Maria Sharapova Retires: रूस की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा ने आज यानी 26 फरवरी 2020 को संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने अपने करियर में कुल 5 ग्रैंड स्लैम जीते थे। शारापोवा ने 32 साल की उम्र में टेनिस को अलविदा कहा है। उन्होंने इसकी जानकारी वोग एंड वेनिटी फेयर मैगजीन के एक आर्टिकल में दी। शारापोवा ने कहा, मैं टेनिस को गुडबाय कर रही हूं। टेनिस में 28 साल बिताने और 5 ग्रैंड स्लैम टाइटल जीतने के बाद अगले पड़ाव के लिए तैयार हूं।
शारापोवा ने 2012 में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था। वे 2004 में पहली बार विम्बलडन क्वीन बनी थीं। तब वे महज 17 साल की थीं। इसके बाद 2006 में यूएस ओपन, 2008 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीती थीं। उन्होंने 2012 में फ्रेंच ओपन जीतकर अपना करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था। शारापोवा इसके बाद सिर्फ एक ग्रैंड स्लैम 2014 (फ्रेंच ओपन) में जीत पाई थीं।
After 28 years and five Grand Slams, @MariaSharapova is stepping away from tennis. Sharapova sat down exclusively with Vogue and @VanityFair to discuss her decision. https://t.co/KLUlFnMDAm
— Vogue Magazine (@voguemagazine) February 26, 2020
शारापोवा सबसे कम उम्र में विम्बलडन जीतने वाली तीसरी युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने 17 साल की उम्र में 2004 में यह कीर्तिमान स्थापित किया था। वे 2005 में पहली बार डब्ल्यूटीए रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंची थीं।
अगले साल ही वे यूएस ओपन चैम्पियन बनी थीं। शारापोवा ने कहा, मेरी सफलता के पीछे एक ही राज है कि मैंने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा और कभी भी आगे के बारे में चिंता नहीं की।
शारापोवा की मौजूदा डब्ल्यूटीए रैंकिंग 373 है। वे 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के दौरान ड्रग्स टेस्ट में फेल रही थीं। इसके बाद उन पर 15 महीने का प्रतिबंध लगा था। उन्होंने ड्रग्स लेने की बात खुद ही स्वीकार ली थी।
पिछले कई साल से शारापोवा कंधे की चोट से जूझ रही थीं। चोट के बाद उन्होंने वापसी की, लेकिन ज्यादा मैच जीतने में कामयाब नहीं हो पाईं। वे पिछले साल विम्बलडन, यूएस ओपन और ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले राउंड में ही बाहर हो गई थीं।