IPL 2022 KKR vs DC: दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 19वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 44 रन से हरा दिया। मुंबई के ब्रेब्रोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 215 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की पूरी टीम 19.4 ओवर में 171 रन पर पवेलियन लौट गई।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 35 रन देकर 4, खलील अहमद ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 और शार्दुल ठाकुर ने 2.4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए। केकेआर के लिए श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए। नितीश राणा ने 30 रन बनाए। आंद्रे रसेल 21 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। सैम बिलिंग्स 9 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
इस जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2022 की पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर पहुंच गई। केकेआर अब भी शीर्ष पर बनी हुई है। उसके 5 मैच में 6 अंक हैं। दिल्ली के 4 मैच में 4 अंक हैं। पूरी पॉइंट्स टेबल देखने के लिए यहां क्लिक करें।
दिल्ली कैपिटल्स का 215 रन इस सीजन किसी भी टीम का उच्चतम स्कोर है। इससे पहले यह उपलब्धि लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम थी। उसने 31 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 19.3 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन बनाए थे।
एक समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 16.4 ओवर में 5 विकेट पर 166 रन था। इसके बाद शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल ने आखिरी 20 गेंद में नाबाद 49 रन की साझेदारी की।शार्दुल ने एक चौके और 3 छक्के की मदद से 11 गेंद में नाबाद 29 रन बनाए। अक्षर ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 14 गेंद में 22 रन बनाए।
IPL 2022: यहां जानिए राजस्थान और लखनऊ के मैच का लाइव स्कोर
इस मैच के लिए केकेआर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया था। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी थी। दिल्ली की टीम में एनरिक नॉर्टजे की जगह खलील अहमद की टीम में वापसी हुई थी।
इस मैच में दोनों टीमें इन खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरीं। ये थी दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर), नितीश राणा, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, पैट कमिंस, उमेश यादव, रसिख सलाम, वरुण चक्रवर्ती।
दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, सरफराज खान, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान, खलील अहमद।
Indian Premier League, 2022
Kolkata Knight Riders
171 (19.4)
Delhi Capitals
215/5 (20.0)
Match Ended ( Day – Match 19 )
Delhi Capitals beat Kolkata Knight Riders by 44 runs
IPL 2022, KKR vs DC Live Score: पावरप्ले में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों का प्रदर्शन खराब रहा है।
इस मैच को पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर की बल्लेबाजी तथा कुलदीप यादव और खलील अहमद की गेंदबाजी के लिए याद किया जाएगा। हालांकि, कुलदीप यादव के कैच को भी भूला नहीं जा सकता है। कुलदीप ने जिस तरह से उमेश यादव का कैच पकड़ा, कोई भी गेंदबाज अपनी गेंद पर बहुत ही कम ही वैसा कैच पकड़ पाता है। उनकी गेंदबाजी तो कमाल रही ही। चार विकेट लेने के बाद अब पर्पल कैप उनके पास पहुंच गई है।
मुस्तफिजुर रहमान 19वां ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर से केकेआर के खाते में 7 रन आए। केकेआर का स्कोर 8 विकेट पर 166 रन है। उसे आखिरी ओवर में 50 रन चाहिए, जो कि असंभव लक्ष्य है। अब देखना है कि केकेआर अपनी हार के अंतर को कितना कम कर पाती है।
खलील अहमद 17वां ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर में रसेल तीन रन ही बना पाए। रसिख ने ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाया। 17 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 8 विकेट पर 159 रन है। उसे जीत के लिए अब 12 गेंद में 57 रन हैं। जो असंभव लगता है।
कुलदीप का कहर जारी है। उन्होंने कमिंस के बाद पांचवीं और छठी गेंद पर लगातार विकेट झटके। कुलदीप ने 5वीं गेंद पर सुनील नरेन को रोवमैन पॉवेल के हाथों कैच कराया। ओवर की आखिरी गेंद पर उमेश यादव का खुद ही कैच लपका। कुलदीप की यह गेंद स्टंप की लाइन में गुगली और लेंथ थी। उमेश लालच में आ गए। उन्होंने स्लॉग स्वीप की कोशिश की, लेकिन गेंद मिडविकेट पर खड़ी हो गई। वहां कोई फील्डर नहीं था तो विकेटकीपर और कुलदीप दोनों कैच के लिए दौड़े। अंत में कुलदीप ने डाइव लगाकर कैच लपका।
कुलदीप यादव 16वां ओवर लेकर आए। उन्होंने अपनी तीसरी ही गेंद पर केकेआर को बहुत बड़ा झटका दिया। उन्होंने 14 गेंद में पचासा ठोकने वाले पैट कमिंस को एलबीडब्ल्यू किया। कमिंस 3 गेंद में 4 रन बनाकर आउट हुए। कमिंस की जगह सुनील नरेन क्रीज पर आए।
खलील अहमद 15वां ओवर लेकर आए। उन्होंने इस ओवर की चौथी गेंद पर सैम बिलिंग्स को पवेलियन की राह दिखाई। सैम बिलिंग्स 9 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। बिलिंग्स की जगह पैट कमिंस आए। 15 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 5 विकेट पर 137 रन है। उसे जीत के लिए 30 गेंद में 79 रन चाहिए।
अक्षर पटेल 14वां ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर सैम बिलिंग्स ने चौका जड़ा। बिलिंग्स ने चौथी गेंद पर छक्का भी लगाया। 14 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 4 विकेट पर 131 रन है। केकेआर को अभी जीत के लिए 6 ओवर में 85 रन चाहिए।
कुलदीप यादव 13वां ओवर लेकर आए। उनकी चौथी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, अगली गेंद पर ऋषभ पंत ने उन्हें स्टम्प कर दिया। श्रेयस 33 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 2 छक्के लगाए। श्रेयस की जगह सैम बिलिंग्स क्रीज पर आए। सैम ने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। केकेआर को अभी जीत के लिए 7 ओवर में 98 रन चाहिए। उसके खाते में अभी 118 रन ही हैं।
ललित यादव 12वां ओवर लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर नितीश राणा ने छक्का लगाया, लेकिन चौथी गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। नितीश राणा लॉन्ग ऑन पर पृथ्वी शॉ के हाथों आउट हुए। नितीश राणा 20 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 छक्के लगाए। 12 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 3 विकेट पर 109 रन है। श्रेयस अय्यर के 29 गेंद में 47 रन हैं।
दस ओवर का खेल हो चुका है। केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 91 रन है। नितीश राणा के 14 गेंद में 22 और श्रेयस अय्यर के 24 गेंद में 39 रन हैं। रोवमैन पॉवेल के 10वें ओवर से केकेआर के खाते में 17 रन आए। श्रेयस अय्यर ने पहली गेंद पर चौका और नितीश राणा ने चौथी गेंद पर छक्का जड़ा। केकेआर को जीत के लिए 10 ओवर में 125 रन बनाने हैं।
नौ ओवर का खेल हो चुका है। केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 74 रन है। नितीश राणा के 11 गेंद में 13 और श्रेयस अय्यर के 21 गेंद में 32 रन हैं। अक्षर पटेल के 9वें ओवर से केकेआर के खाते में 13 रन आए। श्रेयस अय्यर ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया। केकेआर को जीत के लिए 11 ओवर में 142 रन बनाने हैं।
आठ ओवर का खेल हो चुका है। केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 61 रन है। नितीश राणा के 10 गेंद में 12 और श्रेयस अय्यर के 16 गेंद में 22 रन हैं। कुलदीप यादव के आठवें ओवर से केकेआर के खाते में 10 रन आए।
सात ओवर का खेल हो चुका है। केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 51 रन है। नितीश राणा के 6 गेंद में 4 और श्रेयस अय्यर के 14 गेंद में 20 रन हैं।
खलील अहमद ने दिल्ली के खाते में एक और सफलता डाल दी। उन्होंने पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर अजिंक्य रहाणे को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराया। रहाणे 14 गेंद में 8 रन बनाकर आउट हुए। रहाणे की जगह नितीश राणा क्रीज पर आए। पांच ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 2 विकेटपर 40 रन है। उसे जीत के लिए अब 15 ओवर में 176 रन बनाने हैं।
शार्दुल ठाकुर चौथा ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर से केकेआर के खाते में 12 रन आए। इस ओवर की चौथी गेंद पर रहाणे और आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने चौका लगाया। चार ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 38 रन है। रहाणे के 10 गेंद में 8 और श्रेयस के 6 गेंद में 11 रन हैं।
खलील अहमद तीसरा ओवर लेकर आए। उन्होंने तीसरी ही गेंद पर दिल्ली को पहली सफलता दिला दी। वेंकटेश अय्यर को बाउंड्री के पास अक्षर पटेल ने लपका। वेंकटेश अय्यर 8 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। खलील की यह गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ बॉल थी। वेंकटेश ने उसे पुल किया। उन्होंने सोचा होगा कि गेंद फील्डर के सिर के ऊपर से निकल जाएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं और बापू ने एक आसान कैच लपक लिया। वेंकटेश की जगह श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला।
दिल्ली के लिए दूसरा ओवर शार्दुल ठाकुर लेकर आए। उनके ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर वेंकटेश अय्यर ने छक्के लगाए। पांचवीं गेंद पर वेंकटेश अय्यर ने एक रन लेकर स्ट्राइक रहाणे को दी। रहाणे ने आखिरी गेंद पर एक रन लिया। शार्दुल ने एलबीडब्ल्यू की अपील की। अंपायर ने नकार दिया। शार्दुल पंत के पास गए, लेकिन कप्तान संतुष्ट नहीं हुए। वॉर्नर ने भी हाईट का हवाला दिया। दो ओवर के बाद केकेआर का स्कोर बिना विकेट खोए 16 रन है। उसे जीत के लिए 18 ओवर में 200 रन बनाने हैं।
केकेआर की ओर से वेंकटेश अय्यर और अजिंक्य रहाणे ने पारी की शुरुआत की। दिल्ली की ओर से मुस्तफिजुर पहला ओवर लेकर आए। उनकी 5वीं गेंद पर रहाणे ने एक रन लेकर अपना और केकेआर का खाता खोला। वेंकटेश ने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला।
पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर की अगुआई में दिल्ली कैपिटल्स ने तेज और सधी हुई शुरुआत की थी। एक समय 250 का स्कोर भी मुमकिन लग रहा था, लेकिन केकेआर के गेंदबाजों ने वापसी की और नियमित अंतराल पर विकेट लेकर उन्हें 215 पर ही रोक दिया। अंत में शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल ने 20 गेंदों में 49 रन की साझेदारी कर दिल्ली को 200 के ऊपर पहुंचाया।
कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल में 29वीं बार आमने-सामने हैं। इससे पहले दोनों की बीच हुए 28 मुकाबलों में से केकेआर ने 16 और दिल्ली कैपिटल्स ने 12 में जीत हासिल की है। साल 2018 से दोनों के बीच 9 मैच खेले गए हैं। इनमें से दिल्ली कैपिटल्स ने 5 और केकेआर ने 4 में जीत हासिल की है।
पैट कमिंस के 18वें ओवर से दिल्ली के खाते में 9 रन आए। उमेश यादव 19वां ओवर लेकर आए। उनकी पहली ही गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने छक्का लगाया। शार्दुल ने उनकी तीसरी गेंद पर भी छक्का लगाया। अक्षर पटेल ने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। अक्षर ने आखिरी गेंद पर चौका लगाया। 19 ओवर के बाद दिल्ली का कैपिटल्स का स्कोर 5 विकेट पर 199 रन है।
उमेश यादव ने दिल्ली कैपिटल्स को पांचवां झटका दिया। उन्होंने 17वें ओवर की चौथी गेंद पर डेविड वॉर्नर को डीप मिड-विकेट पर अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया। वॉर्नर 45 गेंद में 61 रन बनाकर आउट हुए। वॉर्नर की जगह शार्दुल ठाकुर क्रीज पर आए। उन्होंने 5वीं गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। 17 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 5 विकेट पर 167 रन है। दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी 30 गेंद में सिर्फ 18 रन बनाए और 4 विकेट गंवाए।
वरुण चक्रवर्ती 15वां ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर से दिल्ली के खाते में 10 रन आए। अगला ओवर सुनील नरेन लेकर आए। उन्होने पहली ही गेंद पर रोवमैन पॉवेल को पवेलियन भेज दिया। पॉवेल ने 6 गेंद में 8 रन बनाए। डीप स्क्वायर लेग पर उनका स्थानापन्न खिलाड़ी रिंकू सिंह ने कैच लपका।
सुनील नरेन 14वां ओवर लेकर आए। उन्होंने अपनी पांचवीं गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया। सुनील की यह गेंद स्टंप पर आती लेंथ गेंद थी। ललित यादव ने उसे पैडल स्वीप का प्रयास किया, लेकिन गेंद की लाइन मिस कर गए और प्लंब हो गए। ललित 4 गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। नए बल्लेबाज रोवमन पॉवेल हैं। नरेन के ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 3 विकेट पर 151 रन हैं। वॉर्नर के 38 गेंद में 58 रन हैं।
पंत की जगह ललित यादव क्रीज पर आए। वह रसेल की आखिरी गेंद पर अपना खाता नहीं खोल पाए। 13 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 2 विकेट पर 148 रन है। वॉर्नर के 36 गेंद में 56 रन हैं।
आंद्रे रसेल 13वां ओवर लेकर आए। उनके ओवर की पहली गेंद पर वॉर्नर ने 2 रन लिए। दूसरी गेंद पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने पंत के साथ अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की। दोनों ने 24 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। वॉर्नर ने 35 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, रसेल ने पांचवीं गेंद पर पंत का विकेट भी झटका। पंत 14 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 चौके और 2 छक्के लगाए। पंत को उमेश यादव ने लपका।
वरुण चक्रवर्ती ने नौवें ओवर की चौथी गेंद पर केकेआर को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने पृथ्वी शॉ को बोल्ड किया। पृथ्वी 29 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और 2 छक्के लगाए। पृथ्वी की जगह ऋषभ पंत क्रीज पर आए। 9 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 93 रन है। वॉर्नर के 23 गेंद में 37 रन हैं।
वेंकटेश अय्यर आठवां ओवर लेकर आए। उनकी शुरुआत की तीन गेंद में सिर्फ 3 रन आए। इसके बाद चौथी गेंद पर पृथ्वी शॉ ने छक्का जड़ दिया। पृथ्वी ने 5वीं गेंद पर चौका भी लगाया। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। आठ ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर बिना विकेट खोए 87 रन है। पृथ्वी शॉ के 27 गेंद में 50 और वॉर्नर के 21 गेंद में 32 रन हैं।
सातवां ओवर आंद्रे रसेल लेकर आए। उनके इस ओवर से दिल्ली कैपिटल्स के खाते में सिर्फ 5 रन ही आए। सात ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर बिना विकेट खोए 73 रन है। पृथ्वी शॉ के 23 गेंद में 38 और वॉर्नर के 19 गेंद में 30 रन हैं।
सुनील नरेन छठा ओवर लेकर आए। इस ओवर से दिल्ली कैपिटल्स के खाते में 10 रन आए। डेविड वॉर्नर ने तीसरी और पृथ्वी शॉ ने छठी गेंद पर चौका जड़ा। छह ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर बिना विकेट खोए 68 रन है। पृथ्वी शॉ के 20 गेंद में 36 और वॉर्नर के 16 गेंद में 27 रन हैं।
IPL 2022, KKR vs DC Live Score (आईपीएल लाइव क्रिकेट टुडे मैच स्कोर): गेंदबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स का पावरप्ले में प्रदर्शन बहुत खराब रहा है। उसके गेंदबाजों ने इस सीजन पावरप्ले में सिर्फ एक विकेट लिया है। यह इस आईपीएल में सभी टीमों में सबसे कम है। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। केकेआर ने ब्रेबोर्न में अब तक दो मैच खेले हैं और उसे दोनों में हार का सामना करना पड़ा है। केकेआर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुए पिछले 5 मैच में से कोलकाता ने तीन में जीत हासिल की है।