दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी ने अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज कर लिया। वे सातवीं बार पिचिचि अवॉर्ड ( Pichichi Award) जीतने वाले पहले फुटबॉलर बन गए हैं। यह अवॉर्ड स्पेन में खेली जाने वाली फुटबॉल लीग ‘ला लिगा’ एक एक सीजन में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। बार्सिलोना के कप्तान मेसी ने इस सीजन में 33 मैच में 25 गोल किए। उनके बाद दूसरे स्थान पर रियाल मैड्रिड के करीम बेंजिमा रहे। उन्होंने 21 गोल दागे।

मेसी से पहले सबसे ज्यादा बार Pichichi Award जीतने का रिकॉर्ड एथलेटिक बिलबाओ के महान फुटबॉलर टेल्मो जारा के नाम था। उन्होंने छह बार यह अवॉर्ड अपने नाम किया। जारा ने आखिरी बार 1952-53 सीजन में इसे जीता था। मेसी ने उनका 67 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत बार्सिलोना ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में एल्वेस को 5-0 से हराया। इस मैच में मेसी ने दो गोल दागे। उन्होंने अंसु फाती के लिए एक गोल असिस्ट भी किया। इन दोनों के अलावा एक गोल लुईस सुआरेज और एक गोल नेल्सन समेदो ने किया।

मेसी ने अंसु फाती के गोल को असिस्ट करने के साथ ही एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वे एक सीजन में सबसे ज्यादा 21 गोल असिस्ट करने वाले खिलाड़ी भी बन गए। मेसी ने अपने पूर्व कप्तान और जावी हर्नांडेज को रिकॉर्ड को तोड़ दिया। जावी ने 2008-09 सीजन में 20 गोल असिस्ट किए थे। हालांकि, सीजन में मेसी के बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद बार्सिलोना की टीम खिताब नहीं जीत सकी। रियाल मैड्रिड ने ला लिगा पर कब्जा जमाया। सीजन की समाप्ति पर रियाल 38 मैच में 87 अंक के साथ पहले स्थान पर रहा। इतने ही मुकाबलों में बार्सिलोना के 82 अंक हैं।

मेसी ने पिचिचि अवॉर्ड जीतने के बाद कहा, ‘‘मैंने हमेशा कहा कि अवॉर्ड और अपना गोल सेकेंडरी है। यह ज्यादा मायने नहीं रखता। यह सच है कि सातवीं बार पिचिचि अवॉर्ड जीतना एक उपलब्धि है, लेकिन यह तब खास होता जब टीम सीजन में चैंपियन बन जाती।’’ बार्सिलोना की टीम अब ला लिगा के बाद चैंपियंस लीग पर अपना ध्यान लगाएगी। प्री-क्वार्टरफाइनल के दूसरे लेग में उसका मुकाबला नेपोली से है। दोनों टीमों के बीच यह मैच 8 अगस्त को खेला जाएगा। इससे पहले पहले लेग का मुकाबला 1-1 से बराबर रहा था।