भारतीय महिला निशानेबाजों ने गुरुवार यानी 4 मार्च 2021 की रात मिस्र की राजधानी काइरो में रजत पदक जीता। कीर्ति गुप्ता, मनीषा कीर और राजेश्वरी कुमारी की भारतीय टीम आईएसएसएफ शूटिंग शॉटगन वर्ल्ड कप के आखिरी दिन महिला ट्रैप निशानेबाजी टीम स्पर्धा के फाइनल में रूस के हाथों हार गई। रूस की महिलाओं ने भारतीय टीम को 6-4 से हराया। इस कारण भारतीय टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) मीडिया की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में 0-4 से पिछड़ने के बाद जोर वापसी की थी। भारतीय टीम ने एक समय मुकाबला 4-4 से बराबर करा लिया था। हालांकि, भारतीय तिकड़ी प्रत्येक टीम के 15 शॉट की अंतिम सीरीज में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई और उसे रजत पदक मिला। इस रजत पदक के साथ भारत ने टूर्नामेंट का अंत दो पदक के साथ किया। इससे पहले पुरुष स्कीट टीम ने कांस्य पदक जीता था। कीर्ति, मनीषा और रजेश्वरी ने कुल 444 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाई।

रूस की टीम क्वालिफाइंग राउंड में सर्वाधिक 463 अंक के साथ स्वर्ण पदक के मुकाबले में खेलने उतरी। क्वालीफाइंग में 25 शॉट के सात दौर हुए जिसमें से पांच एक दिन पहले खेले गए। गुरुवार को तीनों भारतीय महिला निशानेबाजों ने अंतिम दो क्वालीफाइंग दौर में 20 या इससे अधिक का स्कोर बनाया। मनीषा 175 में से 158 अंक के साथ क्वालिफाइंग में शीर्ष भारतीय निशानेबाज रहीं।

हालांकि, पुरुष ट्रैप टीम पदक के मुकाबले में जगह नहीं बना सकी। भारतीय टीम 469 अंक के साथ 11 टीमों में छठे स्थान पर रही। रूस और क्रोएशिया ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाई, जबकि मिस्र और स्लोविया के बीच कांस्य पदक का मुकाबला हुआ।