IPL 2022 KKR vs MI: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 का 14वां मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब शुरुआत के बाद मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 4 विकेट पर 161 रन बनाने में सफल रही। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स ने 16 ओवर में 5 विकेट पर 162 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। केकेआर के पैट कमिंस को उनकी धुआंधार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।

इस जीत के साथ ही केकेआर आईपीएल 2022 की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का अभी खाता नहीं खुला है। पैट कमिंस जब क्रीज पर आए थे, तब केकेआर का स्कोर 13.1 ओवर में 5 विकेट पर 101 रन था। उसे जीत के लिए 6.5 ओवर में 61 रन बनाने थे, लेकिन कमिंस ने 2.5 ओवर में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया। कमिंस ने 4 चौके और 6 छक्के की मदद से 15 गेंद में नाबाद 56 रन बनाए। वेंकटेश अय्यर 6 चौके और एक छक्के की मदद से 41 गेंद में 50 रन बनाकर नाबाद रहे।

कमिंस ने 14 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल के इतिहास में यह किसी विदेशी क्रिकेटर का सबसे तेज अर्धशतक है। कमिंस आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में भी केएल राहुल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। केएल राहुल ने 2018 में मोहाली में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की थी।

कमिंस ने 15 गेंदों पर इस तरह बनाए नाबाद 56 रन: 1,6,4,0,0,6,4,1,6,4,6,6,2,4,6

पैट कमिंस ने डैनियल सैम्स के 16वें ओवर में 34 रन ठोके। इस ओवर से केकेआर के खाते में 35 रन आए। आईपीएल के इतिहास में यह दूसरा सबसे महंगा ओवर है। इस मामले में पहले नंबर पर पी परमेश्वरन और हर्षल पटेल हैं। आईपीएल 2011 में उनके ओवर में आरसीबी ने 37 रन बनाए थे। आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स ने हर्षल पटेल के ओवर में 37 रन बनाए थे।

इससे पहले मुंबई इंडियंस की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 36 गेंद में 52 रन बनाए। उन्होंने 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। तिलक वर्मा 27 गेंद में 38 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। कीरोन पोलार्ड ने 5 गेंद में 22 रन बनाए। उन्होंने 3 छक्के लगाए।

इसके अलावा बेबी एबी के नाम से प्रसिद्ध डेवाल्ड ब्रेविस 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 19 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हुए। केकेआर की ओर से कमिंस ने 49 रन देकर 2 विकेट लिए। कमिंस ने पारी के 20वें ओवर में 23 रन दिए। वरुण चक्रवर्ती और उमेश यादव ने एक-एक विकेट लिए।

इस मैच के लिए केकेआर और मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में 2-2 बदलाव किए थे। केकेआर ने टिम साउदी की जगह पैट कमिंस और शिवम मावी की जगह रसिख सलाम को आखिरी एकादश में शामिल किया। मुंबई ने अनमोलप्रीत सिंह के स्थान पर सूर्यकुमार यादव और टिम डेविड की जगह डेवाल्ड ब्रेविस को आखिरी एकादश का हिस्सा बनाया।

मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस इन खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरीं। ये थी दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर), नीतीश राणा, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, पैट कमिंस, उमेश यादव, रसिख सलाम, वरुण चक्रवर्ती।

मुंबई इंडियंस: इशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, डेनियल सैम्स, डेवाल्ड ब्रेविस, मुरुगन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, टाइमल मिल्स, बासिल थम्पी।

Match Ended

Indian Premier League, 2022

Kolkata Knight Riders 
162/5 (16.0)

vs

Mumbai Indians  
161/4 (20.0)

Match Ended ( Day – Match 14 )
Kolkata Knight Riders beat Mumbai Indians by 5 wickets

Live Updates

IPL 2022, KKR vs MI Live Score: आईपीएल के आंकड़ों में केकेआर के खिलाफ मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी है।

23:01 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI Live Match Score: कमिंस ने एक ओवर में बटोरे 35 रन, जड़ा सबसे तेज आईपीएल पचासा

डैनियल सैम्स 16वां ओवर लेकर आए। कमिंस ने उनकी पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। अगली गेंद उन्होंने चौके के लिए भेज दी। अगली गेंद पर फिर छक्का लगाया। कमिंस ने चौथी गेंद पर भी छक्का लगाया। पांचवीं गेंद नोबॉल हो गई। हालांकि, इस गेंद पर उनका बाउंड्री पर सूर्यकुमार यादव ने कैच पकड़ लिया था। इसके बावजूद उन्होंने दौड़ कर 2 रन लिए। इसके बाद अगली गेंद पर कमिंस ने चौका जड़ दिया। इसके साथ ही कमिंस ने आईपीएल के इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाया। कमिंस यही नहीं रुके। उन्होंने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकार केकेआर को 5 विकेट से जीत दिला दी।

22:53 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR Live Match Score: कमिंस कर रहे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

जसप्रीत बुमराह 15वां ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर वेंकटेश ने एक रन लिया और अपना अर्धशतक पूरा किया। बुमराह के ओवर की चौथी गेंद पर कमिंस ने छक्का लगाया। उन्होंने अगली गेंद पर चौका जड़ा। 15 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 5 विकेट पर 127 रन है। केकेआर को अब जीत के लिए 30 गेंद में 35 रन चाहिए। कमिंस के 8 गेंद में 22 रन हैं।

22:46 (IST) 6 Apr 2022
Kolkata Knight Riders vs Mumbai Indians IPL Live Score: कमिंस ने छक्के के बाद लगाया चौका

टायमल मिल्स 14वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर आंद्रे रसेल को बैकवर्ड पॉइंट पर ब्रेविस के हाथों कैच कराया। रसेल 5 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। रसेल की जगह पैट कमिंस क्रीज पर आए। कमिंस ने दूसरी ही गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। कमिंस ने मिल्श की पांचवीं गेंद पर छक्का भी लगाया। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका भी लगाया। 14 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 5 विकेट पर 115 रन हैं। वेंकटेश के 40 गेंद में 49 रन हैं। कमिंस के 3 गेंद में 11 रन हैं। केकेआर को जीत के लिए 36 गेंद में 47 रन बनाने हैं।

22:27 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR Live Match Score: मुरुगन अश्निन ने मुंबई को दिलाई तीसरी सफलता

मुरुगन अश्विन 10वां ओवर लेकर आए। उनकी तीसरी गेंद पर वेंकटेश अय्यर ने छक्का लगाया। हालांकि, 5वीं गेंद पर मुरुगन ने सैम बिलिंग्स को लॉन्ग ऑफ पर बासिल थम्पी के हाथों कैच कराया। सैम बिलिंग्स की जगह नितीश राणा क्रीज पर आए। 10 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 3 विकेट पर 67 रन है। वेंकटेश अय्यर के 30 गेंद में 31रन हैं।

22:18 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI Live Match Score: नौ ओवर के बाद केकेआर ने बनाए 57 रन

नौ ओवर का खेल हो चुका है। केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 57 रन है। उसे जीत के लिए अभी 11 ओवर में 105 रन बनाने हैं। वेंकटेश अय्यर के 27 गेंद में 24 और सैम बिलिंग्स के 10 गेंद में 16 रन हैं।

22:13 (IST) 6 Apr 2022
IPL 2022: MI vs KKR: केकेआर ने आठवें ओवर में जड़ा पचासा

मुंबई के लिए 8वां ओवर मुरुगन अश्विन लेकर आए। उनकी चौथी गेंद पर वेंकटेश अय्यर सैम बिलिंग्स ने छक्का लगाया। इस ओवर से केकेआर के खाते में 9 रन आए। आठ ओवर के बाद 2 विकेट पर 50 रन है। सैम बिलिंग्स के 6 गेंद में 9 रन हैं। वेंकटेश अय्यर के 25 गेंद में 24 रन हैं।

22:02 (IST) 6 Apr 2022
IPL 2022: KKR vs MI: केकेआर ने छठे ओवर में गंवाया दूसरा विकेट

मुंबई के लिए छठा ओवर डैनियल सैम्स लेकर आए। उनकी दूसरी और चौथी गेंद पर वेंकटेश अय्यर ने चौके लगाए। हालांकि, आखिरी गेंद पर सैम्स ने श्रेयस अय्यर का विकेट झटका। श्रेयस डीप स्क्वेयर लेग पर तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट हुए। श्रेयस 6 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। छह ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 35 रन है। वेंकटेश अय्यर के 19 गेंद में 18 रन हैं।

21:56 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR: टायमल मिल्स ने अजिंक्य रहाणे को डैनियल सैम्स के हाथों कैच कराया

पांचवां ओवर टायमल मिल्स लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर मुंबई इंडियंस को पहली साफलता दिलाई। उन्होंने अजिंक्य रहाणे को डैनियल सैम्स के हाथों कैच कराया। रहाणे 11 गेंद में 7 रन बनाकर आउट हुए। रहाणे की जगह श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए। श्रेयस ने दूसरी गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला। उन्होंने पांचवीं गेंद पर भी चौका लगाया। हालांकि, इस गेंद पर वह इशान किशन के हाथों कैच भी हो सकते थे। पांच ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 26 रन है।

21:51 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI: केकेआर ने 4 ओवर में बनाए 16 रन

मुंबई के लिए चौथा ओवर जसप्रीत बुमराह लेकर आए। उनके इस ओवर से केकेआर के खाते में 2 रन आए। चार ओवर के बाद केकेआर का स्कोर बिना विकेट खोए 16 रन है। अजिंक्य रहाणे के 10 गेंद में 7 रन हैं। वेंकटेश अय्यर के 14 गेंद में 9 रन हैं। केकेआर को जीत के लिए 16 ओवर में 146 रन बनाने हैं।

21:38 (IST) 6 Apr 2022
Kolkata Knight Riders vs Mumbai Indians IPL Live Score: केकेआर ने पहले ओवर में बनाए 3 रन

केकेआर की ओर से वेंकटेश अय्यर और अजिंक्य रहाणे ने पारी की शुरुआत की। मुंबई के लिए बासिल थम्पी पहला ओवर लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर रहाणे ने एक रन लेकर अपना और केकेआर का खाता खोला। वेंकटेश अय्यर ने तीसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। एक ओवर के बाद केकेआर का स्कोर बिना विकेट खोए 3 रन है।

21:24 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR Live Match Score: केकेआर को जीत के लिए बनाने हैं 162 रन

पैट कमिंस 19वां ओवर लेकर आए। इस ओवर से मुंबई के खाते में 23 रन आए। इस तरह मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 161 रन बनाए। केकेआर को जीत के लिए अब 20 ओवर में 162 रन बनाने हैं। कमिंस के आखिरी ओवर में कीरोन पोलार्ड ने 3 छक्के जड़े। इस ओवर की पहली गेंद पर सूर्यकुमार विकेट के पीछे सैम बिलिंग्स को अपना कैच थमा बैठे।

21:08 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI Live Match Score: सूर्यकुमार यादव ने 34 गेंद में जड़ा पचासा

आंद्रे रसेल 19वां ओवर लेकर आए। इस ओवर से मुंबई के खाते में 9 रन आए। 19 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 3 विकेट पर 138 रन है। इस ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर सूर्यकुमार यादव ने अपना अर्धशतक पूरा किया। ओवर की चौथी गेंद पर तिलक वर्मा ने भी चौका जड़ा। 19 ओवर के बाद सूर्यकुमार के 35 गेंद में 52 और तिलक के 27 गेंद में 38 रन हैं।

21:03 (IST) 6 Apr 2022
IPL 2022 MI vs KKR: 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 3 विकेट पर 129 रन

सुनील नरेन 18वां ओवर लेकर आए। इस ओवर से मुंबई के खाते में 14 रन आए। 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 3 विकेट पर 129 रन है। सूर्यकुमार यादव ने इस ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का और पांचवीं गेंद पर चौका लगाया। सूर्यकुमार के 33 गेंद में 47 और तिलक के 23 गेंद में 34 रन हैं।

20:57 (IST) 6 Apr 2022
IPL 2022: KKR vs MI: 17वें ओवर से मुंबई के खाते में आए 17 रन

वरुण चक्रवर्ती 17वां ओवर लेकर आए। इस ओवर से मुंबई के खाते में 17 रन आए। 17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 3 विकेट पर 115 रन है। तिलक वर्मा ने इस ओवर की पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाया। आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने चौका लगाया। सूर्यकुमार के 29 गेंद में 36 और तिलक के 21 गेंद में 32 रन हैं।

20:49 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR: मुंबई ने 15 ओवर में बनाए 85 रन, गंवाए 3 विकेट

सुनील नरेन 15वां ओवर लेकर आए। इस ओवर से मुंबई के खाते में 6 रन आए। 15 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 3 विकेट पर 85 रन है। सूर्यकुमार यादव के 26 गेंद में 30 रन हैं। तिलक वर्मा ने अब तक 12 गेंद में 8 रन बनाए हैं।

20:35 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI: उमेश के ओवर में तिलक वर्मा को मिला जीवनदान

उमेश यादव 13वां ओवर लेकर आए। इस ओवर से मुंबई के खाते में 13 रन आए। 13 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 3 विकेट पर 71 रन है। इस ओवर की तीसरी गेंद पर तिलक वर्मा को जीवनदान भी मिला। तिलक वर्मा के बल्ले का टॉप एज लगा। कैच के लिए बिलिंग्स और रहाणे दोनों दौड़ पड़े। बिलिंग्स ने अंत में रहाणे के लिए गेंद छोड़ दिया, लेकिन रहाणे डाइव लगाने के बाद भी गेंद तक नहीं पहुंच पाए।

20:27 (IST) 6 Apr 2022
Kolkata Knight Riders vs Mumbai Indians IPL Live Score: मुंबई इंडियंस ने गंवाया एक और विकेट, इशान किशन लौटे पवेलियन

पैट कमिंस 11वां ओवर लेकर आए। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर इशान किशन को मिड-विकेट पर श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। इशान 21 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जग तिलक वर्मा क्रीज पर आए हैं। 11 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 3 विकेट पर 55 रन है।

20:20 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR Live Match Score: दस ओवर में मुंबई का स्कोर 2 विकेट पर 54 रन

दस ओवर का खेल हो चुका है। दस ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर 2 विकेट पर 54 रन है। सूर्यकुमार ने 9 गेंद में 7 और इशान किशन ने 20 गेंद में 14 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 13 गेंद में अभी 9 रन की साझेदारी ही हो पाई है।

20:11 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI Live Match Score: आठवें ओवर में मुंबई को लगा दूसरा झटका

वरुण चक्रवर्ती 8वां ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर की पहली गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस ने छक्का लगाया। हालांकि, पांचवीं गेंद पर उन्हें सैम बिलिंग्स ने स्टम्प कर दिया। ब्रेविस 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 19 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हुए। ब्रेविस की जगह सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए। उन्होंने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। आठ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 2 विकेट पर 46 रन है।

20:00 (IST) 6 Apr 2022
IPL 2022: MI vs KKR: छठे ओवर में मुंबई इंडियंस ने बनाए 12 रन

छह ओवर का खेल हो चुका है। छठा ओवर पैट कमिंस लेकर आए। कमिंस के इस ओवर से मुंबई इंडियंस के खाते में 12 रन आए। ओवर की चौथी गेंद पर इशान किशन ने लॉन्ग ऑन की ओर चौका लगाया। ओवर की आखिरी गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस ने छक्का लगाया। 6 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर एक विकेट पर 35 रन है। ब्रेविस उर्फ बेबी एबी के 12 गेंद में 21 और इशान के 12 गेंद में 10 रन हैं।

19:47 (IST) 6 Apr 2022
IPL 2022: KKR vs MI: मुंबई इंडियंस ने गंवाया अपना पहला विकेट

उमेश यादव ने तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर मुंबई इंडियंस को पहला झटका दिया। उन्होंने रोहित शर्मा को विकेट के पीछे सैम बिलिंग्स के हाथों कैच कराया। रोहित 12 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए। रोहित की जगह डेवाल्ड ब्रेविस क्रीज पर आए। उमेश की इस गेंद पर रोहित अपना पसंदीदा पुल शॉट लगाना चाहते थे, लेकिन पिच पर अतिरिक्त गति और उछाल के कारण बल्ले का ऊपरी किनारा लगा और गेंद हवा में खड़ी हो गई। शॉर्ट फाइन लेग का खिलाड़ी पीछे भागकर कैच के लिए जा रहा था, लेकिन विकेटकीपर सैम बिलिंग्स ने उसे दूर हटने को कहा और हवा में घूमती गेंद को अपने दस्तानों में समा लिया। डेवाल्ड ब्रेविस ने ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 7 रन है।

19:40 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR: दूसरे ओवर में मुंबई ने बनाए 3 रन

दूसरा ओवर रसिख सलाम लेकर आए। ओवर की तीसरी गेंद पर रोहित ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर इशान ने एक रन लेकर अपना खाता खोला। ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित ने फिर एक रन लिया। दो ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना विकेट खोए 4 रन है।

19:34 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI: मुंबई ने पहले ओवर में बनाया सिर्फ एक रन

पहले ओवर से मुंबई इंडियंस के खाते में सिर्फ एक रन आया। रोहित ने ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। अगली दो गेंदों पर इशान किशन अपना खाता नहीं खोल पाए।

19:30 (IST) 6 Apr 2022
Kolkata Knight Riders vs Mumbai Indians IPL Live Score: शुरू हुई मुंबई इंडियंस की पारी

मुंबई इंडियंस की ओर से रोहित शर्मा और इशान किशन ने पारी की शुरुआत की। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए पहला ओवर उमेश यादव लेकर आए। उमेश यादव ने इस सीजन में अब तक हर मैच के पहले ओवर में विकेट झटक चुके हैं। देखना होगा कि आज भी क्या यह सिलसिला बरकरार रहेगा? लॉन्ग ऑन और लॉन्ग ऑफ की तरह बाउंड्री 70 से 75 मीटर लंबी है। स्क्वायर लेग और पॉइंट के क्षेत्र में 63 मीटर की दूरी पार करने पर बल्लेबाजों के खाते में बाउंड्री आएगी।

19:14 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR Live Match Score: मुंबई इंडियंस की अपनी पहली जीत पर नजर

कोलकाता नाइट राइडर्स का इस सीजन यह चौथा, जबकि मुंबई इंडियंस का यह तीसरा मुकाबला है। केकेआर ने अपने 3 में से 2 मैच में जीत हासिल की है, लेकिन मुंबई ने अब तक जीत का स्वाद नहीं चखा है।

19:06 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI Live Match Score: ये है मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस: इशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, डेनियल सैम्स, डेवाल्ड ब्रेविस, मुरुगन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, टाइमल मिल्स, बासिल थम्पी।

19:05 (IST) 6 Apr 2022
IPL 2022: MI vs KKR: ये है कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर), नीतीश राणा, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, पैट कमिंस, उमेश यादव, रसिख सलाम, वरुण चक्रवर्ती।

19:00 (IST) 6 Apr 2022
IPL 2022: KKR vs MI: रसिख ने किया केकेआर के लिए डेब्यू

रसिख सलाम को केकेआर की डेब्यू कैप सौंपी गई है। क्या वह शिवम मावी की जगह लेंगे? इसकी ही सबसे अधिक संभावना है। थोड़ी इंतजार और कीजिए।

18:54 (IST) 6 Apr 2022
MI vs KKR: कीरोन पोलार्ड को रहना होगा पैट कमिंस और सुनील नरेन से सतर्क

कीरोन पोलार्ड पैट कमिंस और सुनील नारायण को खेलने में असहज महसूस करते हैं। कमिंस ने टी20 में पोलार्ड को तीन बार आउट किया है। सुनील नरेन चार बार पोलार्ड को अपना शिकार बना चुके हैं। सूर्यकुमार यादव को उमेश यादव और रसेल दोनों की गेंदों से बचकर रहना होगा। उमेश और रसेल दोनों सूर्यकुमार यादव को 2-2 बार आउट कर चुके हैं।

18:49 (IST) 6 Apr 2022
KKR vs MI: रोचक होगी बुमराह और रसेल के बीच की टसल

इस मैच में जसप्रीत बुमराह और आंद्रे रसेल के बीच की टसल देखने लायक होगी। बुमराह ने नौ पारियों में रसेल को 3 बार पवेलियन भेजा है। वहीं, जयदेव उनादकट ने केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर को 3 पारियों में 2 बार आउट किया है। अजिंक्य रहाणे भी उनादकट की गेंदबाजी के सामने दो बार घुटने टेक चुके हैं।

IPL 2022, KKR vs MI Live Score (आईपीएल लाइव क्रिकेट टुडे मैच स्कोर): आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच अब तक 29 मैच खेले गए हैं। इसमें से मुंबई इंडियंस ने 22 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि केकेआर को सिर्फ 7 मैच में ही जीत नसीब हुई है। आईपीएल में मुंबई का केकेआर के खिलाफ जीत का प्रतिशत 75.8 फीसदी है। यह किसी भी टीम का दूसरे के खिलाफ सबसे अधिक सक्सेस रेट है। इस मामले में दूसरे नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स है। उसका सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सक्सेस रेट 75 फीसदी है। आईपीएल में केकेआर और मुंबई इंडियंस के बीच पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने 4 में जीत हासिल की है। दोनों के बीच आखिरी भिड़ंत 23 सितंबर 2021 को अबुधाबी के मैदान पर हुई थी। तब कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया था।