Asian Cup Table Tennis: भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने थाइलैंड की राजधानी बैंकाक में 19 नवंबर 2022 को इतिहास रचा। मनिका आईटीटीएफ एटीटीयू एशियन कप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी बन गईं। मनिका बत्रा ने दुनिया की छठे नंबर की खिलाड़ी जापान की हिना हायाता को प्लेऑफ में हराकर कांस्य पदक जीता। मनिका इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला भी हैं।
दुनिया की 44वें नंबर की खिलाड़ी मनिका ने हयाता को 11-6, 6-11, 11-7, 12-10, 4-11, 11-2 से हराया। इस जीत के साथ उन्हें कांस्य पदक के साथ 10,000 डॉलर भी मिलेंगे। इससे पहले मनिका बत्रा को सेमीफाइनल में जापान की चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मीमा इतो से हार का सामना करना पड़ा था। मनिका दुनिया की 5वें नंबर की टेबल टेनिस खिलाड़ी मीमा इतो से 8-11 11-7 7-11 6-11 11-8 7-11 (2-4) से हार गईं थीं।
विश्व रैंकिंग में 44वें नंबर की टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की अपने से बेहतर रैंकिंग की चेन सू यू को 4-3 से हराया था। मनिका ने एशियन कप के 39 साल के इतिहास में भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड अपने नाम सुनिश्चित किया।
इससे पहले 2015 में अचंता शरत कमल और 2019 में जी साथियान छठे स्थान पर रहे थे। इस शीर्ष भारतीय खिलाड़ी ने इससे पहले चीन की दुनिया में सातवें नंबर की चेन जिंगटोंग को उलटफेर का शिकार बनाया था। दो लाख डॉलर इनामी एशियन कप में विश्व रैंकिंग और क्वालिफिकेशन के आधार पर महाद्वीप के पुरुष और महिला वर्ग में चोटी के 16 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
लीड खोने के बाद मनिका ने जीता था मुकाबला
शुक्रवार 18 नवंबर 2022 को चीनी ताइपे की चेन सू-यू के खिलाफ मैच में मनिका बत्रा ने 3-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन अगले दो गेम हार गईं। इसके बाद डिसाइडर (निर्णायक मुकाबले) में 11-9 से जीत हासिल की।
जीत के बाद मनिका ने कहा था, ‘वह (सू-यू) एक महान खिलाड़ी है। मैं हाल ही में विश्व टीम चैंपियनशिप में उनसे हार गई थी, लेकिन इस बार मैंने अपनी रणनीति बदली। मुझे इसका फायदा मिला। आज की जीत ने मुझे आत्मविश्वास दिया है।’
मनिका बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में नहीं कर पाईं थीं अपेक्षानुरुप प्रदर्शन
मनिका बत्रा इस साल बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में वह फॉर्म में नहीं दिखी थीं। चीन के चेंग्दू में अक्टूबर में हुई विश्व टेबल टेनिस टीम चैंपियनशिप में भी मनिका का प्रदर्शन बेहद खराब था। मकाओ में डब्ल्यूटीटी चैंपियंस टूर्नामेंट में भी मनिका लय नहीं हासिल कर पाईं थीं।
मनिका बत्रा ने 2018 में गोल्डकोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में दो स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीते थी। सितंबर 2022 में राष्ट्रीय खेलों के सेमीफाइल में सुतीर्था मुखर्जी के हाथों मनिका की हार उनकी खराब फॉर्म का एक और संकेत था। हालांकि, पिछले दो दिन में मनिका बत्रा ने अपना पुराना जलवा दिखाया।