आईपीएल 2024 के लिए गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस में चले जाने के बाद शुभमन गिल ही कैप्टेंसी की रेस में सबसे आगे चल रहे थे। आखिरकार गुजरात फ्रेंचाइजी की ओर से आधिकारिक घोषणा कर दी गई कि शुभमन गिल आईपीएल के अगले सीजन के लिए टीम के कप्तान होंगे।

कप्तान बनकर गर्व महसूस कर रहे शुभमन गिल

टीम के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने कप्तानी को लेकर कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं और गर्व महसूस कर रहा हूं। मैं खुद पर विश्वास जताने के लिए फ्रैंचाइजी को धन्यवाद कहना चाहता हूं। हमारे दो सीजन शानदार रहे और मैं टीम को लीड करने और शानदार क्रिकेट खेलने के लिए उत्साहित हूं’।

हार्दिक पंड्या गए मुंबई इंडियंस

बता दें कि रविवार को हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में चले गए थे। मुंबई ने आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड करते हुए 15 करोड़ में हार्दिक को अपने साथ जोड़ा था। हार्दिक ने करियर की शुरुआत इसी टीम के साथ की थी। साल 2021 में वह लीग में पहली बार शामिल हुई गुजरात टाइटंस में बतौर कप्तान जुड़े थे। उनके रहते हुए टीम दो बार फाइनल में पहुंची और एक बार चैंपियन भी बनी।

विक्रम सोलंकी ने शुभमन गिल की तारीफ की

टाइटंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट विक्रम सोलंकी ने कहा, ‘शुभमन गिल ने बीते दो सालों में काफी ग्रोथ दिखाई है। हमने उन्हें केवल एक बल्लेबाज ही नहीं बल्कि एक लीडर के तौर पर भी परिपक्व होते हुए देखा है। उन्होंने 2022 और 2023 में फील्ड पर टीम के लिए काफी कुछ किया है।’