इंडियन प्रीमियर लीग 2025 शुरू होने में एक हफ्ते से भी कम समय है। इससे पहले डिफेंडिंग चैंपियंस कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बड़ा झटका लगा है। आईपीएल में सबसे तेज गेंद करने वाला भारतीय गेंदबाज टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। जम्मू एक्सप्रेस के नाम से मशहूर उमरान मालिक इस साल खेलते नजर नहीं आएंगे। उनकी जगह चेतन साकरिया को कोलकाता की टीम में शामिल किया गया है।

उमरान मालिक को लेकर इंडियन प्रीमियर लीग की वेबसाइट पर अपडेट जारी की गई है। उमरान को चोटिल बताया गया है, लेकिन कौन सी चोट है यह जानकारी नहीं दी गई है। सकारिया ने एक वनडे और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और 19 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 20 विकेट लिए हैं। बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज सकारिया 75 लाख रुपये में केकेआर में शामिल हुए।

150 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंद

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 2022 के सीजन में शानदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने 14 मैचों में 22 विकेट चटकाए। वह 150 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंद करने की काबिलियत रखते हैं। वह 157 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की गेंद कर चुके हैं। 2022 के प्रदर्शन ने उमरान को भारतीय टीम में पदार्पण का मौका भी दिलाया। हालांकि, गेंद के साथ अनुशासन की कमी और चोटों के कारण उमरान का करियर पटरी से उतर गया। वह धीरे-धीरे भारतीय टीम से बाहर होते गए और फिर आईपीएल से भी बाहर हो गए।

उमरान को कूल्हे में फ्रैक्चर हुआ था

उमरान 2024-25 के घरेलू सत्र की शुरुआत में दलीप ट्रॉफी खेलने वाले थे, लेकिन डेंगू से पीड़ित होने के कारण नहीं खेल पाए। उसके बाद उनके कूल्हे में फ्रैक्चर हो गया। मलिक ने अब तक आठ टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 10.48 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट लिए हैं।

आईपीएल 2024 के बाद नहीं खेले इमरान

25 वर्षीय मलिक ने आईपीएल 2024 के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है, तब उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सिर्फ एक मैच खेला था। सकारिया खुद चोट से उबरे हैं। वह आखिरी बार फरवरी 2024 में सौराष्ट्र के लिए रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान प्रतिस्पर्धी स्तर पर खेलते दिखे थे। वह 2024 में भी कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे।