सात्विक साईंराज और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष जोड़ी ने बीडब्ल्यूएफ 500 टूर्नामेंट कोरिया ओपन का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने इंडोनेशिया की फजर अलान और मोहम्मद रियान की वर्ल्ड नंबर वन जोड़ी को 17-21, 21-13, 21-14 से मात दी। यह मुकाबला 62 मिनट तक चला। इस मुकाबले से पहले इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ रिकॉर्ड 2-2 से बराबरी पर था।
सात्विक-चिराग ने जीता लगातार दूसरा खिताब
सात्विक और चिराग ने इस साल इंडोनेशिया सुपर 1000 और स्विस ओपन सुपर 500 खिताब जीते हैं। जून में अपने पिछले टूर्नामेंट इंडोनेशिया ओपन को जीतने वाली भारतीय जोड़ी का यह लगातार दूसरा खिताब है। वहीं यह उनका तीसरा बीडब्ल्यूएफ 500 खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2019 में थाईलैंड ओपन और पिछले साल इंडिया ओपन जीता था।
सात्विक और चिराग ने जोड़ी बनाने के बाद कई खिताब अपने नाम किये हैं जिसमें राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक, थॉमस कप का स्वर्ण पदक, विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक के अलावा सुपर 300 (सैयद मोदी और स्विस ओपन), सुपर 500 (थाईलैंड और इंडिया ओपन), सुपर 750 (फ्रेंच ओपन) और इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 में जीत शामिल हैं।
सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर तीन जोड़ी को दी थी मात
इससे पहले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने शनिवार को लियांग वेई केंग और वांग चांग की दुनिया की दूसरे नंबर की जोड़ी पर सीधे गेम में रोमांचक जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया था। दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय जोड़ी ने जिन्नम स्टेडियम में 40 मिनट तक चले मुकाबले में चीन की जोड़ी पर 21-15, 24-22 से जीत दर्ज की।