IPL Mega Auction 2022: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मेगा ऑक्शन का पहला दिन खत्म हो गया है। अब रविवार को दिन में 12 बजे से ऑक्शन शुरू होगा। पहले दिन 74 खिलाड़ी बिके हैं और 23 खिलाड़ी अनसोल्ड रहे हैं। वहीं काव्या मारन की सनराइजर्स हैदराबाद ने सबसे ज्यादा 10 खिलाड़ी आज खरीदे हैं। रविवार को दूसरे दिन दोपहर 12 बजे से आईपीएल ऑक्शन शुरू होगा।

दिन के पहले चरण में ऑक्शनियर ह्यूज एडमीड्स बीच मंच पर ही नीलामी के दौरान गिर गए थे जिसके बाद ऑक्शन रुक गया था। हालांकि, अब उनका स्वास्थ्य बेहतर है लेकिन उन्हें आराम दिया गया था और ऑक्शन को चारू शर्मा ने आगे बढ़ाया।

अभी तक की बोली में इशान किशन सबसे महंगे 15.25 करोड़ में केकेआर के साथ जुड़े हैं। नीलामी में सबसे पहले आज शिखर धवन की बोली लगी। उन्हें 8.25 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स ने खरीदा। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था। दूसरे नंबर पर रविचंद्रन अश्विन की बोली लगी। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 5 करोड़ में खरीदा।

Koo App
There was a time when every cricketer hoped to get a county deal and go to the UK in April to ply his trade. Now every cricketer hopes to come to India in April to play in the IPL. And every auction is a reminder of that, of how the tables have turned ? #Proud #IPLAuction2022

– Wasim Jaffer (@WasimJaffer14) 12 Feb 2022

भारतीय खिलाड़ियों का आज की नीलामी में जलवा देखने को मिला है। इशान किशन के अलावा श्रेयस अय्यर को भी केकेआर ने आज 12.25 करोड़ रुपए में ही खरीदा है। ज्यादातर भारतीय गेंदबाजों को आज के दिन अच्छी रकम मिली है। पांच भारतीय पेसर्स 10 करोड़ या उससे अधिक की कीमत पर बिके हैं।

Live Updates

IPL 2022 Mega Auction Day 1: बेंगलुरु में हुए आईपीएल मेगा ऑक्शन के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का दिखा जलवा, इशान किशन रहे सबसे महंगे खिलाड़ी।

12:51 (IST) 12 Feb 2022
डी कॉक को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने खरीदा

क्विंटन डी कॉक को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 6.75 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ लिया है। सलामी बल्लेबाजी के साथ-साथ साउथ अफ्रीका के डी कॉक विकेटकीपिंग के भी अच्छे विकल्प साबित हो सकते हैं।

12:47 (IST) 12 Feb 2022
7 करोड़ में डु प्लेसिस को आरसीबी ने खरीदा

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर ने फाफ डु प्लेसिस को 7 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ लिया है। विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद डु प्लेसिस ओपनिंग के साथ कप्तानी के भी अच्छे विकल्प हो सकते हैं।

12:43 (IST) 12 Feb 2022
गुजरात टाइटंस के हुए मोहम्मद शमी

गुजरात टाइटंस ने मोहम्मद शमी को अपने साथ जोड़ लिया है। 6.25 करोड़ में हार्दिक पंड्या की टीम ने भारतीय तेज गेंदबाज पर आखिरी बोली लगाई।

12:40 (IST) 12 Feb 2022
श्रेयस अय्यर को 12.25 करोड़ में KKR ने खरीदा

शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स ने 12.25 करोड़ की भारी कीमत पर श्रेयस अय्यर को खरीद लिया है। आज के दिन की अब तक की यह सबसे बड़ी बोली है।

12:39 (IST) 12 Feb 2022
राजस्थान के हुए ट्रेंट बोल्ट, रबाडा को पंजाब ने खरीदा

न्यूजीलैंड के स्टार तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को राजस्थान रॉयल्स ने 8 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ लिया है। वहीं पंजाब किंग्स ने 9.25 करोड़ की भारी कीमत पर कगिसो रबाडा को अपने साथ जोड़ लिया है।

12:25 (IST) 12 Feb 2022
कमिंस की हुई घर वापसी

पैट कमिंस फिर से कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा बन गए हैं। उन्हें फ्रैंचाइजी ने 7.25 करोड़ रुपए में खरीदा।

12:23 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022 Live: जोस बटलर के साथ खेलेंगे अश्विन

दूसरे नंबर पर अश्विन की बोली लगी। मार्की प्लेयर होने के कारण उनका बेस प्राइस भी 2 करोड़ रुपए था। उन पर भी कई टीमों ने रुचि दिखाई। हालांकि, सफलता राजस्थान रॉयल्स को मिली। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 5 करोड़ में खरीदा।

12:16 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022 Live: धवन 8.25 करोड़ रुपए में बिके

नीलामी के लिए पर्ची में सबसे पहले शिखर धवन का नाम निकला। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था। नीलामी 2 करोड़ रुपए से शुरू हुई और यह 8.25 करोड़ रुपए पर खत्म हुई। उन्हें पंजाब किंग्स ने खरीदा।

12:09 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022 Live: नीलामी शुरू

आईपीएल कमिश्नर बृजेश पटेल ने आईपीएल मेगा ऑक्शन के शुरू होने का ऐलान किया। इससे पहले उन्होंने टूर्नामेंट में शामिल दो नई टीमों को स्वागत किया। नीलामी के दौरान सौरव गांगुली, जय शाह, राजीव शुक्ला, प्रज्ञान ओझा भी डॉयस पर मौजूद हैं।

11:55 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022 Live: मुंबई के पास भी हैं सिर्फ 48 करोड़ रुपए

मुंबई इंडियंस ने कप्तान रोहित शर्मा समेत 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। उसने रोहित शर्मा को 16 करोड़, जसप्रीत बुमराह को 12 करोड़, सूर्यकुमार यादव को 8 करोड़ और कीरोन पोलार्ड को 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया है। उसके पर्स से 42 करोड़ रुपए कट चुके हैं। अब उसके पर्स में 48 करोड़ रुपए बचे हैं। उसे इतनी राशि में कम से कम 14 प्लेयर्स खरीदने होंगे।

11:49 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: थोड़ी ही देर में शुरू हो सकती है नीलामी की प्रक्रिया

नीलामी हाल में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और आईपीएल के अन्य पदाधिकारी पहुंच चुके हैं। गौतम गंभीर समेत फ्रैंचाइजीस मैनेजमेंट से जुड़े पदाधिकारी भी नीलामी हॉल में पहुंच रहे हैंं। थोड़ी ही देर में नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

11:43 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: केकेआर को 48 करोड़ में खरीदने होंगे कम से कम 14 खिलाड़ी

कोलकाता नाइटराइडर्स पहली टीम है जिसने दो विदेशी खिलाड़ियों को रिटेन किया है। शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली केकेआर ने विदेशी खिलाड़ी के तौर पर आंद्रे रसेल और सुनील नरेन को रिटेन किया। इसके अलावा उसने वरुण चक्रवर्ती और वेंकटेश अय्यर को भी रिटेन किया है। उसने इन खिलाड़ियों को रिटेन करने में 42 करोड़ रुपए खर्च किए। अब उसके पर्स में अब 48 करोड़ रुपए बचे हैं।

11:22 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: चार साल बाद मेगा ऑक्शन, जानिए किस टीम ने कितने को किया रिटेन

आईपीएल का यह मेगा ऑक्शन चार साल बाद हो रहा है। पिछला मेगा ऑक्शन 2018 में हुआ था। हालांकि, पहले यह 2021 में होना था, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण बीसीसीआई ने इसे टाल दिया था। इस बार नीलामी में 10 टीमें हैं। नीलामी से पहले प्लेयर मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपरकिंग्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स ने 4-4 खिलाड़ियों को रिटेन किया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने 3-3 खिलाड़ी रिटेन किए। पंजाब किंग्स ने सिर्फ 2 खिलाड़ी रिटेन किए हैं। दो नई फ्रेंचाइजीस ने भी 3-3 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है।

11:06 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: ये हैं आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक सैलरी पाने वाले खिलाड़ी

केएल राहुल 17 करोड़: लखनऊ सुपर जायंट्स – आईपीएल 2022

विराट कोहली 17 करोड़: कोहली से 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर द्वारा इतनी राशि में करार किया गया था।

क्रिस मॉरिस 16.25 करोड़: मॉरिस को राजस्थान रॉयल्स ने 2021 में 16.25 करोड़ में खरीदा था। यह नीलामी के जरिए किसी आईपीएल खिलाड़ी को दी गई अब तक की सबसे अधिक राशि है।

10:59 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: नीलामी से ठीक पहले प्रक्रिया में बदलाव

नीलामी से ठीक पहले प्रक्रिया में बदलाव किया गया। आज कम से कम 97 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। अगर समय बचा तो यह संख्या 106 से 116 तक जा सकती है। पहले 18 सेट यानी 161 खिलाड़ियों पर बोली लगने की बात कही गई थी। आज जितने खिलाड़ियों पर बोली लगेगी, उसके बाद 161 खिलाड़ियों तक कल धीरे-धीरे बोली लगेगी। उसके बाद बाकी बचे खिलाड़ियों के लिए एक्सलरेटेड बिडिंग प्रोसेस अपनाया जाएगा। इस प्रक्रिया में खिलाड़ी पर बोली के लिए ज्यादा वक्त नहीं लिया जाता है। ऑक्शन की जिम्मेदारी ह्यूज एडमीड्स पर है।

10:36 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: राइट टू कार्ड का नहीं होगा इस्तेमाल

आपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में पुरानी टीमें राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगी। दरअसल, इस सीजन टूर्नामेंट में 8 की जगह 10 टीमें हैं। दो नई टीमें लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस हैं। उनके आने के बाद आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने राइट टू मैच कार्ड को नीलामी में शामिल नहीं किया। यदि यह इसे लागू किया जाता तो नई टीमों को घाटा उठाना पड़ सकता था।

10:22 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: श्रेयस अय्यर पर हो सकती है पैसों की बारिश

नीलामी से पहले महेंद्र सिंह धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स), विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) और रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस) को उनकी टीमों ने रिटेन किया। अब इन टीमों की नजरें मध्यक्रम के बल्लेबाजों, स्पिनर्स और ऑलराउंडर्स पर होंगी। दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमें बड़ा दांव लगा सकती हैं।

09:55 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: पहले दिन होगी 161 खिलाड़ियों की नीलामी

आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 के पहले दिन यानी 12 फरवरी को 161 खिलाड़ियों की नीलामी की जाएगी। बाकी खिलाड़ियों की नीलामी 13 फरवरी को होगी। पहले दिन बड़े नामों पर टीमें अपना दांव लगाएंगी। नीलामी के दौरान मार्की खिलाड़ियों के और भी कई खिलाड़ी भारी-भरकम रकम में बिक सकते हैं।

09:44 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022:टीमों को पूरा करना है न्यूनतम 18 खिलाड़ियों का कोटा

टीमों को अपने स्क्वाड में न्यूनतम 18 खिलाड़ियों का कोटा पूरा करना है। ऐसे में अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों की भी लाटरी निकलने की काफी संभावना है। पिछले साल पर्पल कैप जीतने वाले हर्षल पटेल का बेस प्राइस दो करोड़ रुपए है। सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में दूसरे स्थान पर रहे आवेश खान का बेस प्राइस 20 लाख रुपए है। हालांकि, फ्रैंचाइजीस उन पर करोड़ों की बोलिया लगा सकती हैं। घरेलू क्रिकेटर्स में शाहरुख खान, नितीश राणा और राहुल त्रिपाठी पर भी टीमों की नजरें होंगी।

09:33 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: यहां जानिए किस टीम के पर्स में हैं कितने पैसे

पंजाब किंग्स: 72 करोड़ रुपए

सनराइजर्स हैदराबाद: 68 करोड़ रुपए

राजस्थान रायल्स: 62 करोड़ रुपए

लखनऊ सुपर जाएंट्स: 59 करोड़ रुपए

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 57 करोड़ रुपए

गुजरात टाइटंस: 52 करोड़ रुपए

मुंबई इंडियंस: 48 करोड़ रुपए

चेन्नई सुपरकिंग्स: 48 करोड़ रुपए

कोलकाता नाइटराइडर्स : 48 करोड़

दिल्ली कैपिटल्स: 47.5 करोड़ रुपए

08:44 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: दीपक हुड्डा पर भी लग सकती है बड़ी बोली

आईपीएल नीलामी के लिए जब 590 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई थी, तब तक दीपक हुड्डा अनकैप्ड खिलाड़ी थे। मतलब उन्होंने कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला था। हालांकि, नीलामी होने से पहले उन्होंने तीन वनडे इंटरनेशनल मैच खेले। अब उनकी कैटेगरी बदल गई है। इस कारण उनका बेस 40 से बढ़कर 75 लाख रुपए हो गया है। अपने तीनों वनडे में दीपक हुड्डा का प्रदर्शन अच्छा रहा। ऐसे में उन पर अच्छी बोली लग सकती है।

08:19 (IST) 12 Feb 2022
इस कारण चूके अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के हीरो

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के उपकप्तान शेख रशीद, विकेटकीपर दिनेश बाना, रवि कुमार, निशांत सिंधु, अंगकृष रघुवंशी, मानव पारख, गर्व सांगवान, सिद्धार्थ यादव, आराध्य यादव जैसे खिलाड़ी नीलामी में जाने के योग्य नहीं हैं। नीलामी के नियमों के मुताबिक, अंडर-19 के केवल वे खिलाड़ी ही ऑक्शन में नामांकन कर सकते हैं, जिन्होंने कम से कम एक प्रथम श्रेणी मैच या लिस्ट ए मैच खेल खेला है। अगर उन्हें घरेलू सर्किट का कोई अनुभव नहीं है, तो उन्हें नीलामी से पहले 19 साल का हो जाना चाहिए था।

08:05 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: 11 बजे तक नीलामी हॉल में पहुंचे सभी फ्रेंचाइजीस: बीसीसीआई

बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजीस को सुबह 11 बजे तक नीलामी हॉल में पहुंचने के लिए कहा है। नीलामी मार्की सेट के साथ शुरू होगी। दस खिलाड़ियों का मार्की सेट है। लगभग हर फ्रेंचाइजी या आईपीएल स्टेकहोल्डर्स का मानना है कि मार्की सेट में मोस्ट वांटेड खिलाडयों को शामिल किया गया है। मार्की सेट में शामिल खिलाड़ियों के नाम रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, पैट कमिंस, क्विंटन डीकॉक, शिखर धवन, फाफ डुप्लेसिस, श्रेयस अय्यर, कगिसो रबाडा, मोहम्मद शमी और डेविड वार्नर हैं।

आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में दोनों दिन मिलाकर दस टीमों (मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जॉयंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स) के बीच 600 क्रिकेटर्स की बोली लगेगी। मेगा ऑक्शन से पहले पुरानी 8 टीमों ने 27 खिलाड़ी रिटेन किए। वहीं, दो नई टीमों ने तीन-तीन खिलाड़ी चुने। आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 के लिए 1214 खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया था। इसमें 896 भारतीय और 318 विदेशी खिलाड़ी थे। हालांकि, अंतिम सूची में 590 खिलाड़ी ही शामिल किए गए। इसके बाद बीसीसीआई ने नीलामी से एक दिन पहले 10 और खिलाड़ियों को सूची में शामिल किया। पहले दिन 74 खिलाड़ी बिके और 23 खिलाड़ी अनसोल्ड रहे।