इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के 68वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 27 रन से हराकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)ने प्लेऑफ में जगह बना ली। चेन्नई को जीत के लिए आखिरी ओवर में 35 रन चाहिए थे। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे 17 रन ही चाहिए थे। महेंद्र सिंह धोनी और रविंद्र जडेजा जैसे कद्दावर खिलाड़ी क्रीज पर थे। ऐसे में फाफ डुप्लेसिस ने यश दयाल को गेंद थमाई। यश को गेंदबाजी करते देख सबको आईपीएल 2023 का कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच मैच याद आ गया।
इस मैच में रिंकू सिंह ने यश दयाल को लगातार 5 छक्के जड़कर कोलकाता को असंभव जीत दिला दी थी। तब रिंकू काफी नए थे। उन्होंने अपनी पहचान बनाना शुरू किया था। यश की पहली गेंद पर धोनी ने छक्का जड़ा तो हर कोई सोचने लगा कि 17 रन नहीं 35 रन भी बन सकते हैं। इसके बाद कहानी में ट्विस्ट आया। यश ने अगली गेंद पर धोनी को पवेलियन भेजा। फिर शार्दुल ठाकुर क्रीज पर आए। चेन्नई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए 4 गेंद पर 11 रन चाहिए थे। इस गेंद पर कोई रन नहीं आया। चौथी गेंद पर सिंगल आया।
इस तरह यश दयाल हीरो बन गए
रविंद्र जडेजा स्ट्राइक पर थे। वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। चेन्नई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए आखिरी 2 गेंद पर 10 रन चाहिए थे। जितना दबाव जडेजा पर था उतना ही दबाव यश पर भी था। पिछले साल गुजरात के खिलाफ फाइनल में चेन्नई को आखिरी 2 गेंद छक्का और चौका लगाकर जीत दिलाने वाले जडेजा इस बार कमाल नहीं कर पाए। यश दयाल की दोनों गेंदों को वह छू भ नहीं सके। इस तरह यश दयाल हीरो बन गए।
आरसीबी ने 5 करोड़ रुपये में खरीदा
यश दयाल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2024 से पहले ऑक्शन में 5 करोड़ रुपये में खरीदा था। आरसीबी ने इस रकम को वसूल लिया। ऑक्शन में यश पर 5 करोड़ रुपये लुटाने पर आरसीबी की खूब आलोचना हुई थी। इसका कारण रिंकू के 5 छक्के थे। यश दयाल की जब भी बात होती रिंकू वे 5 छक्के जरूर याद दिलाए जाते। शायद आरसीबी के प्लेऑफ में पहुंचने के बाद ऐसा न हो? यश को चेन्नई जैसी टीम, जडेजा और धोनी जैसे बल्लेबाजों के खिलाफ ‘करो या मरो’ मैच में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए याद किया जाए।