भारतीय निशानेबाज अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को ब्राजील के रियो डि जेनेरियो में चल रहे आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड कप में 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। इस इवेंट में भारत के खाते में 2 पदक आए। दूसरे पदक का रंग कांसा रहा। इसे सौरभ चौधरी ने जीता।

अभिषेक ने इस साल अप्रैल में बीजिंग में हुए आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता था। वे 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं। सौरभ चौधरी भी टोक्यो ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं।

इस इवेंट के फाइनल में अभिषेक और सौरभ समेत आठ निशानेबाजों ने क्वालिफाई किया था। अभिषेक 244.2 अंक के साथ पहले नंबर पर रहे। सौरभ चौधरी ने 221.9 अंक बनाए। वे तीसरे नंबर पर रहे। रजत पदक तुर्की के इस्माइल केल्स के हिस्से आया। इस्माइल ने फाइनल में 243.1 का स्कोर किया। अभिषेक और सौरभ के पोडियम पर पहुंचने के बाद भारत के इस वर्ल्ड कप में अब कुल 4 पदक हो गए हैं। इनमें 2 स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक है। वह पदक तालिका में शीर्ष पर है।

इस इवेंट में भारत को पहला पदक 20 साल की इलावेनिल वालारिवान ने दिलाया था। उन्होंने गुरुवार को 10 मीटर एयर राइफल में गोल्ड मेडल जीता था। इलावेनिल ने 251.7 का स्कोर कर यह उपलब्धि हासिल की थी। उनका सीनियर वर्ल्ड कप में यह पहला पदक है। इलावेनिल वालारिवान शूटिंग वर्ल्ड कप के इस इवेंट (10 मीटर एयर राइफल) में गोल्ड मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला हैं।

इलावेनिल से पहले अपूर्वी चंदेला और अजंलि भागवत यह उपलब्धि अपने नाम कर चुकी हैं। इलावेनिल के बाद भारत को दूसरा पदक संजीव राजपूत ने दिलाया। उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। संजीव टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाले 8वें भारतीय निशानेबाज हैं। उनसे पहले अंजुम मौद्गिल, अपूर्वी चंदेला, सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा, दिव्यांश सिंह, राही सरनोबत और मनु भाकर ने ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं।