IPL Auction 2022: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) का मेगा ऑक्शन समाप्त हो चुका है। दो दिनों में कुल 204 खिलाड़ी टीमों की पसंद बने वहीं बाकी के हाथ निराशा लगी। इस ऑक्शन में 600 खिलाड़ी शामिल थे। इस नीलामी में भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज इशान किशन सबसे महंगे खिलाड़ी रहे जिन्हें मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपए में खरीदा।
ऑक्शन के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला था। इशान के बाद दीपक चाहर 14 करोड़ और श्रेयस अय्यर 12.25 करोड़ रुपए में बिके थे। उनके अलावा 4 अन्य भारतीय खिलाड़ी हर्षल पटेल, शार्दुल ठाकु, प्रसिद्ध कृष्णा और आवेश खान को भी 10 करोड़ या उससे अधिक कीमत पर खरीदा गया था।
दूसरे दिन विदेशी खिलाड़ियों का बोलबाला दिखा। इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन 11.25 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स के साथ जुड़े। वह दूसरे दिन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उनके अलावा मुंबई इंडियंस ने सिंगापुर के टिम डेविड को बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। उम्मीद अनुसार वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को बोलबाला देखने को मिला।
वहीं आखिरी दिन अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में भारत को विश्व विजेता बनाने वाले खिलाड़ियों का भी जलवा दिखा। विश्व चैंपियन टीम के चार खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजीज ने विश्वास जताया। सबसे महंगे राज अंग बावा दिखे जिन पर पंजाब किंग्स ने 2 करोड़ की बोली लगाई। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स ने राजवर्धन हंगरगेकर को 1.50 करोड़ रुपए में खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान रहे यश ढुल को 50 लाख और स्पिनर विक्की ओस्टवाल को 20 लाख में अपने साथ जोड़ा।
IPL 2022 Auction: आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में 204 खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजीज ने किया विश्वास, इशान किशन सबसे महंगे 15.25 करोड़ रुपए में बिके।
वेस्टइंडीज के स्टार तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को गुजरात टाइटंस ने 2.40 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ लिया है। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। उनका बेस प्राइज 75 लाख रुपए था।
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज शॉन एबट को सनराइजर्स हैदराबा ने 2.40 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उन्होंने 108 टी20 मुकाबलों में 134 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका बेस प्राइज 75 लाख रुपए था।
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। उनका बेस प्राइज 75 लाख रुपए था। उनके अलावा भारत के पवन नेगी, श्रीलंका के भानुका राजपक्षे, ऑस्ट्रेलिया के बेन कटिंग और वेस्टइंडीज के रोस्टन चेज भी अनसोल्ड रहे हैं।
लेग स्पिनर प्रशांत सोलंकी को चेन्नई सुपर किंग्स ने 1.20 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 20 लाख रुपए था। वहीं मिधुल सुधेशन को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है।
चामा मिलिंद को आरसीबी ने 25 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ लिया है। उनका बेस प्राइज 20 लाख रुपए था। वहीं मयंक यादव, युवराज चुडासामा और तेजस बरोका के ऊपर किसी भी टीम ने विश्वास नहीं जताया है।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बेन ड्वारशुइस और भारत के पंकज जसवाल पहली बोली में अनसोल्ड रहे हैं। वहीं मोहसिन खान को 20 लाख के बेस प्राइज पर लखनऊ सुपर जाइंट्स ने खरीद लिया है।
मुकेश चौधरी को चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 लाख के बेस प्राइज पर अपने साथ जोड़ लिया है। वहीं रसिक डार को केकेआर ने 20 लाख के बेस प्राइज पर खरीदा है।
अनकैप्ड तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा को पंजाब किंग्स ने 2 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 20 लाख रुपए था। उन्होंने 12 टी20 में 6.96 की इकोनॉमी से 12 विकेट अपने नाम किए हैं। पिछली बार वह 20 लाख के बेस प्राइज पर केकेआर के साथ थे।
प्रशांत चोपड़ा, ध्रुव जुरेल और आर्यल जुयाल को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। तीनों का बेस प्राइज 20 लाख रुपए था। यह तीनों अनकैप्ड विकेटकीपर थे।
युवा अनकैप्ड खिलाड़ी सुयश प्रभुदेसाई को आरसीबी ने 35 लाख रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 20 लाख रुपए था। वहीं रमनदीप सिंह, अथर्व टाएडे और बी साई सुदर्शन पहली बोली में अनसोल्ड रहे हैं।
प्रवीण दुबे को दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 20 लाख रुपए था। वहीं पंजाब किंग्स ने 20 लाख के बेस प्राइज पर ही प्रेरक मांकड़ को अपने साथ जोड़ा है।
सिंगापुर के ताबड़तोड़ बल्लेबाज टिम डेविड को मुंबई इंडियंस ने 8.25 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। आईपीएल 2021 में आरसीबी के लिए खेलते दिखे थे। उनका बेस प्राइज 40 लाख रुपए था। लंबा-ऊंचा कद का यह खिलाड़ी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी भी कर सकता है।
शुभ्रांशु सेनापति भारतीय अनकैप्ट बल्लेबाज हैं। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 लाख रुपए के बेस प्राइज पर ही अपने साथ जोड़ लिया है। वहीं अपूर्व वानखेड़े और अथर्व अंकोलेकर को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है।
40 लाख बेस प्राइज वाली टॉम कोलकर कैडमोर को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। उनके अलावा अनकैप्ड इंडियन समीर रिजवी भी अनसोल्ड रहे हैं।
बीबीएल में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद एंड्रूय टाई को यहां पहली बोली में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। इसके अलावा संदीप वॉरियर भी अनसोल्ड रहे हैं। अनकैप्ड तन्मय अग्रवाल पर भी किसी टीम ने विश्वास नहीं दिखाया है।
एडम मिल्ने को चेन्नई सुपर किंग्स ने 1.90 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 1.50 करोड़ रुपए था। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस के साथ खेल चुके हैं। वहीं रीस टॉप्ली अनसोल्ड रहे हैं।
टाइमल मिल्स को मुंबई इंडियंस ने 1.50 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 1 करोड़ रुपए था।
कैरेबियाई खिलाड़ी राजस्थान रॉयल्स ने ओबेड मैकॉय को 75 लाख के बेस प्राइज पर अपने साथ जोड़ लिया है। वहीं फजल फारूखी और सिद्धार्थ कॉल को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज जैसन बैहरडॉर्फ को आरसीबी ने 75 लाख के बेस प्राइज पर ही खऱीद लिया है। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। वहीं नाथन एलिस को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है।
न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में वह खेलते दिखे थे।
अफगानिस्तान के क्रिकेटर रहमानुल्लाह गुरबाज को पहली बोली में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। साथ ही बीबीएल में बल्ले से कमाल करने वाले बेन मैकडरमेट भी अनसोल्ड रेह हैं।
कैरेबियाई ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड को सनराइजर्स हैदराबाद ने 7.75 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 75 लाख रुपए था। हाल ही में कैरेबियन प्रीमियर लीग के दौरान भी वह काफी अच्छा करते दिखे थे।
चेन्नई सुपर किंग्स ने न्यूजीलैंड के मिशेल सैंटनर को 1.90 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 1 करोड़ रुपए था। वह इससे पहले भी इसी टीम का हिस्सा थे।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डैनियल सैम्स को मुंबई इंडियंस ने 2.60 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। हाल ही में बीबीएल में उन्होंने काफी विकेट लिए थे। उनका बेस प्राइज 1 करोड़ रुपए था।
कैरेबियाई ऑलराउंडर शेरफेन रदरफोर्ड को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 1 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज भी 1 करोड़ रुपए था।
साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी ड्वेन प्रिटोरियस को चेन्नई सुपर किंग्स ने 50 लाख रुपए में खरीदा है। उनका बेस प्राइज भी इतना ही था।
ऑलराउंडर जॉर्ज गार्टन को पहली बोली के बाद किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था।
ऋषि धवन को पंजाब किंग्स ने 55 लाख रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था। उन्होंने घरेलू क्रिकेट के इस सत्र में कमाल किया था। चार साल बाद उनकी आईपीएल में वापसी हुई है।
श्रीलंकाई खिलाड़ी चरिथ असलंका को पहली बोली में कोई भी खरीदार नहीं मिला है। उनका बेस प्राइज 50 लाख था और वह अनसोल्ड रहे हैं।
इंग्लैंड के स्टार पेसर जोफ्रा आर्चर आईपीएल 2022 में नहीं खेलेंगे लेकिन भविष्य का ध्यान रखते हुए टीमों ने उनको लेने की जीतोड़ कोशिश की। आखिर में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 8 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए था।
आईपीएल मेगा ऑक्शन (IPL Mega Auction 2022) का समापन हो चुका है। सभी 10 टीमों ने कुल 204 खिलाड़ियों को खरीदा। भारतीय बल्लेबाज इशान किशन सबसे महंगे भारतीय और लियाम लिविंगस्टोन सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी रहे। इस ऑक्शन में 600 खिलाड़ी शामिल थे। सभी टीमों के लिए कम से कम 18 और ज्यादा से ज्यादा 25 खिलाड़ियों को खरीदना अनीवार्य था। टीमों ने इस नियम को फॉलो किया और अपने दल को पूरा किया। लखनऊ सुपर जाइंट्स के पास सबसे कम 21 खिलाड़ी मौजूद हैं। मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25-25 अधिकतम खिलाड़ियों को अपने दल में शामिल किया।
