इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए दिनेश कार्तिक ने सोमवार (25 मार्च) को मैच फिनिश किया। उन्होंने 10 गेंद पर 28 रन ठोक दिए। पंजाब के पास सैम करन और अर्शदीप सिंह दो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज थे। कार्तिक का बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ शानदार है। 2019 के बाद से बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार है।

कार्तिक ने आईपीएल 2019 से बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ 147 गेंद पर 51.50 की औसत और 210.20 की स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए हैं। इसमें 31 चौके और 19 छक्के शामिल हैं। कार्तिक का सैम करने के खिलाफ रिकॉर्ड भी शानदार है। उन्होंने 25 गेंद पर 65 रन बनाए हैं। 260 का स्ट्राइक रेट है। उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए हैं। केवल एक बार आउट हुए हैं।

कार्तिक का डेथ ओवर्स में 203.27 की स्ट्राइक रेट

कार्तिक इस मैच जिताऊ पारी के बदौलत आईपीएल में डेथ ओवर्स में 2022 के बाद से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस पारी के साथ, चेन्नई में जन्मे इस खिलाड़ी ने डेथ ओवर्स (17-20 ओवर) में 203.27 की स्ट्राइक रेट से 372 रन बनाए हैं। वह राजस्थान रॉयल्स (RR) के बल्लेबाज शिम्रोन हेटमायर से पीछे हैं जिन्होंने 197.42 की स्ट्राइक रेट से 383 रन बनाए हैं।

रिंकू सिंह भी लिस्ट में

शीर्ष पांच सूची में अन्य तीन बल्लेबाज कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के रिंकू सिंह हैं, जिन्होंने 195 की स्ट्राइक रेट से 351 रन बनाए हैं। मुंबई इंडियंस (MI) के टिम डेविड ने 207.14 की स्ट्राइक रेट से 290 रन बनाए हैं। पांचवें नंबर पर गुजरात टाइटंस (GT) के बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड मिलर हैं, जिन्होंने 161.01 की स्ट्राइक रेट से 285 रन बनाए हैं। बेंगलुरु ने पंजाब को रोमांचक मैच में 4 विकेट से हरा दिया।