IPL 2022 Mega Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2022 से पहले 12 और 13 फरवरी को मेगा ऑक्शन है। मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स ने 4 खिलाड़ियों (ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और एनरिक नॉर्ट्जे) को रिटेन किया है।

दिल्ली कैपिटल्स के पर्स में अब 47.5 करोड़ रुपए बचे हैं। उसे इतनी ही राशि में अधिकतम 21 खिलाड़ी खरीदने हैं। मुंबई इंडियंस ने 4 खिलाड़ियों (रोहित शर्मा, जसप्रती बुमराह, सूर्यकुमार यादव, कीरोन पोलार्ड) को रिटेन किया है। उसके पर्स में 48 करोड़ रुपए हैं। उसे भी अधिकतम 21 खिलाड़ी खरीदने हैं।

दोनों ही टीमों को कड़े रिटेंशन नियमों के कारण अपने कई खिलाड़ियों को रिलीज करना पड़ा था। ऐसे में मेगा नीलामी में दोनों ही टीमें निश्चित रूप से उनमें से कुछ को हासिल करना चाहेंगे। यहां हम उन 5 सलामी बल्लेबाजों की चर्चा करेंगे, जिन पर रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस और ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स दोनों ही बड़े दांव लगा सकती हैं। इस सूची में शिखर धवन और क्विंटन डीकॉक भी शामिल हैं।

शिखर धवन (Shikhar Dhawan)

शिखर धवन आईपीएल 2019 से दिल्ली कैपिटल्स के साथ रहे। उन्होंने पिछले तीन साल में 1726 रन बनाए और इस दौरान 12 अर्द्धशतक और दो शतक बनाए। उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए जिस तरह की निरंतरता दिखाई है, उसे देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स उन्हें फिर से अपना बनाना चाहेगी।

शिखर धवन आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उनके 192 मैच में 5784 रन हैं। अगर दिल्ली कैपिटल्स शिखर धवन को खरीदने में सफल रही, तो धवन शानदार प्रदर्शन करने के अलावा टीम में युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने में अहम भूमिका भी निभा सकते हैं।

एरोन फिंच (Aaron Finch)

एरोन फिंच ऑस्ट्रेलिया के सफेद गेंद वाले कप्तान हैं और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को अपना पहला टी20 विश्व कप खिताब भी दिलाया। उनकी हालिया उपलब्धियां नीलामी में उन्हें खरीदने की कोशिश में जुटीं फ्रैंचाइजीस का ध्यान आकर्षण कर सकती हैं।

एरोन फिंच इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स समेत आठ फ्रैंचाइजी के लिए खेल चुके हैं। हालांकि, उन्हें आईपीएल में नियमित मौके नहीं मिले हैं। दिल्ली कैपिटल्स उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल करने की कोशिश कर सकती है।

मैथ्यू वेड (Matthew Wade)

रोहित शर्मा के साथ बतौर साथी सलामी बल्लेबाज मुंबई इंडियंस के लिए मैथ्यू वेड एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के पास टी20 क्रिकेट खेलने का काफी अनुभव है। वह बिग बैश लीग (BBL) का नियमित तौर पर हिस्सा हैं। उनकी गिनती शीर्ष क्रम के आक्रामक सलामी बल्लेबाज के रूप में होती है।

उन्होंने टी20 विश्व कप 2021 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराने में ऑस्ट्रेलिया की ओर से अहम भूमिका निभाई थी। वह विकेटकीपर भी हैं। इस प्रकार वह एक समय में दो भूमिकाएं निभा सकते हैं। मुंबई को भी एक विकेटकीपर की जरूरत है। मैथ्यू वेड दोनों भूमिकाएं बखूबी निभा सकते हैं।

क्विंटन डीकॉक (Quinton de Kock)

क्विंटन डीकॉक उन खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें कड़े रिटेंशन नियमों के कारण मुंबई को रिलीज करना पड़ा था। उन्होंने आईपीएल 2019 और 2020 में 500 से अधिक रन बनाए थे। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2019 का खिताब भी जीता था।

उस सीजन डीकॉक मुंबई इंडियंस के शीर्ष स्कोरर रहे थे। डीकॉक मुंबई इंडियंस के कोर ग्रुप के सदस्य थे। फ्रैंचाइजी भी उनकी वापसी के लिए उत्सुक होगी। वह ओपनिंग के साथ विकेटकीपिंग की भी भूमिका निभाते हैं। मुंबई इंडियंस के लिए वह रन-बैंक साबित हो सकते हैं।

मिशेल मार्श (Mitchell Marsh)

मिशेल मार्श अच्छी फॉर्म में हैं। वह टी20 विश्व कप फाइनल में मैन ऑफ द मैच रहे थे। उन्होंने वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ भी तब रन बनाए, जब टीम के अन्य बल्लेबाजों को क्रीज पर टिके रहने के लिए संघर्ष करना पड़ा। वह शीर्ष चार में कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं और फिनिशर की भूमिका भी निभा सकते हैं।

मिशेल मार्श के साथ एकमात्र मुद्दा यह है कि वह चोटिल बहुत होते हैं। चोटिल होने के कारण ही वह आईपीएल 2020 और 2021 समेत टूर्नामेंट के अन्य कुछ सीजन में भी खेलने से चूक चुके हैं। अगर वह पूरे टूर्नामेंट फिट रहने का वादा करते हैं तो दिल्ली कैपिटल्स समेत कई टीमें उन्हें खरीदने की कोशिश करेंगी।