IPL Auction 2022: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) का मेगा ऑक्शन समाप्त हो चुका है। दो दिनों में कुल 204 खिलाड़ी टीमों की पसंद बने वहीं बाकी के हाथ निराशा लगी। इस ऑक्शन में 600 खिलाड़ी शामिल थे। इस नीलामी में भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज इशान किशन सबसे महंगे खिलाड़ी रहे जिन्हें मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपए में खरीदा।

ऑक्शन के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला था। इशान के बाद दीपक चाहर 14 करोड़ और श्रेयस अय्यर 12.25 करोड़ रुपए में बिके थे। उनके अलावा 4 अन्य भारतीय खिलाड़ी हर्षल पटेल, शार्दुल ठाकु, प्रसिद्ध कृष्णा और आवेश खान को भी 10 करोड़ या उससे अधिक कीमत पर खरीदा गया था।

दूसरे दिन विदेशी खिलाड़ियों का बोलबाला दिखा। इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन 11.25 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स के साथ जुड़े। वह दूसरे दिन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उनके अलावा मुंबई इंडियंस ने सिंगापुर के टिम डेविड को बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। उम्मीद अनुसार वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को बोलबाला देखने को मिला।

वहीं आखिरी दिन अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में भारत को विश्व विजेता बनाने वाले खिलाड़ियों का भी जलवा दिखा। विश्व चैंपियन टीम के चार खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजीज ने विश्वास जताया। सबसे महंगे राज अंग बावा दिखे जिन पर पंजाब किंग्स ने 2 करोड़ की बोली लगाई। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स ने राजवर्धन हंगरगेकर को 1.50 करोड़ रुपए में खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान रहे यश ढुल को 50 लाख और स्पिनर विक्की ओस्टवाल को 20 लाख में अपने साथ जोड़ा।

Live Updates

IPL 2022 Auction: आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में 204 खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजीज ने किया विश्वास, इशान किशन सबसे महंगे 15.25 करोड़ रुपए में बिके।

 

14:02 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: मयंक मार्कन्डे को मुंबई इंडियंस ने खरीदा

स्पिनर मयंक मार्कन्डे को मुंबई इंडियंस ने 65 लाख रुपए में खरीदा है। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था। इससे पहले वह 20 लाख रुपए में राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े थे।

13:57 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: नाथन कुल्टर नाइल रहे अनसोल्ड

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन कुल्टर नाइल को भी खरीदार पहली बोली में नहीं मिले हैं। वह मुंबई इंडियंस की टीम में पिछले साल शामिल थे।

13:56 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: जयदेव उनादकट को मुंबई इंडियंस ने खरीदा

भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को मुंबई इंडियंस ने 1.30 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ लिया है। वह इससे पहले राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे।

13:54 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: शेल्डन कॉट्रेल रहे अनसोल्ड

कैरेबियाई पेसर शेल्डन कॉट्रेल को पहली बोली के बाद कोई भी खरीदार नहीं मिला है। वह विकेट लेने के बाद अपने सेलिब्रेशन के लिए मशहूर हैं।

13:53 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: नवदीप सैनी को राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा

भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को राजस्थान रॉयल्स ने 2.60 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। इससे पहले आरसीबी में शामिल थे। उन्हें आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में भी जगह मिली थी।

13:48 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: संदीप शर्मा को पंजाब किंग्स ने खरीदा

संदीप शर्मा को पंजाब किंग्स ने 50 लाख के बेस प्राइज पर ही अपने साथ जोड़ लिया है। वह इससे पहले वह सनराइजर्स हैदराबाद के साथ थे और उससे पहले वह पंजाब किंग्स के साथ भी खेल चुके थे।

13:45 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: चेतन साकरिया को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा

भारत के युवा तेज गेंदबाज चेतन साकरिया को दिल्ली कैपिटल्स ने 4.20 करोड़ रुपए में खरीदा है। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था। पिछले साल ही उन्होंने भारत के लिए भी इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

13:38 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: लुंगी एनगिडी रहे अनसोल्ड

साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को किसी भी टीम ने आगामी सीजन के लिए नहीं खरीदा है। पिछली बार वह चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे।

13:36 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: दुश्मंथा चमीरा को लखनऊ ने खरीदा

श्रीलंका के स्टार तेज गेंदबाज दुश्मंथा चमीरा को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 2 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। इसस पहले आईपीएल 2021 में वह दूसरे चरण के लिए आरसीबी के साथ जुड़े थे। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था।

13:32 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: खलील अहमद को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा

दिल्ली कैपटिल्स ने भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद को 5.25 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। इससे पहले वह सनराइजर्स हैदराबाद में शामिल थे। खलील भारत के लिए भी इंटरनेशनल डेब्यू कर चुके हैं।

13:26 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: इशांत शर्मा रहे अनसोल्ड

भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को पहली बोली में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। पिछले सीजन में वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे लेकिन उन्हें इस बार खरीदार नहीं मिले हैं।

13:13 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: कृष्णप्पा गौतम को लखनऊ ने खरीदा

भारत के ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम को बड़ा नुकसान होते दिखा है। पिछले साल उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 9.25 करोड़ में खरीदा था। इस बार वह सिर्फ 90 लाख रुपए में लखनऊ सुपर जाइंट्स के साथ जुड़ गए हैं।

13:09 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: शिवम दुबे को CSK ने खरीदा

भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे को चेन्नई सुपर किंग्स ने 4 करोड़ रुपए खर्च करके अपने साथ जोड़ लिया है। इससे पहले वह राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था। वह भारत के लिए इंटरनेशनल मंच पर भी खेल चुके हैं।

13:01 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: मार्को यान्सन को SRH ने खरीदा

साउथ अफ्रीका के बॉलिंग ऑलराउंडर मार्को यान्सन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 4.20 करोड़ में अपने साथ जोड़ लिया है। हाल ही में भारत के खिलाफ सीरीज में यान्सन का जलवा देखने को मिला था।

12:59 (IST) 13 Feb 2022
6 करोड़ रुपए में बिके ओडियन स्मिथ

पंजाब किंग्स ने कैरेबियाई ऑलराउंडर ओडियन स्मिथ को 6 करोड़ रुपए में खरीदा। ओडियन स्मिथ को खरीदने के लिए कई टीमों ने बोली लगाई।

12:47 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: एक करोड़ 40 लाख में बिके विजय शंकर

क्रिस जॉर्डन अनसोल्ड रहे। अपनी अगुआई में तमिलनाडु को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी दिलाने वाले विजय शंकर को गुजरात टाइटंस ने 1.40 करोड़ रुपए में खरीदा।

12:44 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: नीशम नहीं बिके, गुजरात के हुए जयंत

न्यूजीलैंड के जेम्स नीशम नहीं बिके। वहीं जयंत यादव को गुजरात टाइटंस ने एक करोड़ 70 लाख में खरीदा।

12:42 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: डोमिनिक ड्रेक्स भी बिके

वेस्टइंडीज के डोमिनिक ड्रेक्स को गुजरात टाइटंस ने एक करोड़ रुपए में खरीदा।

12:40 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: दूसरे दिन के पहले 10 करोड़ी बने लियाम लिविंगस्टोन

इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन को पंजाब किंग्स ने 11.50 करोड़ रुपए में खरीदा। वह दूसरे दिन 10 करोड़ रुपए से ज्यादा में बिकने वाले पहले खिलाड़ी हैं। उन पर पहले से ही बड़ी बोली लगने की चर्चाएं थीं।

12:35 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: मनदीप सिंह को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा, इंग्लैंड के टी20 विशेषज्ञ डेविड मलान नहीं बिके

भारत के बल्लेबाज मनदीप सिंह को 1.10 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा। पिछली बार वह पंजाब किंग्स से खेले थे। इंग्लैंड के टी20 विशेषज्ञ डेविड मलान को किसी ने नहीं खरीदा।

12:29 (IST) 13 Feb 2022
मार्नस लाबुशेन भी नहीं बिके

मार्नस लाबुशेन का बेस प्राइस एक करोड़ रुपए था, लेकिन उन पर कोई टीम बोली लगाने के लिए आगे नहीं आई और वह भी अनसोल्ड रह गए।

12:22 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live:ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप जिताने वाले फिंच को भी नहीं मिला खरीदार

एरोन फिंच का बेस प्राइस डेढ़ करोड़ रुपए था, लेकिन उन्हें किसी ने नहीं खरीदा। खास यह है कि उन्होंने हाल ही में अपनी अगुआई में ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाया था वह आईपीएल 2021 में भी नहीं बिके थे। वहीं, चेतेश्वर पुजारा जिनका बेस प्राइस 50 लाख रुपए था, वह भी नहीं बिके।

12:19 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: नहीं बिके इयोन मॉर्गन

इयोन मॉर्गन पहली बोली में अनसोल्ड रहे। उन पर किसी भी टीम ने बोली लगाई। यही नहीं, मुंबई इंडियंस के हिस्सा रहे सौरभ तिवारी भी अनसोल्ड रहे।

12:18 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: एक करोड़ में केकेआर के हुए रहाणे

अजिंक्य रहाणे को कोलकाता नाइटराइडर्स ने उनके बेस प्राइस एक करोड़ रुपए में खरीदा।

12:15 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: सनराइजर्स हैदराबाद के हुए एडेन मार्कराम

दूसरे दिन पहली बोली एडेन मार्कराम पर लगी। उनका बेस प्राइस एक करोड़ रुपए था। उन पर सबसे पहली बोली पंजाब किंग्स ने लगाई। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने उन पर बोली लगाई। पंजाब किंग्स ने फिर उन पर बोली लगाई। सनराइजर्स हैदराबाद ने भी बोली लगाई। इस तरह यह बोली चढ़ते-चढ़ते 2 करोड़ 60 लाख रुपए तक पहुंच गई और वह सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा बन गए। इस बीच एक बार मुंबई इंडियंस ने भी एडेन मार्कराम पर बोली लगाई।

12:00 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: गुजरात टाइटंस को खरीदने हैं अभी कम से कम 8 खिलाड़ी

गुजरात टाइटंस के स्क्वॉड में अब तक शुभमन गिल, जेसन रॉय, हार्दिक पंड्या, राशिद खान, मोहम्मद शमी, लॉकी फर्ग्युसन, नूर अहमद, अभिनव मनोहर, आर साई किशोर और राहुल तेवतिया शामिल हैं। उसके पर्स में 18.85 करोड़ रुपए बचे हैं।

11:54 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: लखनऊ सुपर जायंट्स को खरीदने हैं अभी कम से कम 7 खिलाड़ी

लखनऊ सुपर जायंट्स के स्क्वॉड में अब तक केएल राहुल, क्विंटन डिकॉक, दीपक हुड्डा, मनीष पांडे, मार्कस स्टॉयनिस, जेसन होल्डर, रवि बिश्नोई, क्रुणाल पंड्या, मार्क वुड, आवेश खान और अंकित राजपूत शामिल हैं। उसके पर्स में 6.90 करोड़ रुपए बचे हैं।

11:52 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: राजस्थान रॉयल्स को खरीदने हैं अभी कम से कम 7 खिलाड़ी

राजस्थान रॉयल्स के स्क्वॉड में अब तक देवदत्त पडीक्कल, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, जॉस बटलर, शिमरोन हेटमायर, आर अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा, रियान पराग और केसी करिअप्पा शामिल हैं। उसके पर्स में 12.15 करोड़ रुपए बचे हैं।

11:49 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: सनराइजर्स हैदराबाद को खरीदने हैं अभी कम से कम 5 खिलाड़ी

सनराइजर्स हैदराबाद के स्क्वॉड में अब तक केन विलियमसन, अब्दुल समद, उमरान मलिक, वॉशिंगटन सुंदर, निकोलस पूरन, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, अभिषेक शर्मा, प्रियम गर्ग, श्रेयस गोपाल, राहुल त्रिपाठी, जगदीश सुचित और कार्तिक त्यागी शामिल हैं। उसके पर्स में 20.15 करोड़ रुपए बचे हैं।

11:37 (IST) 13 Feb 2022
IPL Auction Live: पंजाब किंग्स को खरीदने हैं अभी कम से कम 7 खिलाड़ी

पंजाब किंग्स के स्क्वॉड में अब तक शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह, जॉनी बेयरस्टो, राहुल चाहर, शाहरुख खान, इशान पोरेल, जितेश शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और हरप्रीत बरार ही शामिल हैं। उसके पर्स में 28.65 करोड़ रुपए बचे हैं।

आईपीएल मेगा ऑक्शन (IPL Mega Auction 2022) का समापन हो चुका है। सभी 10 टीमों ने कुल 204 खिलाड़ियों को खरीदा। भारतीय बल्लेबाज इशान किशन सबसे महंगे भारतीय और लियाम लिविंगस्टोन सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी रहे। इस ऑक्शन में 600 खिलाड़ी शामिल थे। सभी टीमों के लिए कम से कम 18 और ज्यादा से ज्यादा 25 खिलाड़ियों को खरीदना अनीवार्य था। टीमों ने इस नियम को फॉलो किया और अपने दल को पूरा किया। लखनऊ सुपर जाइंट्स के पास सबसे कम 21 खिलाड़ी मौजूद हैं। मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25-25 अधिकतम खिलाड़ियों को अपने दल में शामिल किया।