इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) यकीनन दुनिया की सबसे प्रसिद्ध टी20 लीग है। हालांकि, इसका विवादों से भी पुराना नाता रहा है। 2008 में टूर्नामेंट के पहले सीजन से लेकर आईपीएल 2019 तक कोई न कोई विवाद जरूर हुआ है। हम यहां ऐसे ही कुछ विवादों के बारे में चर्चा करेंगे, जो मीडिया की काफी सुर्खियां बन चुके हैं। इसमें शाहरुख खान का वानखेड़े स्टेडियम में पांच साल तक के लिए बैन और टूर्नामेंट के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की रातों-रात कुर्सी छिनना भी शामिल है।
आईपीएल 2012 के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक शाहरुख खान के वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश करने पर 5 साल तक के लिए रोक लगा दी गई थी। वानखेड़े स्टेडियम मुंबई इंडियंस का घरेलू मैदान है। बॉलीवुड सुपरस्टार ने टूर्नामेंट के एक मैच के बाद कथित तौर पर स्टेडियम के सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौच की थी। टूर्नामेंट के दौरान कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना मैच जीता था। इसके बाद शाहरुख खान को अपने बच्चों और उनके दोस्तों को मैदान में प्रवेश करते देखा गया।
इस पर एक बुजुर्ग सुरक्षाकर्मी ने उन्हें जाने से रोक दिया। शाहरुख को सुरक्षाकर्मी की यह बात नागवार गुजरी। वह सुरक्षाकर्मी से उलझ गए। कथित तौर पर उन्होंने उसके साथ गाली-गलौच भी की। नतीजतन, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने शाहरुख पर अगले पांच साल के लिए स्टेडियम परिसर में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया। शाहरुख ने लाख कोशिश की उन पर यह बैन नहीं लगे, लेकिन उनकी एक नहीं चली।
यह सभी जानते हैं कि वह ललित मोदी ही थे, जिनकी पहल पर आईपीएल की 2008 में शुरुआत हुई। टूर्नामेंट के 2 सीजन तक सब कुछ सामान्य था। उनके लिए समस्या 2010 में शुरू हुई। उन्हें 2010 में तीन कारण बताओ नोटिस दिए गए। इन नोटिसों में उन पर गोपनीयता समझौते को भंग करने, प्रसारण सौदों में वित्तीय अनियमितता और नीालामी में धांधली का आरोप लगाया गया था। नीली आंखों वाला यह शख्स एक झटके में ही बोर्ड की नजरों में हीरो से विलेन बन चुका था।
शायद यही वजह रही है कि आईपीएल कमिश्नर की उनकी कुर्सी रातों-रात चली गई। जैसे ही 2010 के आईपीएल सीजन का समापन हुआ, ललित मोदी को आईपीएल कमिश्नर के पद से बर्खास्त कर दिया गया। उसी साल सितंबर में ललित मोदी अपने परिवार की सुरक्षा के खतरे का हवाला देते हुए इंग्लैंड चले गए। तब से वह भारत नहीं लौटे हैं। आईपीएल का यह संस्थापक अब इंग्लैंड में ही रहता है।
