भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल तो अपने खेल और मजाकिया अंदाज के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। वहीं उनकी पत्नाी धनश्री वर्मा अपने डांस मूव्स के लिए मशहूर हैं। धनश्री अक्सर अलग-अलग सेलिब्रिटीज, क्रिकेटर समेत कई लोगों के साथ डांस वीडियो शेयर करती रहती हैं। इसी कड़ी में उन्होंने मशहूर अभिनेत्री और अपने डांस के लिए प्रसिद्ध माधुरी दीक्षित के साथ वीडियो शेयर किया है।

धनश्री वर्मा ने अपने नए डांस वीडियो में दिग्गज डांसर माधुरी दीक्षित के साथ मूव्स दिखाए हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर करते हुए उसके कैप्शन में, लाइफटाइम मोटिवेशन लिखा। धनश्री के इस वीडियो को कुछ ही देर में लाखों लोगों ने पसंद किया। अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी उनके पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए इसे लाइक किया।

धनश्री वर्मा पेशे से एक कोरियोग्राफर और डांसर के अलावा एक डेंटिस्ट भी हैं। साल 2020 में लॉकडाउन के दौरान उनसे डांस सीखते-सीखते भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल उन्हें दिल दे बैठे थे। फिर इसी साल के अंत में दोनों ने शादी भी कर ली थी। अब धनश्री वर्मा अपने नाम से एक डांस कंपनी चलाती हैं। अक्सर उनके डांस वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं।

चहल का ऐसे हुआ राजस्थान में स्वागत

युजवेंद्र चहल को आईपीएल के आगामी सीजन के लिए राजस्थान रॉयल्स ने 6.5 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा था। आईपीएल 2022 की शुरुआत 26 मार्च से होगी और उससे पहले खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के साथ जुड़ने लगे हैं। चहल भी अपनी नई टीम के साथ जुड़ गए हैं और उनका फ्रेंचाइजी ने टीम होटल में खास अंदाज में स्वागत भी किया।

राजस्थान रॉयल्स ने इंस्टाग्राम पर युजवेंद्र चहल के स्वागत का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, तो युजी भाई कैसा लगा हमारा स्वागत? युजवेंद्र जैसे ही होटल में घुसते हैं उनका स्वागत कुछ कार्टून कैरेक्टर्स द्वारा किया जाता है। इस अनोखे स्वागत के वीडियो पर भारतीय स्पिनर ने भी लव इमोजी शेयर करते हुए पसंद किया और यह वीडियो शेयर किया।