लखनऊ सुपर जायंट्स के स्टार बल्लेबाज निकोलस पूरन ने टी20 क्रिकेट में छक्के लगाने का बड़ा रिकॉर्ड दर्ज किया। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ के अपने पहले मैच में विशाखापत्तनम में सोमवार 24 मार्च को डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम पर लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए निकोलस पूरन ने टी20 क्रिकेट में 600 छक्के पूरे किए।

वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन टी20 क्रिकेट में 600 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल अपने नाम यह उपलब्धि दर्ज करा चुके हैं। खास यह है कि ये तीनों भी वेस्टइंडीज से हैं।

निकोलस पूरन पिछले कुछ समय से टी20 में शानदार फॉर्म में हैं। निकोलस पूरन ने आईपीएल 2025 में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने पहले मैच में तूफानी रुख दिखाया। इस मैच से पहले निकोलस पूरन ने टी20 क्रिकेट में 384 मैच की 358 पारियों में 599 छक्के लगाए थे। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में निकोलस पूरन 30 गेंद में 6 चौके और 7 छक्के की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए। अब उनके टी20 क्रिकेट में 385 मैंच की 359 पारियों में 606 छक्के हो गए हैं।

1 ओवर में दूसरी बार ठोके 25 से ज्यादा रन

निकोलस पूरन ने ट्रिस्टन स्टब्स के ओवर में 28 रन बनाए। उन्होंने आईपीएल में दूसरी बार एक ओवर में 25 या उससे ज्यादा रन बनाए। इस लिस्ट में सबसे ऊपर क्रिस गेल का नाम है। गेल ऐसा 7 बार कर चुके हैं। उनके बाद ऋषभ पंत हैं, जिन्होंने 4 बार यह उपलब्धि अपने नाम की है। हार्दिक पंड्या, पैट कमिंस, जोस बटलर 3-3 बार ऐसा कर चुके हैं। वहीं, रोहित शर्मा, डेविड मिलर, शेन वाटसन, कीरोन पोलार्ड, मोईन अली, सुनील नरेन, रजत पाटीदार, विल जैक्स और जेक-फ्रेजर मैकगर्क भी 2-2 बार ऐसा कर चुके हैं।

मौजूदा दशक में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

निकोलस पूरन मौजूदा दशक में टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने इस दशक में अब तक 247 पारियों में खेली हैं और 443 छक्के लगाए हैं। उनके बाद आंद्रे रसेल का नंबर है। रसेल ने 203 पारियों में 330 छक्के लगाए हैं। एलेक्स हेल्स ने 252 पारियों में 316 छक्के लगाए हैं। टिम डेविड ने 229 पारियों में 299 छक्के लगाए हैं। लियाम लिविंगस्टोन 192 पारियों में 295 छक्के लगा चुके हैं।