दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को भारत के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट खोकर 273 रन बनाए, जिसका पीछा करते हुए टीम इंडिया महज 158 रन पर सिमट गई। इस विश्व कप में भारतीय टीम की यह पहली हार है। हालांकि भारतीय टीम इस हार के बावजूद पांच मैचों में चार जीत के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। भारत के लिए दीप्ति शर्मा (60) और झूलन गोस्वामी (48) ही संघर्ष कर सकीं। इन दोनों के अलावा सिर्फ पूनम राउत (22) और एकता बिष्ट (13) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं।

बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (4) लगातार तीसरे मैच में दहाई तक पहुंचने से पहले पवेलियन लौटीं। इसके बाद पूनम और दीप्तिा ने दूसरे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की पूरी कोशिश की।

लेकिन 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर पूनम के आयाबोंगा खाका के हाथों क्लीन बोल्ड होकर लौटने के साथ ही जैसे विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। 20वें ओवर तक 65 के कुल योग पर भारत के सात विकेट गिर चुके थे, जहां से दक्षिण अफ्रीका की जीत पक्की लगने लगी थी।

दीप्ति ने यहां झूलन के साथ 53 रनों की साझेदारी कर भारतीय संघर्ष को तो जिंदा रखा, लेकिन धीमी रन गति के चलते भारत की जीत लगभग खत्म हो चुकी थी। 111 गेंदों में पांच चौके लगाकर अर्धशतक जमाने वाली दीप्ति का संघर्ष 39वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान डेन वैन निकर्क ने समाप्त किया। झूलन 79 गेंदों में छह चौके लगाकर अंत तक नाबाद रहीं, हालांकि भारत को जीत दिलाने में असफल रहीं। दक्षिण अफ्रीका के लिए निकर्क ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए, जबकि खाका को दो विकेट मिले। दक्षिण अफ्रीका पांच मैचों में तीसरी जीत हासिल कर चौथे पायदान पर है।

इससे पहले, टॉस हारकर पारी शुरू करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए लीजेले ली ने सर्वाधिक 92 रन बनाए। निकर्क बल्ले से भी उल्लेखनीय 57 रनों का योगदान दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली भारतीय कप्तान मिताली राज को शिखा पांडे ने दूसरे ओवर में ही विकेट दिलाकर अपने फैसले पर गर्व करने का मौका दिया। शिखा ने लॉरा वोल्वार्डट (1) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलात दिलाई।

लेकिन इसके बाद ली और तृषा चेट्टी (24) ने खूंटा गाड़ लिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली एकता ने चेट्टी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ली को 132 के कुल स्कोर पर हरमनप्रीत कौर ने आउट किया। 65 गेंदों में 10 चौके और सात छक्कों से तूफानी पारी खेलने वाली ली 21वें ओवर की चौथी गेंद पर पगबाधा करार दे दी गईं।

मिग्नोन डु प्रीज (22) और मारिजाने कैप (29) क्रमश: 160 और 162 रनों के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गईं। यहां अफ्रीकी टीम थोड़ी संकट में आ गई थी। कप्तान ने हालांकि जिम्मेदारी भरी पारी खेली और एक छोर पर खड़ी रहीं। अंत में उन्होंने सुने लुस (16), चोले ट्रायोन (24) के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां कर टीम को चुनौती पूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। 49वें ओवर की चौथी गेंद पर शिखा ने उन्हें पवेलियन लौटाया। उन्होंने अपनी पारी में 66 गेंदें खेलीं और सात चौके के अलावा एक छक्का लगाया। भारत के लिए शिखा ने तीन विकेट लिए। एकता और हरमनप्रीत को दो-दो सफलताएं मिलीं। पूनम यादव और झूलन के हिस्से एक-एक विकेट आया।

यहां पढ़ें India vs South Africa Cricket Score Updates Here: 

[matchcode-to-post id=”inwsaw07082017183480″]

9:38PM : साउथ अफ्रीका ने 46वें ओवर की आखिरी गेंद पर पूनम यादव (0) को आउट कर मैच 115 रन से अपने नाम कर लिया है।

9:31PM : भारत ने एकता बिष्ट के रूप में अपना नौवां विकेट भी गंवा दिया है। इसके साथ ही अब साउथ अफ्रीका जीत से महज 1 कदम दूर है।

9:13PM : भारत के लिए रही सही कसर भी खत्म हो चुकी है। दीप्ति शर्मा 111 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट। भारत को आउट 8वां झटका। मैदान पर एकता बिष्ट बल्लेबाजी पर आईं। भारत 39 ओवर में 121 रन बना सका है।

8:59PM : भारत ने 35 ओवर में 109 रन बना लिए हैं, जबकि इसके लिए उसे 7 विकेट खोने पड़े। दीप्ति शर्मा 57, जबकि झूलन गोस्वामी 14 रन बनाकर खेल रही हैं। अगर भारत को यहां से जीतना है तो उसे 10.86 की औसत से रन बनाने होंगे।

8:43PM : दीप्ति शर्मा अपना अर्धशतक पूरा कर चुकी हैं मगर भारत जीत से बेहद दूर है।

8:33PM : दीप्ति शर्मा अर्धशतक की ओर बढ़ रही हैं। वहीं भारत 27.1 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 87 रन बना चुका है। हालांकि टीम इंडिया की जीत के आसान लगभग ना के बराबर ही रह गए हैं।

8:19PM : दीप्ति शर्मा अकेले दम पर टीम इंडिया को संभाले हुए है। भारत ने 25 ओवर में 7 विकेट खोकर 83 रन बना लिए हैं। दीप्ति 44 रन बनाकर खेल रही हैं।

7:58PM : टीम इंडिया ने अपना छठा विकेट भी गंवा दिया और इसी के साथ अब भारत की हार साफ नजर आ रही है।

7:51PM : 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वेदा कृष्णमूर्ति महज 3 रन बनाकर खाका की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गईं। भारत की आधी टीम महज 53 रन पर पवेलियन लौट चुकी है। यहां से भारत के लिए मैच बचाना बेहद कठिन है।

7:36PM : भारत को 11वें और 12वें ओवर में lतीन बड़े झटके लगे। भारत ने पांच गेंदों में 3 विकेट खो दिए हैं। इसके साथ ही भारत की स्थिति नाजुक हो गई है। टीम इंडिया ने अभी तक 3 विकेट खोकर महज 48 रन दिए हैं।

7:14PM : भारत ने 7.5 ओवर में भारत ने 1 विकेट खोकर 28 रन बना लिए हैं। पूनम राउत 16, जबकि दीप्ति शर्मा 7 रन बनाकर खेल रही हैं।

6:51PM : भारत को दूसरे ओवर में ही बड़ा झटका लगा गया है। उसकी धुरंधर बल्लेबाज स्मृति मंधाना महज 4 रन बनाकर आउट हो गई हैं। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए तीसरे नंबर पर दीप्ति शर्मा आईं।

6:41PM : टीम इंडिया की ओर से स्मृति मंधाना और पूनम राउत सलाम जोड़ी के रूप में मैदान पर आईं।

6:14PM : साउथ अफ्रीका को आखिरी ओवर में नौवां झटका लगा। इस ओवर से टीम ने 8 रन जुटाकर स्कोर को 273 रन तक पहुंचाया।

6:07PM : साउथ अफ्रीका ने 49वें ओवर में डेन वान निर्केक (57) का विकेट खो दिया। उन्हें शिखा पांडे ने आउट किया। शिखा का ये तीसरा विकेट है।

5:56PM : साउथ अफ्रीका को 47वें ओवर की चौथी गेंद पर ट्रायन के रूप में सातवां झटका लगा। ये खिलाड़ी 24 रन बनाकर आउट हुए।

5:34PM : भारत को 40वें ओवर में छठी सफलता हाथ लगी। सुने लुस 16 रन बनाकर आउट।

5:15PM :साउथ अफ्रीका ने 36 ओवर में 5 विकेट खोकर 194 रन बना लिए हैं। सुने लुस 11, जबकि डेन वान निर्केक 21 रन बनाकर खेल रही हैं।

4:55PM : साउथ अफ्रीका को 29वें और 30वें ओवर में लगातार दो झटके लगे। इसके साथ ही भारत ने मैच में वापसी कर ली है। साउथ अफ्रीका ने 32 ओवर में 5 विकेट खोकर 166 रन बना लिए हैं।

4:35PM : साउथ अफ्रीका शानदार बल्लेबाजी कर रहा है। टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 120 रन बना लिए हैं। इसे देखकर लग रहा है कि टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है।

4:18PM : 21वें ओवर की चौथी गेंद पर साउथ अफ्रीका को लिजेली ली के रूप में तीसरा झटका लगा। लिजेली ने 65 गेंदों में 92 रन की पारी खेली। उन्हें हरमनप्रीत कौर ने एलबीडब्लू आउट किया।

3:59PM : साउथ अफ्रीका को 15.5 ओवर में दूसरा झटका लगा। त्रिशा चेट्टी 24 रन बनाकर एकता बिष्ट की गेंद पर झूलन गोस्वामी को अपना कैच थमा बैठी।

3:39PM : साउथ अफ्रीका जल्द पहला विकेट खोने के बाद काफी हद तक संभल चुका है। लिजेली और त्रिशा शानदारा बल्लेबाजी कर रही हैं। टीम ने 9 ओवर में 55 रन बना लिए हैं। भारत को जल्द इस साझेदारी को तोड़ना होगा।

3:26PM : साउथ अफ्रीका ने 5.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 32 रन बना लिए हैं। लिजेली ली 16, जबकि त्रिशा चेट्टी 12 रन बनाकर खेल रही हैं।

3:06PM : साउथ अफ्रीका ने पहले ओवर में महज सिंगल लिया। इसके अगले ओवर की पहली ही गेंद पर शिखा पांडे ने लॉरा वॉलवर्डाट (1) को चलता किया।

3:00PM : लॉरा वॉलवर्डाट और लिजेली ली सलामी जोड़ी के रूप में मैदान पर उतरे।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं…

2:40PM : भारत : मिताली राज (कप्तान), पूनम राउत, स्मृति मंधाना, झूलन गोस्वामी, हरमनप्रीत कौर, नुजरत परवीन, दीप्ति शर्मा, सुषमा वर्मा, पूनम यादव, शिखा पांडे, मोना मेसराम, वेदा कृष्णमूर्ति, राजेश्वरी गायकवाड, एकता बिष्ट।

दक्षिण अफ्रीका : डेन वान निर्केक (कप्तान), लॉरा वॉलवर्डाट, लिजेली ली, तृषा चेट्टी, मिगनोन डु प्रीज, मारिजाने कैप, चोले ट्रयोन, सुने लुस, शबनिम इस्माइल, अयबोंगा खाका, मोसेलिने डेनियल्स।

2:30PM : भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।