तीन टेस्ट मैचों के शुरुआती दो मैच हारने के बाद भारत ने तीसरे टेस्ट में शानदार वापसी करते हुए बल्लेबाजों की कब्रगाह बन चुकी वांडर्स की पिच पर संघर्षपूर्ण जीत हासिल कर अपने मनोबल को ऊंचा कर लिया है। अब गुरुवार (1 फरवरी) से शुरू हो रही छह वनडे मैचों की सीरीज में भारत उसी बढ़े हुए मनोबल के साथ दक्षिण अफ्रीका को उसके घर में चुनौती देने के लिए पूरी तरह से तैयार है। दोनों टीमें पहले वनडे में किंग्समीड स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।

भारतीय टीम के लिए वनडे सीरीज में एक और अच्छी बात यह है कि उसके पास अब महेंद्र सिंह धोनी जैसा अनुभवी खिलाड़ी भी होगा। वहीं साउथ अफ्रीका को सीरीज से पहले ही बड़ा झटका लगा है। सीरीज के शुरुआती तीन मैचों के लिए उसके मुख्य बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स चोटिल होकर बाहर हो गए हैं।

साउथ अफ्रीका और भारत के बीच मैच का लाइव प्रसारण Sony Ten 1, Sony Ten 1 HD, Sony Ten 3 और Sony Ten 3 HD पर देखा जा सकता है। लाइव प्रसारण दोपहर साढ़े चार बजे से शुरू होगा। मैच की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग SonyLIV App और इसकी वेबसाइट SonyLiv.com पर होगी। इसके अलावा लाइव स्कोर, अपडेट्स और एनालिसिस के लिए  https://www.jansatta.com/khel/ पर आएं।

2019 में होने वाले विश्व कप में तकरीबन 14 महीने का ही समय बचा है। भारत की निगाह इस पर होगी और वह इस दौरे के साथ उसकी तैयारियों में जुटना चाहेगा। इस दौरे के बाद भारत को अगला दौरा इंग्लैंड का करना है। इसके अलावा भारत को आने वाले महीनों में सीमित ओवरों की काफी क्रिकेट खेलना है। ऐसे में इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में होने वाली क्रिकेट भारतीय टीम प्रबंधन को कई नए संयोजनों पर काम करने का मौका देगी जो अगले साल होने वाले विश्व कप में टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

टीमें :

भारत : विराट कोहली (भारत), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर।

साउथ अफ्रीका : फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), हाशिम अमला, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), ज्यां पॉल ड्यूमिनी, इमरान ताहिर, एडिन मार्करम, डेविड मिलर, मोर्ने मोर्कल, क्रिस मौरिस, लुंगी नगिडी, अंदिले फेहुलकवायो, कागिसो रबा, तबरेज शम्सी, खायेलिहले जोंडो।