बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत सुर्खियों में हैं। यह कंगना ही थीं जिन्होंने एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत को हत्या बताया था। उन्होंने बॉलीवुड में नेपोटिज्म होने का आरोप लगाया था। इस संबंध में उन्होंने वीडियो जारी किया था। उन्होंने सुशांत की मौत मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। इसके बाद से ही वह अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। कुछ दिन पहले कंगना ने मुंबई की तुलना पीओके से की थी। इसके बाद से ही उनका शिवसेना से ‘पंगा’ बढ़ गया। हालांकि, रियल हो या रील कंगना ‘पंगा’ लेती रहती हैं। कंगना ‘पंगा’ नाम की एक फिल्म भी कर चुकी हैं। इसमें उन्होंने एक वर्ल्ड कप विजेता कबड्डी खिलाड़ी का रोल निभाया है।

फिल्म ‘पंगा’ भारत के एक कबड्डी खिलाड़ी के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में यह उस खिलाड़ी की जीत, संघर्ष और रूढ़ियों पर काबू पाने की कहानी है। फिल्म में दर्शाया गया है कि सफल होने के लिए परिवार के समर्थन और  प्यार का भी महत्व है। फिल्म में परिवार और स्पोटर्स का बेहतरीन समन्वय दिखाया गया है। फिल्म ‘पंगा’ का टाइटल ट्रैक ‘मन की जो सुने है वही चंगा, लेले लेले पंगा’ है। इस फिल्म में कंगना ने जया निगम का किरदार निभाया है। जया पूर्व वर्ल्ड चैंपियन कबड्डी खिलाड़ी हैं। वह भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान रह चुकी हैं। वह अपने समय की सर्वश्रेष्ठ रेडर थीं। उनकी शादी प्रशांत (जस्सी गिल) से होती है। जया शादी के बाद भी कबड्डी खेलना जारी रखती हैं। उन्हें डेढ़-दो साल बाद एशिया कप में टीम की अगुआई करनी है। इस बीच वह गर्भवती हो जाती हैं।

जया सोचती हैं कि वह बच्चे को जन्म देने के बाद फिर से फील्ड में लौटेंगी। वह बेटे को जन्म देती हैं, लेकिन तभी उन्हें पता चलता है कि उनके बेटे का इम्यून सिस्टम बहुत कमजोर है, इसलिए उसे खास देखभाल की जरूरत है। ऐसे में जया अपने सपने को तिलांजलि देकर बेटे की परवरिश में जुट जाती हैं। वह रेलवे की नौकरी (भोपाल) करते हुए घर-गृहस्थी में ही रम जाती हैं।

एक दिन जया का बेटा उससे बहुत नाराज हो जाता है। दरअसल, जया बेटे के स्पोर्ट्स डे पर नहीं पहुंच पाईं थीं। इसके बाद उसे अपने पापा से पता चलता है कि उसकी खातिर ही मम्मी ने अपने सबसे प्यारी चीज कबड्डी को छोड़ दिया था। इस पर बेटा और पापा जया के कमबैक की मुहिम में जुट जाते हैं। इसी दौरान, जया के साथ कबड्डी खेल चुकी मीनू (ऋचा चड्ढा) का ट्रांसफर भोपाल होता है। कमबैक में वह भी जया की मदद करती है। फिल्म में कंगना कमबैक करती हैं और भारत को एशिया कबड्डी चैंपियन बनाती हैं।

बता दें कि पंगा की रिलीज से पहले एक इंटरव्यू में कंगना ने कहा था, ‘मुझे लगता है कि यही मेरी जिंदगी का फंडा भी है। मैं अपने दिल की सुनती हूं कि क्या सही है। मैंने कम उम्र में घर छोड़ दिया था। मुझ पर हुक्म चलाने वाला कोई नहीं रहा। मैंने 17 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। तभी से में पंगा ले रही हूं। हो सकता है कि मेरी हरकतें बचपने वाली रही हों लेकिन मैंने अपने मन के कहे को ही माना।’