चुके हैं, उनकी सूची देखने के बाद मैं अभिभूत हूं। बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।’’ आपको बता दें कि स्टार्क को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर भी चुना गया।

उनसे पहले पिछले 22 साल में यह पुरस्कार पाने वाले तेज गेंदबाजों की लिस्ट में पैट कमिंस, मिशेल जॉनसन, ब्रेट ली और ग्लेन मैकग्रा शामिल हैं। वहीं स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज और मिशेल स्टार्क की पत्नी एलिसा हीली को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे क्रिकेटर का पुरस्कार तीसरी बार मिला है। साथ ही मिशेल मार्श को सर्वश्रेष्ठ पुरुष टी20 क्रिकेटर चुना गया है।

महिलाओं में बेथ मूनी को लगातार दूसरे साल सर्वश्रेष्ठ टी20 क्रिकेटर चुना गया । इसके अलावा हाल ही में एशेज में कमाल करने वाले ट्रेविस हेड को सर्वश्रेष्ठ पुरुष टेस्ट क्रिकेटर चुना गया। हेड ने एशेज श्रृंखला में दो शतक लगाए थे। वह सर्वश्रेष्ठ घरेलू क्रिकेटर भी बने हैं।