इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025)में केएल राहुल ने रविवार (30 मार्च) को दिल्ली कैपिटल्स (DC)के लिए डेब्यू किया। उन्हें समीर रिजवी की जगह दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग 11 में शामिल किया गया। दिल्ली कैपिटल्स ने 30 लाख बेस प्राइस वाले मेरठ के खिलाड़ी को 95 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, आईपीएल 2024 में ही उन्होंने डेब्यू कर लिया था। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल 2024 में वह 8 मैच खेले और सिर्फ 51 रन बना पाए। उन्होंने सिर्फ 43 गेंद का ही सामना किया था।

आईपीएल 2024 में समीर रिजवी ने स्पिन के खिलाफ अपने आक्रामक रवैये के लिए ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर राशिद खान को छक्का जड़ दिया था। उन्होंने राशिद को एक और छक्का जड़ा था। दाएं हाथ के सुरेश रैना कहे जाने वाले समीर ने उत्तर प्रदेश लीग 2024 में शानदार प्रदर्शन किया।

समीर रिजवी का उत्तर प्रदेश लीग 2024 में प्रदर्शन

कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी ने 13 मैच की 13 पारियों में 42.63 के औसत और 152.76 के स्ट्राइक रेट से 469 रन बनाए। वह लीग में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 3 अर्धशतक जड़े थे। इसमें 31 चौके और 32 छक्के लगाए थे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 136 रन बनाने के बाद उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में नहीं चुना गया था।

अंडर-23 वनडे स्टेट ए टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन

समीर रिजवी ने इसके बाद अंडर-23 वनडे स्टेट ए टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 8 दिन में 2 दोहरा शतक और 2 शतक ठोके थे। उत्तर प्रदेश के कप्तान समीर रिजवी ने छह पारियों के बाद 52 चौकों और 64 छक्कों की मदद से 728 रन बनाए थे। रिजवी ने 27, नाबाद 137, 153, नाबाद 201, 8 और नाबाद 202 रन बनाए।