इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा क्विंटन डीकॉक अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, निजी जिंदगी में डीकॉक को लाइमलाइट से दूर रहना पसंद है। शायद यही वजह है कि बहत कम लोगों को पता होगा कि उनका दिल एक चीयरलीडर पर आ गया था। जिनसे बाद में उन्होंने शादी की।

डीकॉक और साशा की लव स्टोरी (LOVE STORY) में तकनीक का भी बहत बड़ा हाथ है। जी हां, डीकॉक और साशा हर्ले की प्रेम कहानी की शुरुआत फेसबुक से हुई थी। डीकॉक और साशा हर्ले पहली बार 2012 में चैंपियंस लीग के एक मैच में मिले थे। मुंबई इंडियंस के खिलाफ हुए उस मैच में डीकॉक की टीम हाईवेल्ड लायंस जीत गई। डीकॉक ने उस मैच में 51 रनों की आतिशी पारी खेली थी। डीकॉक ने मैच में 2 छक्के और 6 चौके लगाए थे।

मैच के दौरान चीयरलीडर्स में से एक साशा हर्ले थीं, जो बाएं हाथ के इस प्रतिभाशाली क्रिकेटर से काफी प्रभावित थीं। डीकॉक ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में बताया था, खेल के बाद, वह (साशा हर्ले) आई और मुझे बधाई दी। बाद में, मैंने फेसबुक पर उसे धन्यवाद दिया। इसके बाद हम दोनों के बीच बातचीत होने लगी। यह सिर्फ एक शुरुआत थी। मुझे नहीं लगता था कि यह (लव स्टोरी) मैदान पर शुरू हो सकती है।

डीकॉक ने बताया कि बातचीत का सिलसिला शुरू होने के बाद उन्होंने बहुत हिम्मत कर साशा से उनका फोन नंबर मांगा था। उसके बाद दोनों की फोन पर बातचीत शुरू हुई। यह बातचीत कब प्यार में बदल गई दोनों को ही पता नहीं चला। देखते ही देखते दोनों के बीच नजदिकियां बढ़ने लगी। डीकॉक और साशा ने करीब 3 साल तक एक दूसरे को डेट किया।

2015 में डीकॉक ने साशा के साथ इंगेजमेंट (सगाई) कर ली। डीकॉक ने सगाई को यादगार बनाने के लिए साशा को मर्सिडीज कार गिफ्ट की।साल 2016 में डीकॉक और साशा ने शादी कर ली। डीकॉक और साशा की कुछ आदतें बहुत मिलती जुलती हैं। इसमें से एक है कि दोनों को ही मछली पकड़ने का बहुत शौक है। यही नहीं, दोनों को डॉगी से भी बहुत प्यार है। डीकॉक और साशा के पास दो डॉगी हैं।