प्रसिद्ध मार्शल आर्टिस्ट चीता यज्ञेश शेट्टी ने नेपाल के शहर बीरगंज में महान ब्रूस ली की याद में आयोजित एक आत्मरक्षा कार्यक्रम में दो घंटे के सत्र में 18,000 लड़कियों और महिलाओं को प्रशिक्षित किया। चीता यज्ञेश शेट्टी अमिताभ बच्चन, प्रियंका चोपड़ा, अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे कई भारतीय सितारो को प्रशिक्षित कर चुके हैं। चीता यज्ञेश शेट्टी ‘चीता जीत कुन डो ग्लोबल स्पोर्ट्स फेडरेशन’ के संस्थापक और अध्यक्ष हैं।
इंस्टाग्राम पर @cheetahyajnesh हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘नेपाल के बीरगंज महानगर के आदर्श मैदान में आत्मरक्षा कार्यक्रम में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड समेत 3 विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए। आत्मरक्षा कार्यक्रम के 2 घंटे के सत्र के दौरान 95 स्कूल और कॉलेज की 18000 लड़कियों ने हिस्सा लिया। माननीय महापौर राजेश मान सिंह, सद्भावना राजदूत अशोक बैद और मास्टर थापा के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित हुआ।’
जैकी चेन और रोजर मूर के साथ भी कर चुके हैं काम
चीता यज्ञेश शेट्टी ने बेन किंग्सले, रोजर मूर और जैकी चैन जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ भी काम किया है। चीता यज्ञेश शेट्टी ने कहा, ‘यह आत्मरक्षा कार्यक्रम के लिए सबसे बड़ी सभा थी। यह एक विश्व रिकॉर्ड है। मुझे महानगर के अधिकारियों ने आमंत्रित किया था। वे ब्रूस ली की जयंती मनाना चाहते थे। महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना एक अच्छा विचार था। मैंने इसका समर्थन किया क्योंकि यह आत्मरक्षा और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रयास था।’
कौन थे ब्रूस ली?
ब्रूस ली एक हॉन्गकॉन्ग-अमेरिकी मार्शल आर्टिस्ट और अभिनेता थे। उन्होंने ‘जीत कुन डो’ की स्थापना की, जो एक मार्शल आर्ट विद्या है। उनका जन्म 27 नवंबर, 1940 को सैन फ्रांसिस्को में ली जुन-फैन के रूप में हुआ था। 20 जुलाई, 1973 को 32 साल की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। ब्रूस ली के शुरुआती मार्शल आर्ट प्रशिक्षण में विंग चुन, ताई ची और मुक्केबाजी शामिल थी। उन्होंने 1970 के दशक की शुरुआत में हॉन्गकॉन्ग की मार्शल आर्ट फिल्मों में भी अभिनय किया, जिनमें द बिग बॉस (1971), फिस्ट ऑफ फ्यूरी (1972), द वे ऑफ द ड्रैगन (1972), एंटर द ड्रैगन (1973) और द गेम ऑफ डेथ (1978) शामिल हैं।