महिला वर्ल्ड कप 2022 (Women’s World Cup 2022) के अपने चौथे मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ झूलन गोस्वामी ने इतिहास रचा। वह इंग्लिश ओपनर टैमी ब्यूमोंट को आउट कर 250 वनडे विकेट लेने वाली इतिहास की इकलौती महिला गेंदबाज बनीं। लेकिन इसके बाद उनकी किस्मत ने उनका कुछ खास साथ नहीं दिया। अगर साथ दिया होता तो आज का मुकाबला शायद भारतीय टीम इतनी आसानी से नहीं हारती।
भारतीय टीम ने इस मैच में बल्ले से खास कुछ नहीं किया। पूरी टीम 134 रनों पर सिमट गई थी। इसके बाद भारत की गेंदबाजों ने जमकर पसीना बहाया और इंग्लैंड के लिए दिक्कतें पैदा करना शुरू कर दिया। मेघना सिंह ने अपने पहले ओवर की पहली गेंद पर डैनियल वायट को 1 रन पर आउट किया। इसके बाद तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर झूलन गोस्वामी ने टैमी ब्यूमोंट का विकेट लेकर इतिहास रचा।
अंग्रेजों ने 3 ओवर में 4 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद पारी का 5वां ओवर लेकर आईं झूलन गोस्वामी। इस ओवर की तीसरी गेंद पर नटाली साइवर 4 रन बनाकर खेल रही थीं और झूलन की एक फुल लेंथ डिलीवरी उनके स्टंप पर जा लगी। लेकिन विकेट भारत को नहीं मिल पाया क्योंकि बेल्स गिरी ही नहीं। झूलन समेत पूरी टीम अपने भाग्य पर विश्वास नहीं कर पा रही थी। आईसीसी ने इस वाकिये का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।
इसके बाद नटाली ने 45 रनों की पारी खेली और कप्तान हेदर नाइट (नाबाद 53) के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़कर मैच भारत की पकड़ से दूर कर दिया। अगर उस मौके पर किस्मत ने झूलन गोस्वामी का साथ दिया होता तो इस मैच का नतीजा शायद कुछ और ही होता। इंग्लैंड ने भारत द्वारा दिए गए 135 रन के लक्ष्य को 31.2 ओवर में 6 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
मौजूदा वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की चार मैचों के बाद यह पहली जीत थी। इससे पहले डिफेंडिंग चैंपियन ने लगातार तीन मैच गंवाए थे। वहीं भारतीय टीम की ये दूसरी हार थी। इससे पहले टीम को न्यूजीलैंड ने भी मात दी थी। भारत ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान और वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त दी थी। भारत अंक तालिका में तीसरे और इंग्लैंड छठे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया टॉप पर और पाकिस्तान आखिरी यानी 8वें स्थान पर है।