इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)के लिए अच्छी खबर है। ‘राजधानी एक्सप्रेस’ मयंक यादव को फिट घोषित कर दिया गया है और उनके मंगलवार को लखनऊ में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ होने वाले मैच के लिए लखनऊ सुपर जाइंट्स के संभावित 12 खिलाड़ियों में शामिल होने की संभावना है।

स्पोर्ट्स्टार के अनुसार लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने जानकारी दी कि मयंक ने सोमवार को एकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मैच से पहले सभी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं। मयंक ने अपनी पेस से काफी प्रभावित किया। वह लगातार 150 किलोमीटर प्रतिघंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंद करने में सक्षम हैं। दो मैच बाद ही वह चोटिल हो गए थे।

पहले दो मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे मयंक

मंयक यादव ने आईपीएल 2024 के 11वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS)के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने लखनऊ की 21 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए थे। वह 150 किलोमीटर प्रतिघंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंद करने अलावा अच्छी लाइन लेंथ भी रखते हैं। इस प्रदर्शन के बतदौलत वह प्लेयर ऑफ द मैच बने।

गुजरात के खिलाफ मैच में हुए थे चोटिल

मंयक ने इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) पर कहर बरपाया। उन्होंने लखनऊ की 28 रन से जीत में अहम भूमिका निभाते हुए 4 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। वह फिर प्लेयर ऑफ द मैच रहे। इसके गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में उनकी पेस गिरी। वह सिर्फ 1 ओवर कर पाए। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। वह अबतक मैदान से दूर हैं। उन्हें उस मैच में कूल्हे के ऊपर थोड़ी जकड़न महसूस हुई थी। मंयक चोटिल न होते तो उनका टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम में भी चयन हो सकता था।