भारतीय टीम के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव (Kapil Dev) ने फैंस को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। इस संबंध में कपिल देव ने अपने टि्वटर पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में कपिल देव ने कहा, ‘सभी को दीपावाली की शुभकामनाएं। मैं स्वस्थ हूं, मैं खुश हूं। दिल ठीक काम कर रहा है।’ इस महान ऑलराउंडर ने हाल ही में अपने दिल की एंजियोप्लास्टी कराई है।
बीते महीने 23 अक्टूबर को कपिल देव को सीने में दर्द की शिकायत के बाद दिल्ली के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई और 25 अक्टूबर को उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई थी। 61 साल के इस पूर्व स्टार ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘सभी को दीपावली की शुभकामनाएं और मैं उम्मीद करता हूं कि यह साल सभी के लिए ढेर सारी खुशियां लेकर आए। आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं स्वस्थ और खुश हूं दिल अच्छा काम कर रहा है, लेकिन मैं सभी को विश करना चाहता हूं कि उन्हें दुनिया भर की सभी खुशियां मिलें।’
Happy Diwali pic.twitter.com/QFRPs8UHy1
— Kapil Dev (@therealkapildev) November 13, 2020
Once a champion always a champion- Good to see you back @therealkapildev paaji. https://t.co/LoRm2yGP66
— Riteish Deshmukh (@Riteishd) November 12, 2020
इससे पहले कपिल देव ने गुरुवार को एक गोल्फ कोर्स का वीडियो शेयर किया था। उस वीडियो में वह गोल्फ खेलते हुए दिख रहे थे। उनका वह वीडियो थोड़ी देर में ही वायरल हो गया था। उनकी पोस्ट पर बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख (Riteish Deshmukh) ने भी कमेंट किया था। रितेश देशमुख ने लिखा कि आपको वापस देखकर बहुत खुशी हुई पाजी। रितेश देशमुख के इस ट्वीट पर भी फैंस ने भी रिएक्शन दिए थे।
कपिल देव की कप्तानी में ही भारतीय क्रिकेट टीम ने 1983 में पहली बार विश्व कप जीता था। इस ऐतिहासिक जीत पर एक फिल्म भी बन रही है। उस फिल्म में रणवीर सिंह कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के इस साल दिसंबर में रिलीज होने की संभावना है।