दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर इंडियन प्रीमियर लीग में जीत के साथ शुरुआत की है। लखनऊ सुपर जायंट्स जो एक समय पर जीत के काफी करीब था वह आखिरी ओवर में मैच हारा। इस जीत का बड़ा श्रेय आशुतोष शर्मा को जाता है जिन्होंने दिल्ली के अपने पहले ही मैच में मैच विनर की भूमिका निभाई। इस खिलाड़ी ने जीत के बाद पूर्व भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन को याद किया।
आशुतोष शर्मा का तूफानी खेल
आशुतोष शर्मा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे। टीम की स्थिति उस समय बहुत अच्छी नहीं थी। उन्होंने आते ही अटैकिंग खेल दिखाया। उन्होंने 31 गेंदों में 66 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 5 छक्के और 5 चौके जमाए। 212 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं। आखिरी ओवर में उनके बल्ले से विजयी छक्का निकला। दिल्ली कैपिटल्स को 15 गेंदों पर 38 रन और 2 विकेट की जरूरत थी। ऐसे में आशुतोष शर्मा ने 6,4,6,2,6,4,6 रन बनाए और दिल्ली कैपिटल्स के लिए मैच जीत लिया।
शिखर धवन को समर्पित किया अवॉर्ड
आशुतोष शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। उन्होंने अवॉर्ड जीतने के बाद कहा, “पिछले साल से सबक लिया। पिछले सीजन में कई मौकों पर खेल खत्म करने से चूक गया। पूरे साल मैंने ध्यान केंद्रित किया और इसकी कल्पना की। मुझे विश्वास था कि अगर मैं आखिरी ओवर तक खेलूंगा, तो कुछ भी हो सकता है। विप्रज ने अच्छा खेला। मैंने उसे बल्लेबाजी जारी रखने के लिए कहा। वह दबाव में बहुत शांत था। मैं यह अवॉर्ड अपने गुरु शिखर पाजी को समर्पित करना चाहता हूं।”
पंजाब किंग्स के लिए किया था डेब्यू
आशुतोष पिछले साल आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए शिखर धवन की कप्तानी में खेले थे। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने उन्हें पिछले साल आईपीएल में डेब्यी का मौका दिया और पंजाब स्थित फ्रैंचाइज़ी के लिए अपने पहले सीज़न में, आशुतोष ने 11 मैचों की नौ पारियों में 189 रन बनाए।