इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का ऑक्शन 16 दिसंबर को होना है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने सोमवार (17 नवंबर) को अगले सीजन के लिए कप्तान का ऐलान कर दिया है। पैट कमिंस लगातार तीसरे साल काव्या मारन की फ्रेंचाइजी की कमान संभालेंगे। सनराइजर्स ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर कमिंस के अगले सीजन भी कप्तान होने की पुष्टि की। काव्या मारन की टीम 2016 में खिताब जीती थी। वह 9 साल का सूखा खत्म करना चाहेगी।
कमिंस की कप्तानी में सनराइजर्स ने आईपीएल 2024 का फाइनल खेला था, लेकिन आईपीएल 2025 में टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। टीम छठे नंबर पर रही थी। ऐसे प्रदर्शन के बावजूद कमिंस की कप्तानी पर शायद ही खतरा हो। हालांकि, सनराइजर्स के आईपीएल 2026 के लिए कमिंस को कप्तान बनाने का ऐलान इस बात की पुष्टि है कि ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम के कप्तान उपलब्ध रहेंगे।
कमिंस पीठ की चोट से जूझ रहे हैं
पीछे कई मौकों पर कंगारू खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए फिट रहने के लिए आईपीएल से दूरी बनाई है। ध्यान रहे कि कमिंस पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। इसके कारण वह इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के पहले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। 32 साल का यह खिलाड़ी पीठ की चोट से अपने करियर की शुरुआत में काफी परेशान रहा था।
25.5 करोड़ रुपये के साथ ऑक्शन में उतरेगी सनराइजर्स
आईपीएल 2025 ऑक्शन से पहले मोहम्मद शमी,अभिनव मनोहर,अथर्व तायडे और सचिन तायडे समेत 8 खिलाड़ियों को रिलीज किया है। उसने 15 खिलाड़ियों को रिटेन किया। टीम मिनी ऑक्शन में 25.5 करोड़ रुपये के साथ उतरेगी। वह अधिकतम 10 खिलाड़ी अपने साथ जोड़ सकती है।
सनराइजर्स हैदराबाद स्क्वाड
15 खिलाड़ी रिटेन | 6 विदेशी | 10 स्लॉट खाली | कुल खर्च: 99.50 करोड़ रुपये | शेष राशि: 25.50 करोड़ रुपये|
अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, ब्राइडन कार्स, इशान मलिंगा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, हेनरिक क्लासेन, इशान किशन, जयदेव उनादकट, कामिंदु मेंडिस, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस, स्मरण रविचंद्रन, ट्रेविस हेड, जीशान अंसारी।
