Legends League Cricket 2022, India Capitals vs Bhilwara Kings: लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2022 में इंडिया कैपिटल्स ने अपनी पहली जीत हासिल की। उसने 21 सितंबर 2022 की रात खेले गए मैच में भीलवाड़ा किंग्स को 78 रन से हराया। लीजेंड्स लीग क्रिकेट (Legends League Cricket) 2022 में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इरफान पठान की अगुआई वाली भीलवाड़ा किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी गौतम गंभीर की अगुआई वाली इंडिया कैपिटल्स की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 198 रन बनाए। यह इस सीजन का सबसे बड़ा कुल स्कोर भी है। इससे पहले गुजरात जायंट्स ने 17 सितंबर 2022 को इंडिया कैपिटल्स के खिलाफ 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बनाए थे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भीलवाड़ा किंग्स की टीम 19.2 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई। इंडिया कैपिटल्स की ओर से 8 खिलाड़ियों ने गेंदबाजी की। इसमें से पंकज सिंह, प्रवीण ताम्बे और रजत भाटिया ने शानदार प्रदर्शन किया। पंकज ने 17, ताम्बे ने 24 और रजत ने 6 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए।

इंडिया कैपिटल्स को 198 रन के स्कोर तक पहुंचाने में जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों सुलेमान मीर और हैमिल्टन मसाकाद्जा की अहम भूमिका रही। बैटिंग ऑलराउंडर सुलेमान मीर ने 7 चौके और 6 छक्के की मदद से 38 गेंद में 82 रन ठोक दिए। हैमिल्टन मसाकाद्जा ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 30 गेंद में 48 रन की पारी खेली। सुलेमान मीर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

इंडिया कैपिटल्स पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई। उसकी इस सीजन यह पहली जीत है। इससे पहले उसे 17 सितंबर को गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच में 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इंडिया कैपिटल्स के एश्ले नर्स भीलवाड़ा किंग्स के खिलाफ मैच में 11 गेंद में 10 रन बनाकर बोल्ड हो गए। हालांकि, वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।

भीलवाड़ा किंग्स के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। उसकी ओर से तन्मय श्रीवास्तव सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने 30 गेंद में 27 रन बनाए। तन्मय के अलावा विकेटकीपर नमन ओझा ने 20, इरफान पठान ने 17, राजेश बिश्नोई ने 15 और यूसुफ पठान ने 14 रन की पारियां खेलीं। यूसुफ पठान ने गेंदबाजी में जलवा दिखाया। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए।