IPL 2022 LSG vs RR: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 63वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 24 रन से हरा दिया। इस जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2022 की अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गई, जबकि लखनऊ तीसरे नंबर पर खिसक गई। दोनों के 13-13 मैच में 16-16 अंक हैं। पूरी अंक तालिका देखने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं।
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन ही बना पाई। राजस्थान रॉयल्स की ओर से ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा और ओबैद मैक्कॉय ने क्रमशः 18, 32 और 42 रन देकर 2-2 विकेट लिए।
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से दीपक हुड्डा ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए। उनके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 17 गेंद में 27, क्रुणाल पंड्या ने 23 गेंद में 25 और केएल राहुल ने 19 गेंद में 10 रन बनाए। इन चारों के अलावा लखनऊ का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स की ओर से यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 41 रन (29 गेंद, 6 चौके, एक चौका) बनाए। देवदत्त पडिक्कल ने 18 गेंद 39 रन बनाए। संजू सैमसन 24 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए। रियान पराग ने 16 गेंद में 19, जिमी नीशम ने 12 गेंद में 14, रविचंद्रन अश्विन ने 7 गेंद में नाबाद 10, ट्रेंट बोल्ट ने 9 गेंद में नाबाद 17 रन बनाए। लखनऊ की ओर से रवि बिश्नोई ने 2, जबकि जेसन होल्डर और आवेश खान ने एक-एक विकेट लिए।
सारा तेंदुलकर ने देसी लुक में लूटी महफिल, धनश्री वर्मा ने लगाया ग्लैमर का तड़का; देखें Photos
इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स में करन शर्मा की जगह रवि बिश्नोई खेले। दोनों टीमें इस सीजन दूसरी बार आमने-सामने थीं। इससे पहले दोनों की भिड़ंत मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 10 अप्रैल 2022 को हुई थी। तब भी राजस्थान रॉयल्स ने 3 रन से मुकाबला अपने नाम किया था।
इस मैच में दोनों टीमें इन खिलाड़ियों के साथ उतरी हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग इलेवन: क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), केएल राहुल (कप्तान), दीपक हुड्डा, क्रुणाल पंड्या, आयुष बदोनी, मार्कस स्टोइनिस, जेसन होल्डर, मोहसिन खान, रवि बिश्नोई, दुश्मंथा चमीरा, आवेश खान।
IPL 2022 LSG vs RR: गेंद दर गेंद स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, जेम्स नीशम, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल, ओबेद मैककॉय।
Indian Premier League, 2022
Lucknow Super Giants
154/8 (20.0)
Rajasthan Royals
178/6 (20.0)
Match Ended ( Day – Match 63 )
Rajasthan Royals beat Lucknow Super Giants by 24 runs
IPL 2022, LSG vs RR Live Score (आईपीएल लाइव क्रिकेट टुडे मैच स्कोर): संजू सैमसन को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना भाता है।
राजस्थान रॉयल्स 24 रन से मैच जीतने में कामयाब रही। राजस्थान रॉयल्स की टीम अब दशमलव अंकों में लखनऊ से आगे पहुंच गई है। शिमरन हेटमायर के बिना भी राजस्थान ने इस मैच में 178 का स्कोर बनायाा। उसकी ओर से भले ही कोई अर्धशतक नहीं लगा हो, लेकिन यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन ने अहम पारियां खेलीं। इसके बाद लखनऊ के बल्लेबाज बिखर गए। शीर्ष क्रम शुरुआत सही नहीं दिला पाया। दीपक हुड्डा ने जरूर अर्धशतक लगाकर उम्मीद जगाए रखी, लेकिन यह काफी नहीं था।
ओबैद मैककॉय 19वां ओवर लेकर आए। उनकी आखिरी गेंद पर मोहसिन खान ने चौका लगाया। उन्नीस ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 7 विकेट पर 145 रन है। उसे जीत के लिए 6 गेंद में 34 रन की जरूरत है।
युजवेंद्र चहल 18वां ओवर लेकर आए। उनके ओवर की आखिरी गेंद पर मार्कस स्टोइनिस ने छक्का लगाया। अठारह ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 7 विकेट पर 130 रन है। उसे जीत के लिए 12 गेंद में 49 रन की जरूरत है।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से ओबैद मैककॉय 17वां ओवर लेकर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर जेसन होल्डर को संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। होल्डर 2 गेंद में एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। होल्डर की जगह दुष्मंता चमीरा क्रीज पर आए। वह भी कुछ कमाल नहीं कर पाए और आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए। सत्रह ओवर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 7 विकेट पर 120 रन है। मार्कस स्टोइनिस के 8 गेंद में 7 रन हैं। लखनऊ को जीत के लिए अभी 18 गेंद में 59 रन बनाने हैं।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से 16वां ओवर युजवेंद्र चहल लेकर आए। उनकी आखिरी गेंद पर संजू सैमसन ने दीपक हुड्डा को स्टंप कर दिया। दीपक हुड्डा 39 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 2 छक्के लगाए। उनकी जगह जेसन होल्डर क्रीज पर आए। सोलह ओवर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 5 विकेट पर 116 रन है।
रविचंद्रन अश्विन 14वां ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर क्रुणाल पंड्या अपना विकेट गंवा बैठे। अश्विन की यह गेंद ऑफ स्टंप पर फुलर थी। क्रुणाल ने गेंदबाज के सिर के ऊपर से उठाकर मारने का प्रयास किया। गेंद को बाउंड्री तक पहुंचाया तो लेकिन शॉट में ताकत नहीं लगा पाए। जोस बटलर ने लॉन्ग ऑन से साइट स्क्रीन की ओर भागते हुए कैच लपका और बाउंड्री से बाहर नहीं चले जाएं इसलिए रियान पराग को कैच दे दिया। क्रुणाल 23 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर आए हैं।
युजवेंद्र चहल 11वां ओवर लेकर आए। उनके ओवर की पहली गेंद पर दीपक हुड्डा ने छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाया। इस ओवर से लखनऊ के खाते में 13 रन आए। ग्यारह ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 3 विकेट पर 79 रन है। दीपक हुड्डा के 21 गेंद में 33 रन हैं। क्रुणाल पंड्या के 17 गेंद में 21 रन हैं।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से रविचंद्रन अश्विन 10वां ओवर लेकर आए। इस ओवर से लखनऊ सुपर जायंट्स के खाते में 5 रन आए। दस ओवर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 3 विकेट पर 66 रन है। दीपक हुड्डा के 17 गेंद में 21 रन हैं। क्रुणाल पंड्या के 15 गेंद में 20 रन हैं।
मैक्कॉय 9वां ओवर लेकर आए। उनकी चौथी गेंद पर दीपक हुड्डा ने छक्का लगाया। इस ओवर से लखनऊ सुपर जायंट्स के खाते में 11 रन आए। नौ ओवर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 3 विकेट पर 61 रन है। दीपक हुड्डा के 13 गेंद में 18 रन हैं। क्रुणाल पंड्या के 13 गेंद में 19 रन हैं।
आठ ओवर का खेल हो चुका है। आठ ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 3 विकेट पर 50 रन है। दीपक हुड्डा के 10 गेंद में 11 रन हैं। क्रुणाल पंड्या के 10 गेंद में 15 रन हैं। दोनों के बीच 15 गेंद में 21 रन की साझेदारी हो चुकी है। लखनऊ को अब जीत के लिए 72 गेंद में 129 रन बनाने हैं।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा छठा ओवर लेकर आए। केएल राहुल ने उनकी पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। दूसरी गेंद पर वह कोई रन नहीं ले पाए। तीसरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें जाल में फंसाया। यशस्वी जायसवाल ने पॉइंट पर उनका शानदार कैच लपका। केएल राहुल 19 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह क्रुणाल पंड्या क्रीज पर आए हैं। क्रुणाल ने पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला। छह ओवर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 3 विकेट पर 34 रन है। दीपक हुड्डा के 5 गेंद में 6 रन हैं। क्रुणाल पंड्या के 3 गेंद में 4 रन हैं।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से पांचवां ओवर ट्रेंट बोल्ट लेकर आए। केएल राहुल ने उनकी शुरुआती 4 गेंद में एक भी रन नहीं ले पाए। पांचवीं गेंद पर उन्होंने एक रन लिया। इस ओवर से लखनऊ सुपर जायंट्स के खाते में सिर्फ एक रन आया। पांच ओवर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 2 विकेट पर 23 रन है।
डीकॉक 8 गेंद में 7 और बदोनी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। डीकॉक को नीशम ने पॉइंट पर लपका, जबकि बदोनी एलबीडब्ल्यू हुए। बदोनी की जगह दीपक हुड्डा क्रीज पर आए। चार ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 2 विकेट पर 22 रन है। केएल राहुल के 11 गेंद में 3 और दीपक हुड्डा के 4 गेंद में 6 रन हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से केएल राहुल और क्विंटन डीकॉक ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने 2 ओवर में 15 रन जोड़ लिए थे। तीसरा ओवर ट्रेंट बोल्ट लेकर आए। उन्होंने पहली गेंद पर क्विंटन डीकॉक और दूसरी गेंद पर आयुष बदोनी को पवेलियन की राह दिखाई।
निचले क्रम के योगदान की बदौलत राजस्थान ने सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। अब उनके गेंदबाजों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे टीम को जीत और दो महत्वपूर्ण अंक दिलाए। लखनऊ की ओर से सलामी जोड़ी की भूमिका और भी अहम हो जाएगी। केएल राहुल को बोल्ट से बचकर रहना होगा जो इस सीजन में इन दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में राहुल को गोल्डन डक पर क्लीन बोल्ड कर चुके हैं।
रवि बिश्नोई के ओवर की चौथी गेंद पर जिमी नीशन रन आउट हो गए। नीशम 12 गेंद में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह ट्रेंट बोल्ट क्रीज पर आए। अठारह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 6 विकेट पर 154 रन है।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए रवि बिश्नोई 18वां ओवर लेकर आए। रियान पराग ने उनकी पहली गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने की कोशिश की, लेकिन डीप मिडविकेट पर मार्कस स्टोइनिस के हाथों कैच आउट हो गए। रियान पराग 16 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर आए।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मोहसिन खान 17वां ओवर लेकर आए। रियान पराग ने उनकी तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। चौथी गेंद पर दौड़कर 2 रन लिए। अगली गेंद पर 2 रन लेग बाई से चुराए। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 12 रन आए। सत्रह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 4 विकेट पर 149 रन है।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए रवि बिश्नोई 16वां ओवर लेकर आए। जेम्स नीशम ने उनकी पहली गेंद पर चौका लगाया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 7 रन आए। सोलह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 4 विकेट पर 137 रन है।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए क्रुणाल पंड्या 15वां ओवर लेकर आए। जेम्स नीशम ने उनकी तीसरी गेंद पर चौका लगाया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 7 रन आए। पंद्रह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 4 विकेट पर 130 रन है।
रवि बिश्नोई 14वां ओवर लेकर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर देवदत्त पडिक्कल को डीप मिडविकेट पर क्रुणाल पंड्या के हाथों कैच कराया। देवदत्त पडिक्कल 18 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह जेम्स नीशम क्रीज पर आए। चौदह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 4 विकेट पर 123 रन है।
आयुष बदोनी 12वां ओवर लेकर आए। उन्होंने दूसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल का खुद ही कैच पकड़ लिया। यशस्वी 29 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह रियान पराग क्रीज पर आए। बारह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 3 विकेट पर 107 रन है। देवदत्त पडिक्कल के 11 गेंद में 25 रन हैं।
11 ओवर का खेल हो चुका है। ग्यारह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 2 विकेट पर 101 रन है। यशस्वी जायसवाल के 27 गेंद में 41 रन हैं। देवदत्त पडिक्कल के 10 गेंद में 24 रन हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए जेसन होल्डर 9वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पांचवीं गेंद पर सैमसन को स्वीपर कवर पर दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। संजू सैमसन 24 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए। नौ ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर दो विकेट पर 75 रन है। यशस्वी जायसवाल के 24 गेंद में 39 रन हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए रवि बिश्नोई 8वां ओवर लेकर आए। संजू सैमसन ने उनकी पहली गेंद पर चौका लगाया। उन्होंने उनकी आखिरी गेंद पर भी चौका लगाया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 12 रन आए। आठ ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 72 रन है। संजू सैमसन के 21 गेंद में 31 रन हैं। यशस्वी जायसवाल के 22 गेंद में 37 रन हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए जेसन होल्डर सातवां ओवर लेकर आए। संजू सैमसन ने उनकी पांचवीं गेंद पर चौका लगाया। आखिरी गेंद पर एक रन लिया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 9 रन आए। सात ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 60 रन है।
संजू सैमसन के 16 गेंद में 20 रन हैं। यशस्वी जायसवाल के 21 गेंद में 36 रन हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए दुष्मंथा चमीरा छठा ओवर लेकर आए। यशस्वी जायसवाल ने उनकी पहली गेंद पर चौका लगाया। तीसरी गेंद नोबॉल रही, लेकिन इस पर भी उन्होंने चौका जड़ दिया। यशस्वी जायसवाल ने चौथी गेंद पर भी चौका लगाया। उन्होंने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 21 रन आए। छह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 51 रन है। संजू सैमसन के 12 गेंद में 13 रन हैं। यशस्वी जायसवाल के 19 गेंद में 34 रन हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आवेश खान पांचवां ओवर लेकर आए। यशस्वी जायसवाल ने उनकी तीसरी गेंद पर चौका लगाया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 5 रन आए। पांच ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 30 रन है। संजू सैमसन के 12 गेंद में 13 रन हैं। यशस्वी जायसवाल के 12 गेंद में 14 रन हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मोहसिन खान चौथा ओवर लेकर आए। संजू सैमसन ने उनकी पहली गेंद पर चौका लगाया। उन्होंने आखिरी गेंद पर भी चौका लगाया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 9 रन आए। चार ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 25 रन है। संजू सैमसन के 10 गेंद में 13 रन हैं। यशस्वी जायसवाल के 8 गेंद में 9 रन हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए दुष्मंथा चमीरा लेकर आए। उनके इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में सिर्फ 3 रन आए। तीसरा ओवर आवेश खान लेकर आए। उन्होंने दूसरी ही गेंद पर जोस बटलर को बोल्ड कर दिया। जोस बटलर 6 गेंद में 2 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह संजू सैमसन क्रीज पर आए। सैमसन ने तीसरी ही गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला।
IPL 2022, LSG vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने इस आईपीएल में 7 बार नंबर 3 पर बल्लेबाजी की है। इसमें उन्होंने 40.83 के औसत से 245 रन बनाए हैं। हालांकि, अन्य क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए वह 5 पारियों में 16.40 के औसत से सिर्फ 82 रन ही बना पाए। राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाजों ने अब तक 37 विकेट लिए हैं। जो इस आईपीएल की 10 टीमों में सबसे कम है। राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों का 21.9 का स्ट्राइक रेट भी सभी टीमों में सबसे खराब है, जबकि उनका 9.2 का इकॉनमी रेट चेन्नई सुपर किंग्स (9.3) से थोड़ा ही बेहतर है। लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाजों ने टूर्नामेंट में अब तक के सर्वश्रेष्ठ औसत (23.10), दूसरे सर्वश्रेष्ठ औसत (17.1) और सर्वश्रेष्ठ इकॉनमी रेट (8.11) के साथ 51 विकेट हासिल किए हैं।