आईपीएल 2022 (IPL 2022) मेगा ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के अनकैप्ड तेज गेंदबाज यश दयाल को गुजरात टाइटंस ने 3.20 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। उनका बेस प्राइज 20 लाख रुपए था। आरसीबी ने भी उन्हें खरीदने के लिए जीतोड़ कोशिश की थी। लेकिन क्या आपको पता है कि गुजरात ने जिस गेंदबाज पर 15 गुना से ज्यादा पैसे लगाए वह हैं कौन?
यश दयाल का जन्म 13 दिसंबर 1997 में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुआ था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए 2018-19 के लिए लिस्ट ए में डेब्यू किया और विजय हजारे ट्रॉफी में 2018 में उन्होंने अपना पहला मैच खेला था। इसके बाद उसी साल नवंबर में अपना पहला फर्स्ट क्लास मैच खेला था। फिर अगले साल उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू किया था।
भारत की सीनियर टीम के साथ बायो-बबल में थे मौजूद
24 वर्षीय यश दयाल ने हाल ही में भारत की सीनियर टीम के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले बायो-बबल में भी वक्त गुजारा था। लेकिन बीसीसीआई द्वारा रणजी ट्रॉफी की घोषणा के बाद उन्हें घरेलू टीम के लिए रिलीज कर दिया गया था। वहीं तीन साल पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ भी ट्रायल्स में समय बिताया था।
यश दयाल वह तेज गेंदबाज हैं जो लगातार 140 या उससे अधिक की रफ्तार में गेंदबाजी कर सकते हैं। इस साल विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 3.77 की इकोनॉमी और 17.35 की औसत से 14 विकेट अपने नाम किए थे। उन्हें अपने इस प्रदर्शन का फल मिला है और अब वह हार्दिक पंड्या की टीम के साथ नजर आएंगे। इस टीम में उन्हें आशीष नेहरा से भी उपयोगी टिप्स मिलेंगे।
आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में कई युवा खिलाड़ियों का बोलबाला देखने को मिला है। यश दयाल के अलावा वैभव अरोड़ा को भी 2 करोड़ से ज्यादा पर खरीद गया है। वहीं अंडर-19 वर्ल्ड कप की विजेता टीम के 4 खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजीज ने विश्वास जताया है। इशान किशन इस नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी रहे जिन्हें मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ में खरीदा था। इसके बाद दीपक चाहर 14 करोड़ में चेन्नई और श्रेयस अय्यर 12.25 करोड़ में कोलकाता के साथ जुड़े।