इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के लिए 12 और 13 फरवरी को खिलाड़ियों की नीलामी होनी है। नीलामी में कुल 590 खिलाड़ी उतरेंगे। आईपीएल प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। नीलामी में सबसे ज्यादा बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए का है। दो करोड़ रुपए के बेस प्राइस में 48 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें से 17 भारतीय हैं, जबकि 31 विदेशी खिलाड़ी हैं।

नीलामी सूची में 20 खिलाड़ी हैं जिनका बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपये है, जबकि एक करोड़ रुपए के ब्रेस प्राइस की सूची में 34 खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी में उतरने वाले कुल 590 खिलाड़ियों में 370 भारतीय हैं, जबकि विदेशी क्रिकेटर्स की संख्या 220 है।

नीलामी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों में साउथ अफ्रीका के पूर्व स्पिनर इमरान ताहिर सबसे उम्रदराज हैं। इमरान ताहिर का जन्म पाकिस्तान के लाहौर में 27 मार्च 1979 को हुआ था।

अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद (Noor Ahmad) नीलामी में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। तीन जनवरी 2005 को जन्में नूर अहमद अफगानिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम के सदस्य हैं। भारतीयों में सबसे बुजुर्ग अमित मिश्रा हैं, जबकि खेरीविस्टो केंसे सबसे कम उम्र के हैं।

IPL: पिछले 14 में से 8 बार विदेशी खिलाड़ियों पर लगी सबसे बड़ी बोली, युवराज सिंह आज भी हैं सबसे महंगे भारतीय

दो करोड़ रुपए बेस प्राइस वाले भारतीय खिलाड़ी

रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद शमी, देवदत्त पडिक्कल, सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा, क्रुणाल पंड्या, हर्षल पटेल, दिनेश कार्तिक, ईशान किशन, अंबाती रायुडू, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल।

दो करोड़ रुपए बेस प्राइस वाले विदेशी खिलाड़ी

मुजीब जादरान, एश्टन एगर, नाथन कूल्टर-नाइल, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर, जेसन रॉय, लॉकी फर्ग्यूसन, क्विंटन डीकॉक, मैथ्यू वेड, एडम जम्पा, शाकिब अल हसन, मुस्तफिज़ुर रहमान, सैम बिलिंग्स, साकिब महमूद, क्रिस जॉर्डन, क्रेग ओवरटन, आदिल राशिद, जेम्स विंसे, डेविड विली, मार्क वुड, ट्रेंट बोल्ट, मर्चेंट डी लैंग, फाफ डुप्लेसिस, कगिसो रबाडा, इमरान ताहिर, फैबियान एलन, ड्वेन ब्रावो, एविन लुईस।

प्रीति जिंटा के सह मालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स (Punjab Kings) सबसे ज्यादा 23 खिलाड़ियों को खरीद सकती है। वहीं, शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइटराइडर्स (Kolkata Knight Riders) सबसे कम 6 विदेशी खिलाड़ियों को खरीद सकती है। चेन्नई सुपरकिंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइटराइडर्स, मुंबई इंडियंस में 21 खिलाड़ियों की जगह खाली है।

लखनऊ सुपर जॉयंट्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, सनराइजर्स हैदराबाद और टीम अहमदाबाद में 22 खिलाड़ियों की जगह खाली है। विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो पंजाब किंग्स में सबसे ज्यादा 8 जगह खाली हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जॉयंट्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, सनराइजर्स हैदराबाद और टीम अहमदाबाद में विदेशी खिलाड़ियों की 7 जगहें खाली हैं।