इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 59वें मैच में यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। राजस्थान रॉयल्स के लिए दोनों ने 2.5 ओवर में ही 51 रन की साझेदारी पूरी की। आईपीएल 2025 में किसी टीम की ओर से यह सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नाम थे। पंजाब किंग्स ने हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बेंगलुरु में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 3-3 ओवर में अपने अर्धशतक पूरे किये थे।

यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी अगर 2.3 ओवर में अर्धशतक बना लेते तो राजस्थान रॉयल्स 2 साल पहले बनाया गया अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने में सफल हो जाती। आईपीएल में सबसे कम गेंद में अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम ही है। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2023 में ईडन गार्डन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 2.4 ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया था।

पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में यशस्वी जायसवाल 25 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और एक छक्का लगाया। वैभव सूर्यवंशी 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 15 गेंद में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

आईपीएल 2025 में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट (न्यूनतम 50 गेंद का सामना करने वाले बल्लेबाज ही शामिल) वैभव सूर्यवंशी का ही है। वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में अब तक 89 गेंद में 219.10 के स्ट्राइक रेट से 195 रन बनाए हैं।

आईपीएल के किसी एक संस्करण में 1 से 6 ओवर में सबसे ज्यादा रनरेट

  • सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2024 में 11.17 के रनरेट से रन बनाए।
  • कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2024 में 11.07 के रनरेट से रन बनाए।
  • राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2025 में 11 के रनरेट से रन बनाए।
  • दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2024 में 10.67 के रनरेट से रन बनाए।
  • पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 में 10.20 के रनरेट से रन बनाए।

IPL 2025 में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाज (न्यूनतम 50 गेंद खेलने वाले ही शामिल)

  • 219.10 का स्ट्राइक रेट: वैभव सूर्यवंशी (89 गेंद में 195 रन)।
  • 200.98 का स्ट्राइक रेट: निकोलस पूरन (204 गेंद में 410 रन)।
  • 193.75 का स्ट्राइक रेट: टिम डेविड (96 गेंद में 186 रन)।
  • 190.37 का स्ट्राइक रेट: प्रियांश आर्या (187 गेंद में 356 रन)।
  • 186.04 का स्ट्राइक रेट: अब्दुल समद (86 गेंद में 160 रन)।