इशान किशन ने नीली जर्सी में हाल ही में इंडिया ए के लिए वापसी की थी। साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक वनडे मैच में उन्होंने अर्धशतकीय पारी भी खेली थी। अब इशान को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के लिए झारखंड की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं कुमार कुशाग्र टीम के उपकप्तान होंगे। साथ ही मुंबई इंडियंस के एक खिलाड़ी को भी इस स्क्वाड में जगह मिली है।

26 नवंबर से 8 दिसंबर तक अहमदाबाद में होने वाले सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट के लिए गुरुवार को झारखंड ने अपना 16 सदस्यीय स्क्वाड घोषित किया। इसमें इशान किशन और कुमार कुशाग्र को कप्तान व उपकप्तान क्रमश: बनाया गया। वहीं मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रॉबिन मिंज को भी इस टीम में जगह मिली है। जबकि विराट सिंह और अनुकूल रॉय जैसे नामी खिलाड़ी भी इस टीम का हिस्सा हैं।

झारखंड का सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के लिए स्क्वाड

इशान किशन (कप्तान-विकेटकीपर), उत्कर्ष सिंह, विराट सिंह, कुमार कुशाग्र (उपकप्तान), रोबिन मिंज, अनुकुल रॉय, पंकज कुमार, बाला कृष्णा, मोहम्मद कोनैन कुरेशी, शुभ शर्मा, अमित कुमार, मनीषी, सुशांत मिश्रा, विकास सिंह, सौरभ शेखर, राजनदीप सिंह।

झारखंड की टीम को इस टूर्नामेंट के लिए ग्रुप डी में रखा गया है। ग्रुप डी में दिल्ली, कर्नाटक, उत्तराखंड, राजस्थान, तमिलनाडु, सौराष्ट्र और त्रिपुरा की टीमें भी शामिल हैं। झारखंड की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना पहला मैच दिल्ली के खिलाफ 26 नवंबर को खेलेगी। इस टूर्नामेंट के एलीट राउंड में कुल 30 टीमें शामिल हैं। मुंबई के लिए रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव भी इस टूर्नामेंट में खेलते नजर आ सकते हैं।

करुण नायर और देवदत्त पडिक्कल की स्क्वाड में एंट्री, टीम इंडिया से 45 महीने से बाहर खिलाड़ी बना कप्तान

कैसा रहा इशान किशन का टी20 में प्रदर्शन?

इशान किशन के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अपने करियर में कुल 206 टी20 मुकाबले खेले हैं। इसमें उनके नाम 5270 रन दर्ज हैं जिसमें चार शतक और 29 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने भारत के लिए 32 टी20 इंटरनेशनल खेलते हुए 796 रन बनाए हैं और छह अर्धशतक इसमें शामिल हैं। आईपीएल में भी इशान 119 मुकाबलों में 2998 रन बना चुके हैं जिसमें एक शतक और 17 अर्धशतक दर्ज हैं। 2025 आईपीएल में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक शतक समेत 354 रन बनाए थे।