IPL Playoff Scenarios 2024: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)को 98 रन से हराकर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)अंक तालिका में 16 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया। राजस्थान रॉयल्स (RR)के भी 16 अंक हैं, लेकिन रनरेट के कारण कोलकाता से पीछे है। लखनऊ और कोलकाता का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय है। तीसरे और चौथे स्थान की टीम के लिए दौड़ तेज हो गई है।
चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के 12-12 अंक हैं। सनराइजर्स ने चेन्नई और लखनऊ से एक मैच कम खेला है। वह सोमवार को मुंबई इंडियंस (MI) से भिड़ेगी और एक जीत उन्हें प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए प्रबल दावेदार बना सकती है। टीम वर्तमान में चौथे स्थान पर है उसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स हैं।
आरसीबी की केवल जीत से नहीं बनेगी बात
ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स 11 मैचों में 10 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2024 में शुरुआत आठ मैचों में से सात गंवाए। इसके बाद लगातार तीन मैच जीतकर शानदार वापसी की। फाफ डु प्लेसिस की टीम अभी भी रेस में है, लेकिन बाकी बचे मैच जीतने होंगे। 14 अंक होने पर अन्य परिणाम अनुकूल रहे और रनरेट बेहतर रहा तो टीम प्लेऑफ में होगी।
मुंबई इंडियंस कर सकती है काम खराब
चेन्नई से हार के बाद पंजाब किंग्स की क्वालिफिकेशन की उम्मीदों को झटका लगा। वह आठ अंकों के साथ 10-टीम लीग में आठवें स्थान पर है। गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के लिए चीजें बहुत निराशाजनक दिख रही हैं क्योंकि वे क्रमशः नौवें और दसवें स्थान पर हैं। टाइटंस के पास फिर भी मौका है। सभी तीन मैच जीतने पर वे 14 अंक तक पहुंच जाएंगी, लेकिन मुंबई लगभग बाहर है। 11 मैचों में केवल छह अंक हैं, लेकिन वह अन्य टीमों का खेल खराब कर सकते हैं।