भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। वहीं, टेस्ट टीम में जगह नहीं पाने वाले युजवेंद्र चहल पत्नी धनश्री वर्मा के साथ समय बिता रहे हैं। चहल ने रविवार (7 फरवरी) को इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें वो दक्षिण की फिल्मों के सुपरस्टार यश के साथ दिखाई दे रहे हैं। फोटो में KGF स्टार यश के अलावा उनकी पत्नी राधिका पंडित और धनश्री भी नजर आ रही हैं।
यश ने KGF मूवी में रॉकी का किरदार निभाया था। इस किरदार ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। अब यश की KGF चैप्टर-2 का उनके फैंस कर रहे हैं। फिल्म 16 जुलाई 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। चहल उनसे मिलने उनके घर गए थे। फोटो में यश से मिलने के बाद उनकी और धनश्री की खुशी साफ तौर पर देखी जा सकती है। चहल की इस तस्वीर को 4 घंटे में साढ़े सात लाख से ज्यादा लोगों ने लाइक किया। कई फैन मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा, ‘रॉकी भाई के साथ छा गए युजी भाई।’ वहीं, एक अन्य फैन ने लिखा, ‘वाह क्या बात है। सुल्तान और चहल एक साथ।’
View this post on Instagram
यश कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार हैं। उन्होंने 2008 में अपने करियर की शुरुआत की थी। यश की पहली फिल्म मोगिना मनसु थी। यश को इस फिल्म में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। मोदालासाला उनकी पहली सुपरहिट फिल्म थी। यश के साथ इस फिल्म में राधिका ने को-एक्ट्रेस थीं। 2016 में दोनों ने शादी कर ली। केजीएफ चैप्टर-2 में यश के अलावा बॉलीवुड के सुपरस्टार संजय दत्त और अभिनेत्री रवीना टंडन भी नजर आने वाली हैं।
चहल और कोरियोग्राफर धनश्री ने दिसंबर में शादी की है। शादी के बाद पहले की तरह ही दोनों सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय हैं। चहल और धनश्री की मुलाकात इसी साल लॉकडाउन के दौरान हुई थी। प्रेम कहानी आगे बढ़ने के बाद दोनों साथ में जिंदगी बिताने का फैसला लिया। 22 दिसंबर को दोनों ने शादी कर ली। युजवेंद्र जहां क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा हैं तो वहीं धनश्री बेहतरीन डांसर हैं जो खुद की डांस एकेडमी भी चलाती हैं।